जिस दिन सौ करोड़ हिन्दू जाग जाएंगे, उस दिन राममंदिर बन जाएगा :- गिरिराज

0

नवादा : केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि जिस दिन देश के सौ करोड़ हिन्दू जाग जाऐंगे, उस दिन अयोध्या में राम मन्दिर बन जायेगा। जब देश मेरा तो मंदिर किसका होगा। आयोध्या में राममंदिर का निर्माण हर हाल में रामजन्मभूमि पर ही होगा। राममंदिर भाजपा का राजनीतिक एजेंडा नहीं है, परन्तु भाजपा के हर कार्यकर्ता के दिल मे है राममंदिर निर्माण।
मंत्री गिरिराज सिंह लखीसराय से नवादा जाने के क्रम में पकरीबरांवा प्रखण्ड प्रमुख रेणु देवी के आवास पर रुकने के बाद पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर देश में नफरत का बीज बोने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश 1947 में आजाद हुआ। परन्तु आज भी लोगों को आजादी नहीं मिली है। क्योंकि देश में कांग्रेस ने 70 वर्ष शासन किया। इतने दिनों में सिर्फ व्यक्तिवाद और परिवारवाद की राजनीति कांग्रेस ने किया।
बिहार में लालू यादव का बिना नाम लिये हुए इशारों में कहा कि बिहार में एक आदमी अपनी पार्टी को परिवार की प्राइवेट कम्पनी बनाकर जनता को बेबकुफ़ बनाने की कोशिश कर रहा है। जिन पांच राज्यों में चुनाव हुए हैं और बीजेपी को हार का मुंह देखना पड़ा है, उसपर पार्टी आत्मचिंतन कर रही है। पार्टी विकास के नाम पर ही आगामी चुनाव लड़ेगी। अगर कांग्रेस के सुप्रीमो राहुल गांधी में हिम्मत है तो वह विकास के नाम पर चुनाव लड़कर दिखाएं।
कांग्रेस ने जो 70 वर्षों में नहीं किया उससे अधिक कार्य नरेंद्र मोदी ने मात्र 5 वर्षों के अंदर ही कर डाला। जहां पहले प्रतिदिन 4 किलोमीटर पथ का निर्माण होता था, वहां आज 29 किलोमीटर प्रतिदिन पथ का निर्माण हो रहा है। जहां पहले रेलवे लाइन 2 किलोमीटर नहीं बनती थी, आज वहां 9 किलोमीटर प्रतिदिन रेलवे लाइन बन रही है। वर्ष 1963 से देश में गठबंधन का दौर चला जो आज भी चल रहा है।
एनडीए के घटक दल रालोसपा के महागठबंधन में चले जाने से एनडीए को फायदा होगा, वहीं महागठबंधन को नुकसान होगा। क्योंकि भाजपा के साथ विकास का मुद्दा है, बाकी सब साफ हैं। किसानों के लिये अलग से बिजली और खाद की किल्लत को दूर किया गया है। मेरा सुझाव होगा कि देश के किसानों का कर्ज माफ न होकर उसे 0 प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जाए। किसान ही देश की आर्थिक रीढ़ है।
इसके साथ ही उन्होंने नवादा के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि 15 करोड़ की लागत से नवादा का इंडोर स्टेडियम का सौंदर्यीकरण, सेन्ट्रल विधालय, क्युल-गया लाइन का दोहरीकरण व विधुतीकरण, खनवा में चरखा उद्योग आदि वैसे कई प्रमुख कार्य हुए हैं। मौके पर जिला भाजपाध्यक्ष शशीभूषण कुमार बब्लू, पूर्व जिलाध्यक्ष विनय सिंह, प्रखण्ड भाजपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, जदयू युवा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, उपप्रमुख दिनेश सिंह, प्रखण्ड साहू समाज अध्यक्ष श्यामसुन्दर साव, प्रखण्ड भाजपा महामंत्री सुदामा चौहान, विकास कुमार, दिलीप साव, नीरज साव, भगीरथ साव, डार्विन सिंह, पंकज सिंह, मनोज सिंह सहित कई अन्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here