सारण के कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

0

छपरा : सारण जिले में गंगा और सरयू नदियों के जलस्तर में आचानक बढ़ोतरी होने के कारण जनजीवन काफी प्रभावित होने लगा है। सोन नदी में पहले मध्यप्रदेश तथा फिर बिहार में इंद्रपुरी बराज से पानी छोड़े जाने के कारण पानी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। गंगा नदी में सोन से अचानक भारी मात्रा में पानी का बहाव हुआ जिसके कारण सारण में सदर प्रखंड के दियारा क्षेत्र वाली तीन पंचायतों का संपर्क टूट गया। लोग अपने घरों को छोड़ कर मवेशियों के साथ पलायन करने लगे हैं। 2016 में आई बाढ़ की विनाशकारी लीला आज भी लोग याद कर सिहर उठते हैं। तब सारा माल—मवेशी बाढ़ की भेंट चढ़ गए थे। वहीं सदर प्रखंड के मुखिया सुरेंद्र राय ने बताया कि हम लोग महीनों से नाव की व्यवस्था के लिए प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं। लेकिन अब तक कोई व्यवस्था नहीं हो पायी है। ऐसे में भगवान भरोसे हम लोग जी रहे हैं। वहीं नदी के तटीय इलाकों में कटाव के कारण कई गांवों पर संकट की स्थिति आ चुकी है। मुख्यालय से संपर्क टूट गया है जिसमें सिंगाही मूसेपुर पंचायत का निहाला टोला, पूर्वी बलुआ, पश्चिमी बलुआ आदि गांवों का संपर्क टूट गया है और गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here