निखिल समर्थकों ने कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल से की धक्का—मुक्की

0

पटना : पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज पार्टी के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने धक्का—मुक्की की। नाराज कांग्रेसी औरंगाबाद के पूर्व सांसद निखिल कुमार का टिकट काटे जाने के कारण भारी गुस्सा में थे। उन्होंने पैसे लेकर टिकट बेचे जाने का आरोप भी लगाया। आज सदाकत आश्रम में बिहार कांग्रेस चुनाव अभियान समिति की बैठक होनी थी। लेकिन इस बैठक से पहले निखिल कुमार समर्थक कार्यालय के बाहर धरना—प्रदर्शन पर बैठ गए। वे निखिल कुमार के लिए टिकट की मांग करते हुए नरेबाजी करने लगे। इसी बीच जैसे ही बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल उन्हें समझाने आए, कार्यकर्ता भड़क उठे और उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान उन्होंने ‘शक्ति सिंह गोहिल चोर है’ का नारा भी लगाया। मौके पर खुद निखिल कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने भी समर्थकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन समर्थक हंगामा करते रहे।
बाद में निखिल कुमार ने कहा कि औरंगाबाद सीट कटने से काफी दुख है। लेकिन शक्ति सिंह गोहिल के साथ जो धक्कामुकी हुई है वो गलत है। पार्टी ने जो फैसला लिया है मुझे वो स्वीकार है। उन्होंने यह भी कहा कि सीटों का बंटवारा कैसे हुआ ये समझ में नहीं आया। पहले बात 15 सीटों की थी, फिर 13 हुई और आखिर में 9 ही सीटें मिली। सच क्या है, ये मैं नहीं जानता। औरंगाबाद कांग्रेस की पारंपरिक सीट रही है, लेकिन इस बार महागठबंधन में औरंगाबाद सीट हम पार्टी को दे दी गयी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here