धर्म-अध्यात्म और ‘सबका साथ, सबका विकास’ से भारत बनेगा विश्वगुरु : अश्विनी चौबे

0

बक्सर : केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे आज इंदौर के काशीमपुर गांव पहुंचे जहां पूज्य श्री जीयर स्वामी जी महाराज के चातुर्मास व्रत के अंत में श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का समापन कार्यक्रम था। श्री जीयर स्वामी जी से मिलने और यज्ञ में शामिल होने के पश्चात श्री चौबे ने लाखों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच कहा कि एक इस सदी में भारत विश्वगुरु बनेगा और इसका आधार भारत का धर्म, अध्यात्म और नरेंद्र मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ की संकल्पना होगा।
समापन कार्यक्रम में श्री जीयर स्वामी और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के सदस्य इंद्रेश जी की उपस्थिति में केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, साधु—संतों के आशीर्वाद और हिंदुत्व की महान शक्ति से भारत आगे बढ़ रहा है। हिंदुत्व का तात्पर्य कोई जाति, धर्म, समुदाय से नहीं है। हिंदुत्व एक जीवन शैली है जिसका अनुसरण भारत भूमि पर रहने वाले सभी लोग करते हैं। इसकी महान विचारधारा में जाति जैसी विभाजनकारी छोटे तत्वों का विलोप हो जाता है। हिंदुत्व के अंतर्गत ही आ जाता है सबका साथ सबका विकास। समाज को जोड़ने का काम संत करते हैं। मैं राजनीतिज्ञों से आग्रह करता हूं कि वह समाज को तोड़ने का काम ना करें। अयोध्या में भगवान राम का मंदिर सब के सहयोग से बनेगा। सभी पक्षों को इसमें सहयोग करना चाहिए। चौबे ने इतने बड़े स्तर पर सफलतापूर्वक आयोजन के लिए पूज्य जियरस्वामी जी को बधाई और शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में श्री चौबे के अलावा छेदी पासवान, बलिया के सांसद भरत सिंह और औरंगाबाद के सांसद सुशील सिंह, दीघा के विधायक संजीव चौरसिया, पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया सहित भाजपा के नेता सत्येंद्र कुमार और अनेकों सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

swatva

पटना से कार्यक्रम में भाग लेने हेतु बक्सर आने के क्रम में केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी चौबे का जगह जगह लगभग एक दर्जन जगहों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। देवकुली, ब्रह्मपुर, रघुनाथपुर, बगेन, चौगाईंन, कोरान सराय, इटाढ़ी सहित दर्जनभर स्थानों पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। मंत्री महोदय ने भी सभी स्थानीय लोगों से मिलकर उनका हालचाल जाना और समस्याएं सुनी। कोरानसराय में दयाशंकर तिवारी जी के आवास पर भोजन का कार्यक्रम था जहां भाजपा नेता बलराम पांडे के नेतृत्व में अशोक तिवारी के मार्गदर्शन में स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बैठक भी हुई।

ब्रह्मपुर और रघुनाथपुर में भाजपा नेता सतेंद्र कुमार, रविकांत दुबे और विकेश जी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में मजदूरों-किसानों ने श्री चौबे का स्वागत किया। बक्सर के विभिन्न स्थानों पर नर्मदेश्वर तिवारी, शंभू चौरसिया, शंभू चंद्रवंशी, मुन्ना यादव और लोजपा जिला अध्यक्ष अखिलेश्वर कुमार सिंह ने केंद्रीय मंत्री श्री चौबे का स्वागत किया और साथ में जीयर स्वामी के यज्ञ स्थल की ओर साथ चल पड़े। श्री चौबे ने इस दौरान सभी जगह भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और उनका हालचाल जाना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here