17 जून : आरा जिले की मुख्य खबरें

0

भूमि विवाद में गोली मारी

आरा : पीरो थाना क्षेत्र स्थित पीरो नगर के न्यू स्टेशन रोड में रविवार की शाम भूमि विवाद में हथियार बंद बदमाशों ने पति-पत्नी को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जाता है कि यह घटना रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति के सीने के पास गोली लगी है तथा उनकी हालत काफी गंभीर है। सदर अस्पताल के डॉक्टर ने उन्हें पटना ले जाने की सलाह दी है। बताया जाता है कि हमलावर तीन-चार की संख्या में थे, जो बाइक से आए थे और उन्होंने सात राउंड गोली चलायी। पीरो उदनडीह गांव निवासी संतोष सिंह ने पीरो शहर के न्यू स्टेशन में घर बनवाने के लिए साल 2009 में दो कट्ठा ज़मीन खरीदी थी तथा उस ज़मीन को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। उन्होंने दस जून से उक्त ज़मीन पर बाउंड्री कराना शुरू किया था। रविवार को शाम के समय कार्य बंद होने के बाद संतोष सिंह (45 वर्ष) और उनकी पत्नी सुमन देवी (40 वर्ष) अपनी बाइक से वापस आरा जाने की तैयारी में थे तभी वहां बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस घटना में एक गोली संतोष सिंह के सीने के पास लगी तथा पत्नी सुमन देवी की बांह में गोली लगी है। हमले में घायल सुमन देवी ने बचरी के चन्द्रिका राय व गुड्डू राय समेत अन्य पर हमला किए जाने का आरोप लगाया है।

बदमाशों ने ट्रक चालक के पैर में गोली मारी, पैसे छीने

आरा : कोईलवर थाना क्षेत्र के आरा-छपरा फोरलेन पर जमालपुर के समीप रविवार की सुबह हथियार से लैस बदमाशों ने एक ट्रक चालक के पैर में गोली मार दी। घायल चालक का इलाज आरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि घायल ट्रक चालक 30 वर्षीय अनिल राय सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के बलवन टोला निवासी सत्यदेव राय का पुत्र है। घायल ने बदमाशों पर पैसा छीने जाने का आरोप लगाया है। कोईलवर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि घटना रविवार की सुबह तीन बजे की है तथा चालक से पैसा छीने जाने की बात गलत है। उन्होंने बताया कि कुछ लाइनर नो एंट्री में वाहनों को पास कराते हैं तथा इसके बदले में चालकों से पैसा लेते हैं। चालक खाली ट्रक लेकर सोया हुआ था तभी लाइनर वहां पहुँचे। इसी क्रम में ट्रक खडा करने को लेकर चालक से उनका विवाद हुआ और इसके बाद ही चालक को गोली मारी गई। ट्रक चालक अरूण यादव व अनील यादव का नाम बता रहा है। ये दोनों कोइलवर के मानापुर के रहने वाले हैं। उनके घर छापेमारी की गई है; परन्तु सभी फरार हैं। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
(सुजीत सुमन)

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here