दुर्दांत गैंगस्टर विकास झा कैद से फरार, सुरक्षा के लिए शिफ्ट हुआ था भागलपुर

0

भागलपुर/पटना : बिहार पुलिस का सिरदर्द और दुर्दांत गैंगस्टर विकास झा आज सोमवार को भागलपुर में पुलिस की अभिरक्षा से फरार हो गया। गैंगस्टर विकास झा उत्तर बिहार का आतंक माना जाता है और उसे दरभंगा में इंजीनियर हत्याकांड में सजा हुई थी। सुरक्षा कारणों को लेकर उसे पिछले वर्ष सीतामढ़ी जेल से अति सुरक्षित भागलपुर कैंप जेल में स्थानांतरित किया गया था। यहां वह मायागंज स्थित अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती था, जहां से आज उसके साथी उसे भगा ले गए।

जवान को धक्का दिया, आंख में मिर्ची झोंकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार शौच जाने के बहाने विकास झा ने होमगार्ड जवान को धक्का दे दिया और कैदी वार्ड के बाहर खड़े उसके साथी ने जवान की आंख में मिर्ची झोंक दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अस्पताल के नीचे ही काले रंग की एक पल्सर बाइक लगी हुई थी। उसी बाइक पर सवार होकर विकास झा फरार हो गया। पुलिस के अनुसार सारे घटनाक्रम को एक फुलप्रूफ प्लानिंग के तहत अंजाम दिया गया। इस सिलसिले में पुलिस ने विकास झा की मदद करने वाले उसके फुफेरे भाई आयुष झा को गिरफ्तार किया है।

swatva

दरभंगा में इंजीनियर की हत्या कर मचाई सनसनी

विकास झा को 5 सितंबर 2018 को सीतामढ़ी जेल से भागलपुर कैंप स्थानांतरित किया गया था। उसे माइग्रेन की शिकायत के बाद 8 अगस्त को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसएसपी ने विकास की निगरानी में तैनात सारे पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here