24 मई : चंपारण की मुख्य ख़बरें

0
चंपारण की मुख्य ख़बरें

डीएम ने क्वारंटाइन केंद्र का सर्वे कर रोजग़ार उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

चंपारण : बेतिया, पश्चिम चम्पारण में मनरेगा योजना से कराये जा रहे कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। सभी कार्य पूर्ण पारदर्शी और बेहतर कराए जा रहे हैं। जिससे सरकार की महत्वपूर्ण योजना का शत-प्रतिशत लाभ लाभुकों को मिल सके। उक्त बातें जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने कही। कहा कि क्वारंटाइन कैम्पों में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों व व्यक्तियों का सर्वे शीघ्र पूर्ण करें। स्किल (हुनर) के अनुसार उन्हें मनरेगा योजना में लाभ दिलाना सुनिश्चित करें, पदाधिकारी। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना में निजी जमीनों पर कलस्टर बनाये जाए, जिससे दूसरे व्यक्ति भी प्रेरित होकर लाभान्वित हो सकें।

समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षात्मक बैठक को संबोधित करते हुए, उपर्युक्त निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी कुन्दन कुमार ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अंतर्गत सार्वजनिक, निजी, खेत, तालाब(पोखर) निर्माण कार्य, सार्वजनिक पईन सफाई, तालाब एवं कुआं का सर्वेंक्षण, आवास विभिन्न कार्यों को ससमय पूर्ण करें। उन्होंने सभी (पीओ) परियोजना पदाधिकारियों को लंबित योजनाओं को युद्धस्तर पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि सभी पीओ अपने क्षेत्रान्तर्गत मनरेगा योजना के तहत बेहतरीन माॅडल तैयार करें। डीएम ने मनरेगा कार्यस्थल पर मनरेगा योजना का फ्लेक्सी अधिष्ठापित करने का निर्देश भी दिया।

swatva

जिले में 37 पोखर व पईन की उड़ाही कार्य पूर्ण : डीडीसी

समीक्षा के क्रम में जिला उप विकास आयुक्त रवीन्द्र नाथ प्रसाद सिंह ने बताया कि जल-जीवन-हरियाली अन्तर्गत एक एकड़ तक के तालाब/पोखर की उड़ाही की जा रही है। अभीतक 82 सार्वजनिक तालाब/पोखर की उड़ाही प्रवासी श्रमिकों से करायी जा चुकी है। निजी जमीन पर अबतक कुल-04 खेत पोखर की सफाई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि नये प्राक्कलन पर प्रशासनिक स्वीकृत के उपरांत जिला में अबतक 345 आहर, पइनों सफाई कार्य जारी है। 37 पोखर, पईन की उड़ाही कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

उप विकास आुयक्त ने बताया कि 23 मई तक जिला में 2207 तालाबों एवं 5328 कुंओं का सर्वेक्षण पूर्ण कर लिया गया है। उन तालाबों एवं कुओं के जीर्णोद्धार की कार्रवाई की जा रही है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्रता पूर्वक तालाबों एवं कुंओं का जीर्णोद्धार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया । बताया कि जिला के विभिन्न क्वारंटाइन सेंटरों में रह रहे प्रवासी व्यक्तियों को जाॅब कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। जिससे उन्हें क्वारेंटिन से बाहर जाने के बाद जीविकोपार्जन करने में परेशानी नहीं हो सके। बगहा-01 प्रखंड में 108, बैरिया प्रखंड में 262, बेतिया प्रखंड में 17, भितहां प्रखंड में 235, चनपटिया प्रखंड में 287, गौनाहा प्रखंड में 72, लौरिया प्रखंड में 115, मैनाटांड़ प्रखंड में 108, मझौलिया प्रखंड में 425, नरकटियागंज प्रखंड में 131, नौतन प्रखंड में 53, पिपरासी प्रखंड में 27, रामनगर प्रखंड में 65, सिकटा 190 एवं ठकराहां प्रखंड में 195 जाॅब कार्ड का वितरण शिविर लगाकर क्वारंटाइन कैम्प में बिहार के प्रवासी श्रमिकों को दिया गया है।

शिथिल पदाधिकारियो से शोकाॅज

जिला पदाधिकारी ने कार्य में शिथिलता बरतने के चलते पीओ एवं अन्य पदाधिकारी से शोकाॅज करने का निदेश दिया है। उनके वेतन से 5 से 10 प्रतिशत की कटौती करने का निदेश भी डीएम कुंदन कुमार ने दिया है।

अवधेश कुमार शर्मा

ग्रीन एंड क्लीन ने चलाया सैनिटाइजेशन कार्य,बनाई राशन देने की योजना

चंपारण : वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक संस्था ग्रीन एंड क्लीन ने मोतिहारी शहर के कई इलाके में सेनेटाइजेशन का अभियान चलाया। लोगों को हैंड सेनेटाइज कराया और मास्क बांटे। वहीं दूसरी ओर संस्था ने बड़े पैमाने पर जरूरतमंदों में खाद्य सामग्री वितरित करने की योजना बनाई है।

ग्रीन एंड क्लीन के संस्थापक अध्यक्ष व नगर पार्षद अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 20 सदस्य रविवार की सुबह बेलबनवा कस्टम आॅफिस के पास पहुंचे। वहां दो टीमें बना कर चार मशीनों के द्वारा सेनेटाइजेशन का काम शुरू किया गया। कस्टम आॅफिस से इमानुअल स्कूल और वहां से आगे मस्जिद तक प्रत्येक घर में सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया। डाॅ अतुल कुमार के अस्पताल और सत्याग्रह पार्क स्थित व्यायामशाला को भी सेनेटाइज किया गया। प्रत्येक व्यक्ति का हैंड सेनेटाइज किया गया और मास्क का वितरण किया गया।

