नवादा में बने क्वारंटाइन सेंटरों में कराया जा रहा योग, पीने को दिया जा रहा काढ़ा

0
  • नियमित योग व काढ़ा से बढ़ेगी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता

नवादा : जिले के प्रखंडस्तरीय क्वारंटाइन सेंटरो में शरीर की इम्युनिटी पावर बढ़ाने के लिए प्रवासी मजदूरों को सुबह-सुबह योग कराया जा रहा है। चाय की जगह उन्हें काढ़ा पीने को दिया जा रहा है। स्कूलों के शारीरिक शिक्षक मजदूरों को योग के गुर सिखा रहे हैं। अनुलोम-विलोम, पुश अप, सीट अप समेत अन्य प्रकार के योग सिखाए जा रहे हैं।

सिरदला के आदर्श इंटर विद्यालय के शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि योग के दौरान शारीरिक दूरी का पूरा पालन किया जा रहा है। प्रवासी मजदूर भी पूरी दिलचस्पी से योग में शामिल हो रहे हैं। वे कहते हैं कि योग कई प्रकार के रोगों को दूर भगाता है। मजदूरों को सुबह में गिलोय, अदरक आदि से बने काढ़े पीने को दिए जा रहे हैं। इधर, गोविदपुर में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अलखदेव प्रसाद यादव भी मजदूरों को योग करा रहे हैं।

swatva

क्वारंटाइन सेंटरों पर कई प्रकार की गतिविधियां

प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन सेंटरो पर कई प्रकार की गतिविधियां संचालित होगी। मजदूरों को प्रोजेक्टर के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मनरेगा के तहत इच्छुक लोगों को जॉब कार्ड बनाया जाएगा। जल-जीवन-हरियाली योजना, स्वच्छ भारत मिशन, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की जानकारी दी जाएगी। डीएम यशपाल मीणा ने यह आदेश जारी किया है। आपदा मसलन कोरोना, जेई, एईएस आदि के बारे में बताया जाएगा। साथ ही उन बीमारियों से बचाव की भी जानकारी दी जाएगी।

दिनभर का तैयार है खाका

क्वारंटाइन सेंटरो पर रहने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए दिनभर की गतिविधियों का खाका तैयार किया गया है। उसके लिए अधिकारियों व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ताकि सबकुछ समय पर संचालित हो सके। इससे क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे मजदूरों को समय भी बोझिल नहीं लगेगा और आसानी से क्वारंटाइन अवधि भी बीत जाएगा।

क्वारंटाइन मजदूरों ने किया योग का अभ्यास :

कौआकोल के बापू इंटर विद्यालय पाण्डेयगंगौट में क्वारंटाइन मजूदरों के लिए गुरुवार से योग शिविर की शुरुआत की गई। बीडीओ संजीव कुमार झा के निर्देश के बाद लगाए गए शिविर में योग प्रशिक्षक संतोष कुमार उर्फ योगी त्यागनाथ ने मजदूरों को योग के गुर बताए। प्रशिक्षक ने बताया कि योग से मनुष्य का शारीरिक एवं मानसिक विकास तो होता ही है, साथ कई प्रकार की बीमारियों से भी छुटकारा पाया जा सकता है। जरूरत है सिर्फ इसे नियमित अपनाने की। कहा कि योग एक ऐसी प्राकृतिक दवा है जिससे असाध्य से असाध्य रोगों को मात देकर सुखमय जीवन जिया जा सकता है। इसके लिए लोगों में जुनून की आवश्यकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here