कांग्रेस में बगावत, मधुबनी से निर्दलीय लड़ेंगे शकील अहमद

0

पटना : बिहार में महागठबंधन एक बार फिर मुश्किल में है। ताजा झटका महागठबंधन के घटक दल कांग्रेस में बगावत के रूप में सामने आया है। बिहार से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डा. शकील अहमद ने बागी रुख अख्तियार करते हुए मधुबनी लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। शकील अहमद के इस फैसले से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी बहुत खफा हो गए हैं। डा. शकील मधुबनी सीट से पार्टी का टिकट चाह रहे थे, लेकिन महागठबंधन की ओर से यह सीट सहयोगी वीआईपी पार्टी को चली गयी। इसी बात से नाराज होकर शकील अहमद ने मधुबनी सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता शकील अहमद ने एनआर भी कटवा लिया है। उधर मुकेश साहनी की ​वीआईपी पार्टी ने बद्रीनाथ पूर्वे को मधुबनी से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में शकील अहमद के इस फैसले से महागठबंधन को चुनाव में नुकसाऩ पहुंच सकता है।

वहीं शकील अहमद के इस फैसले की जानकारी जब कांग्रेस आलाकमान को हुई, वे भी उनसे नाराज हो गए। शकील अहमद को यह बता दिया गया है कि अगर मधुबनी सीट पर निर्दलीय लड़ने का फैसला वापस नहीं लेते हैं तो उनके खिलाफ पार्टी एक्शन लेगी।मालूम हो कि आज राहुल गांधी बिहार में चुनावी रैली करने कटिहार आ रहे हैं। इसबीच शकील अहमद की बगावत की खबर ने महागठबंधन में खलबली मचा दी है।

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here