शिवराज ने राहुल को क्यों कहा सबसे बड़ा झूठा?

0
BJP National Vice President Shivraj Singh Chauhan at a press conference in Patna on Friday

पटना। राहुल गांधी दुनिया के सबसे झूठे राजनेता हैं। कांग्रेस पार्टी का इतिहास रहा है कि वह कभी वायदे पूरे नहीं करती। उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहीं। वे बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
शिवराज सिंह ने कांग्रेस के घोषणापत्र की चर्चा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश, छतीसगढ़ व राजस्थान विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने जो वादे किए थे, उसे अब तक पूरा नहीं किया। अब जब लोकसभा का चुनाव आया है, तो फिर से वादों का पुलिंदा लेकर जनता के बीच चली आई है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के वीडियो दिखाकर कहा कि राहुल ने कहा था कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के दस दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। अगर दस दिन के अंदर कर्ज माफ नहीं हुआ, तो मुख्यमंत्री बदल देंगे। लेकिन, आज मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने 106 दिन हो गए, कर्ज माफ नहीं हुआ। उल्टे अब बैंकों द्वारा किसानों को नोटिस थमाए जा रहे हैं कि हर हाल में कर्ज चुकाना है। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश दिखाते हुए कहा कि किसानों को अपने संदेश में कमलनाथ कह रहे हैं कि आमचुनाव के बाद कर्ज माफ किया जाएगा। वे आचार संहिता का बहाना बना रहे हैं, जबकि पहले से चल रही योजनाओं में आचार संहिता आड़े नहीं आता।
राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए उन्होने कहा कि अमेठी में हार के डर से वे केरल के वायनाड से चुनाव लड़ रहे हैं।
चौहान ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में एनडीए पिछली बार से अधिक सीटें जीतेगा। अकेली भाजपा पूर्ण बहुमत प्राप्त करेगी, लेकिन एनडीए के सभी घटकदल मिलकर सरकार बनाएंगे।
खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर चौहान ने कहा कि पार्टी जैसा निर्देश देगी वे करेंगे। पार्टी के आदेश पर ही वे आज बिहार आए हैं। दरभंंगा में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होने गए थे।
इस प्रेस वार्ता में बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे, नंद किशोर यादव, डॉ. सीपी ठाकुर, नीतीश मिश्र उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here