बेगूसराय में सीएम नीतीश ने गिरिराज के लिए मांगा वोट

0

पटना : बेगूसराय में एनडीए से भाजपा के उम्मीदवार गिरिराज सिंह के प्रचार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व लोजपा प्रमुख व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने उनके लिए वोट मांगा। मुख्यमंत्री ने एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह के लिए वोट मांगते हुए कहा कि बिहार में इस समय डबल इंजन की सरकार है। केंद्र से बिहार को विकास में भरपूर मदद मिल रही है। यह चुनाव देश की तकदीर बदलने वाला है। इसलिए केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी केे नेतृत्व में एक सशक्त सरकार देश और बिहार के लिए जरूरी है। अत: आप वोट देने जरूर जाएं और एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह को भारी मतों से विजयी बनाऐं। बेगूसराय में चुनाव प्रचार के दौरान गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश और रामविलास पासवान के सामने कहा कि अगर मेरे बयान से वरिष्‍ठ नेतृत्व को आघात लगता है तो मैं इसी मंच से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की भी घोषणा कर दूंगा। साथ ही उन्होंने अपनी अभिव्यक्ति की आजादी भी मांगी। इसके बाद उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि आज वामपंथी बेगूसराय में एक बार फिर सर उठाने की कोशिश कर रहे हैं और हिंदुत्व की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। वे हिंदुओं को गाली दे रहे हैं और घूम-घूमकर हिन्‍दुओं के बीफ खाने और दारु पीने की बात कर रहे हैं जो गिरिराज सिंह सहन नहीं कर सकता।

राजद पर किया जमकर हमला

चुनावी सभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजद पर जमकर हमला किया। सीएम ने कहा कि बिहार में 15 साल तक पति—पत्नी ने राज तो किया, लेकिन काम कुछ नहीं किया। जब पति जेल गए तो पत्नी को सत्ता पर बैठा गए। तब तर्क दिया गया कि महिलाओं के विकास के लिए महिला मुख्यमंत्री होना चाहिए। लेकिन आप ही बताइये कि पत्नी ने महिलाओं के लिए क्या काम किया?

swatva

आज दारूबंदी के लिए ‘मानव श्रृंखला में हाथ पकड़ने वाले क्या-क्या बोल रहे हैं’। हम काम करते हैं, कुछ लोग जुबान चलाते हैं। ऐसे लोग सत्ता में आने के बाद माल बनाते हैं। कहते हैं कि उन्हें फसाया गया है। उन्हें किसी ने नहीं फसाया है। वे लोग सत्ता में सेवा करने नहीं मेवा कमाने आते हैं। मैं आपसे कहता हूं कि आप ऐसी सोच वाले लोगों से सावधान रहिए।

अब बिहार में लालटेन की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राज्य में बिजली की स्थिति क्या थी, सबको पता है। लेकिन अब बिजली की स्थिति सुधरी है। पहले गांव में बिजली के तार पर लोग कपड़ा सुखाते थे। लेकिन अब घर—घर बिजली पहुंच गई है। अब हर घर में बल्ब जलता है लालटेन की जरूरत खत्म हो गई है। हमारा संकल्प है कि हम खेती के लिए अलग से बिजली की सुविधा दें। जिससे किसानों को लाभ मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो।

निरंजन सिन्हा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here