पटना : भारतीय मजदूर संघ ने आज पटना के विश्व संवाद केंद में प्रेसवार्ता करके कहा कि आगामी 8 और 9 जनवरी को कई ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाए गए बंद का भारतीय मजदूर संघ समर्थन नहीं करता है। भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री विनय कुमार ने कहा कि आगामी 8 और 9 जनवरी को कई ट्रेड यूनियनों के द्वारा बुलाए गया बंद पूरी तरह से राजनैतिक है। उन्होंने कहा कि 8 और 9 को जो बंद होने जा रहा है उसमें ट्रेड यूनियनों ने दो नई मांग शामिल की है। पहली मांग है भाजपा हटाओ, देश बचाओ और दूसरी मांग है सोशल हार्मोनी की। अब भाजपा के हटने से या रहने से मज़दूरों का कोई लेना-देना नहीं है। सरकार किसी की हो, जो मज़दूरों के हित में काम करेगा, हम उसके साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि मज़दूरों से आज तक कभी सोशल हार्मोनी नहीं बिगड़ी है तो फिर इस तरह की मांग क्यों? इससे स्पष्ट हो जाता है कि बंद का श्रमिकों के हित से कोई लेना देना नहीं है। राष्ट्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि बहुत से लोगों को ये गलतफहमी न हो कि हमारा संगठन वर्तमान सरकार का समर्थन कर रहा है। भारतीय मजदूर संघ पूरी तरह से मज़दूरों के लिए समर्पित एक गैर-राजनैतिक संस्था है। जो भी मज़दूरों के लिए, श्रमिकों के लिए काम करेगा, हम उसी का साथ देंगे।
भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री उमा प्रसाद वाजपेयी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में मजदूर संघ के जी.संजीवा रेड्डी ने राहुल गांधी को एक पत्र लिखा है। उस पत्र की बातों से स्पष्ट हो जाता है कि 8 और 9 जनवरी को होनेवाला बंद पॉलिटिकली मोटिवेटेड है।
मानस दुबे