बेगूसराय : बेगूसराय से चुनाव लड़ रहे भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने एक और सनसनीखेज बयान देकर खलबली मचा दी है। बेगूसराय में एक चुनावी रैली के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों को कहा कि अगर कब्र के लिए तीन हाथ जगह भी आपको चाहिए तो इस देश में वंदेमातरम गाना होगा और भारत माता की जय कहना होगा। गिरिराज ने कहा कि अगर भारत में रहने वाला मुसलमान ऐसा नहीं करेगा तो यह देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
मालूम हो कि कल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गिरिराज सिंह के लिए चुनाव प्रचार करने बेगूसराय पहुंचे थे। उनकी जनसभा के दौरान ही गिरिराज सिंह ने उक्त बातें कही। बेगूसराय से भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि कुछ लोग बिहार की धरती को रक्तरंजित करना चाहते हैं। सांप्रदायिक आग फैलाना चाह रहे हैं। लेकिन भाजपा न बिहार में और न बेगूसराय की धरती पर ऐसा होने देगी। लेकिन भारत में रहने वाले मुसलमानों अगर क़ब्र के लिए तीन इंच ज़मीन चाहिए तो आपको वंदेमातरम् का गान और भारत माता की जय कहना होगा।अन्यथा देश कभी माफ़ नहीं करेगा।
उधर विरोधियों का कहना है कि जब भी गिरिराज सिंह नीतीश कुमार के साथ मंच साझा करते हैं तब वो सबका साथ, सबका विकास और सांप्रदायिक सद्भाव कायम रखने की बातें करते हैं। लेकिन जब वे अपने मंच पर और अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने बोल रहे होते हैं, तो मुस्लिम समुदाय के लोगों को निशाने पर रखने से नहीं चूकते हैं। स्पष्ट है कि बेगूसराय में मुकाबला त्रिकोणीय होने के नाते उन्हें इस बात का अंदेशा हो गया है कि जबतक सांप्रदायिक ध्रुवीकरण नहीं होगा तब तक चुनाव जीतना आसान नहीं होगा जिसके लिए उन्होंने ऐसे मुद्दे छेड़े हैं।




