“भाजपा का जवानों—किसानों पर दांव, कांग्रेस देशविरोधियों के साथ”

0

पटना : कांग्रेस देशद्रोह कानून को ख़त्म करने की बात करती है। उसका घोषणापत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ है। जबकि हमारा घोषणा पत्र जवानों के साथ है। उक्त बातें केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब से एनडीए प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद ने भाजपा कार्यालय में प्रेस को संबोधित करते हुए कही।

सोमवार को भाजपा ने दिल्ली में 2019 लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया था। पटना में भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय, कुम्हरार विधायक अरुण सिन्हा और भाजपा बिहार के उपाध्यक्ष देवेश कुमार भी मौजूद थे। श्री प्रसाद ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में कृषि और ग्रामीण विकास पर 25 लाख करोड़ खर्च करने की योजना बनाई है। वहीं उन्होंने राहुल गांधी के भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बहस को लेकर कटाक्ष भी किया।

swatva

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रेस कांफ्रेंस की शुरुआत में ही कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र, सुझाव पेटिका, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भारत की जनता का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 करोड़ घर बनवाए। हमारी सरकार जब 2015 में आई थी तो देश में 65 हवाई अड्डे थे, जबकि अब 101 हैं। इतना ही नहीं, 2022 तक हर जिले में 75 मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे और डॉक्टर-मरीजों के लिए बेहतर व्यवस्था का भी संकल्प लिया गया है। छोटे और सीमांत किसानों को सम्मान राशि के रूप में 6000 सालाना दिए जाएंगे जिसकी पहली किश्त खाते में जमा कर दी गई है। सरकार के मुद्रा योजना के तहत अब तक 17 करोड़ लोगों को लोन दिया गया है, जिसे इस बार और बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं कांफ्रेंस में मौजूद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि संकल्प-पत्र किसानों और महिलाओं के लिए बेहद जुझारू है। इस संकल्प पत्र से देश बढ़ेगा और बिहार भी निश्चित तौर से लाभान्वित होगा। राम मंदिर से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राम मंदिर हमारी आस्था का मामला है न कि चुनावी मुद्दा। हम इसका समाधान संवैधानिक माध्यम से जल्द से जल्द निकालेंगे।

सत्यम दुबे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here