पुलिस के शिकंजे में नवादा का आतंक नवीन सिंह

0

नवादा : नवाद का आतंक और हत्या, अपहरण, आर्म्स एक्ट, रंगदारी जैसे दर्जनों मामलों में वांक्षित कुख्यात नवीन सिंह को पुलिस ने बुधवार को वारिसलीगंज के चैनपुरा गांव से धर दबोचा। उसके पास से दो देसी कट्टे, तीन कारतूस और आठ मोबाइल बरामद किया गया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
मालूम हो कि जिले में पिछले कई दिनों से अचानक अपराध का ग्राफ बढ़ गया था। पुलिस की पड़ताल में नवीन सिंह का नाम सामने आया। रोह में रंगदारी के लिए उसके साथियों ने ही गोली चलाई थी। लूट, डकैती जैसे कई मामलों में उसकी संलिप्तता सामने आ रही थी। एसपी ने उसे काबू करने के लिए एक टीम बनाई जिसने चैनपुरा गांव में छापेमारी कर घर से ही नवीन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके मोबाइल को खंगाल रही है ताकि अन्य घटनाओं का पता चल सके।

फिरौती के लिए छात्र को अगवा कर मार डाला था

2012 में शहर के 12 वर्षीय छात्र अभिषेक अग्रवाल की फिरौती के लिए अपहरण कर हत्या का भी नवीन सिंह पर आरोप है। नगर थाना में 3-4 व वारिसलीगंज, कादिरगंज, काशीचक व शाहपुर ओपी के अलावा उस पर गया, नालंदा, बोकारो और पटना जिले के कई थानों में मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है। नवीन पर गोविंदपुर थाना के लखपत बीघा ग्राम में बालू घाट पर दुलार यादव के सहयोग से पोकलेन मशीन जलाने का भी आरोप है। वह पिछले साल सात जून को भी गिरफ्तार हुआ था। छह महीने जेल के बाद उसे जमानत मिल गई थी जिसके बाद वह फरार हो गया

swatva

रोह की घटना से जुड़ रहे तार

रोह बाजार में रंगदारी के लिए अपराधियों ने छड़-सीमेंट विक्रेता के स्टाफ को गोली मार दी थी। युवक को चिंताजनक हालत में नवादा सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया था। एसपी के अनुसार, नवीन सिंह के साथियों ने ही युवक को गोली मारी थी। इसी के बाद से ही छानबीन की जा रही थी।

क्या कहते हैं नवादा के एसपी?

जिले में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए हमेशा से प्रयास रहा है। लूट, डकैती समेत कई वारदातों में नवीन सिंह का नाम सामने आ रहा था। रोह में रंगदारी के लिए उसके साथियों ने ही गोली चलाई थी। मामले की जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here