इस अभियान में रिटायर शिक्षक अमित सेन, संजय कुमार उर्फ टुन्ना, गुड्डू सहारा, अनिल कुमार, विनय सर्राफ, अर्जुन कुमार, अजय वर्मा, नारायण राम, विवेक वर्मा, विनोद जायसवाल, नारायण राम आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।

राजन दत्त द्विवेदी

गर्भवती महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत, जांच में जुटी पुलिस

  • एक वर्ष पहले ही हुई थी शादी, हत्या की आशंका

चंपारण : पीपराकोठी थाना क्षेत्र के ढेकहा चकरदेय गांव में एक गर्भवती महिला की मौत संदेहास्पद स्थिति में हो गई है। घटना के कारणों की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। घटना रविवार की सुबह की बताई जा रही है। मृतिका ढेकहा चकरदेय गांव निवासी सुरेंद्र महतो की गर्भवती पत्नी आरती देवी है। जिसकी शादी पिछले वर्ष 15 मई को ही हुई थी। बताया जाता है कि उसके मौत के सूचना के बाद ग्रामीणों के द्वारा घटना की सूचना आरती के मायके मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदरहिया गांव निवासी मृतिका के भाई चुनचुन महतो को दिया। सूचना के बाद मायके पक्ष के लोग चकरदेय पहुंचे और उन लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दिया।

पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतिका के गले में जख्म का निशान देखा गया है। बताया जाता है कि घटना के बाद जब मायके वालों ने जब चंदरहिया से चकरदेय पहुंचे तो मृतिका के मायके व ससुराल पक्ष के बीच जमकर विवाद हुआ और ससुराल पक्ष ने मायके पक्ष को घेर लिया बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों के पहल पर मामले को शांत कराया गया।

मृतिका के भाई चुनचुन महतो ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले द्वारा एक लाख रुपये की मांग को लेकर बराबर आरती को प्रताड़ित किया जाता रहा। अंत में रुपये नहीं देने पर इस घटना का अंजाम दिया गया है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मृतिका के गले में जख्म का निशान पाया गया है. पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजन दत्त द्विवेदी

खरीददार नहीं मिलने से परेशान किसान ने सब्जी से पटे खेत की कर दी जुताई

  • लॉकडाउन में भुखमरी के कगार पर सैकड़ों सब्जी किसान

चंपारण : पीपराकोठी, लॉक डाउन हटने के इंतजार में सब्जी से पटे खेत को ही जुतवा दिया। प्रखंड क्षेत्र के सब्जी किसानों पर लॉक डाउन इस प्रकार कहर बन बरपा की औने-पौने भाव में भी कोई खरीददार नही मिला। लाखों का नुकसान सह कर किसान भिंडी व गोभी से पटे खेतों को जुतवा दिया। यहीं हाल प्रखण्ड के लगभग सभी सब्जी की खेती करने वाले किसानों की है। मुर्दाचक के किसान रामचंद्र साह, प्रभु साह, अहमद हुसैन, उपेन्द्र साह, झखरा के जगरनाथ यादव, पीपराकोठी के प्रेमचंद्र साह, बेलवतिया के दुर्गा सिंह आदि किसानों ने प्रति एकड़ एक लाख रुपए का नुकसान बताते हुए कहा कि वे इसकी खेती पर आश्रित रहते हैं। कई किसानों के घर व जीविका सब्जी की खेती से ही चलती है।

प्रखंड में सबसे अधिक मात्रा में टमाटर व कद्दू की खेती की जाती है। बताया कि लॉक डाउन के पहले 25-30 रुपए बिकने वाली कद्दू 10 रुपए बिक रही है। उनका परिवार आज भुखमरी के कगार पर आ गया है। आगे खेती के लिए उनके पास पूंजी का अभाव है। लोगों ने सरकार से मुआवजे की मांग की। केविके प्रमुख डॉ. अरबिंद कुमार सिंह ने बताया कि एफपीओ के माध्यम से करीब एक हजार लोगों को सब्जी बीज वितरण किया गया। किसानों ने परिश्रम व लागत के बल पर अचछी खेती की है। परन्तु लॉकडाउन के कारण फसल की कीमत नही मिल रही हैं। किसान परेशान है।

सोमनाथ

संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक

चंपारण : नौतन, भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर देश में सशक्त संगठन का विस्तार हुआ है। अब कार्यकर्ता के सुख दुःख के साथ-साथ देश के प्रगति की रणनीति तैयार करने की आवश्यकता है।यह बातें रविवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए विधायक नारायण प्रसाद ने कहीं ।बैठक में कोरोना महामारी और लॉकडाउन होने से गरीब मजदूरों और किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। कोरोना महामारी के दौर में सामाजिक दूरी बनाये रखने के दिशा में काम करने पर बल दिया गया है।

विधायक ने बताया कि आज पुरे देश मे फैली कोरोना को लेकर सभी लोग सदमे मे है।प्रधानमंत्री ने हर वर्ग व समुदाय के लोगो को ध्यान मे रखते हुये देश के विकाश की गाथा लिखने का काम किया है।आज सभी वर्गो के लोगो को विशेष पैकेज का लाभ मिल रहा है।मनरेगा योजना से सभी गरीब मजदूरो को रोजगार मुहैया कराया जा रहा है।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने अपने क्षेत्र के जरूरतमंद लोगो की मदद करने की बात कही। मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रूपक लाल श्रीवास्तव,चन्द्रमा सिंह ,रवि कुमार सिंह, अशोक सिंह, अमित तिवारी, गौरी महतो, छोटे लाल कुशवाहा, हरिहर साह, राजकिशोर ठाकुर आदि मौजूद रहे।

प्रदीप दुबे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here