11 अप्रैल : बेगूसराय की मुख्य ख़बरें

0

साहेबपुर कमाल में गिरिराज सिंह का देशद्रोहियों पर हमला

बेगूसराय : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राहतपुर, बरियारपुर, सदानंदपुर, फतेहपुर, भगतपुर, मनसेरपुर, बरियारपुर, कस्बा हुसैना, शादीपुर अम बाजार, मीरअलीपुर, मधुसुदनपुर, विष्णुपुर, ताजपुर, शिवनगर, शाहपुर इत्यादि क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से अपने समर्थन व मजबूत सरकार के निर्माण की अपील करते हुए कहा कि आज गिरिराज सिंह आप सबों के बीच अपनी लड़ाई लड़ने के लिए नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर देश के गद्दारों के साथ लड़ाई लड़ने के लिए आपके सहयोग की आकांक्षा लेकर आपके साथ खड़ा है।  जिस राष्ट्रीय सुरक्षा को नजरअंदाज कर पूर्व की सरकारों ने देश की एकता अखंडता, संप्रभुता पर प्रहार करने का प्रयत्न किया है एवं आतंकवादियों, नक्सलवादियों, अलगाववादियों को समर्थन देकर देश की न्याय व्यवस्था को खोखला करने का काम किया है आज उसी राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आतंकवादियों नक्सलवादियों अलगाववादियों से राष्ट्र को मुक्त कराने के लिए हमारी सरकार पिछले 5 वर्षों से निरंतर प्रयासरत है।  भारत के इसी दृढ़ संकल्प से वैश्विक पटल पर उस की धमक आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ने वाले देशों के तौर पर उद्धरित हुई है, अब आप सभा को केंद्रीय नेतृत्व के इस लड़ाई सहयोग देना है और देश को एक सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण माहौल प्रदान करना है।

पिछले 5 वर्षों में जिस प्रकार से पारदर्शिता पूर्ण कार्यों से देश का गौरव ऊंचा हुआ है विकास के गति को निरंतर बनाए रखने की जिम्मेदारी आप सबों की है, पिछले 5 वर्षों में संपूर्ण राष्ट्र के कोने-कोने में विकास के इतने कार्य हुए हैं कि विकास के मुद्दे पर विपक्ष चुनाव लड़ ही नहीं सकता है इसलिए वह तरह-तरह के हथकंडे अपना कर लोगों को दिग्भ्रमित करने का प्रयत्न कर रहा है। ताकि लोगों में असंतोष की भावना पैदा हो और विकास के कार्य अवरुद्ध हों। इन गांवों में जनसंपर्क के दौरान एनडीए के कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह व जोश देखने को मिल रहा था।

swatva

इस दौरान उनके साथ भाजपा के पूर्व प्रत्याशी अमर कुमार लोजपा के सुरेंद्र विवके, राजेश अम्बष्ट, सुमित सन्नी, धीरज भारद्वाज, सिक्कू सिंह, सौरभ सिप्पी, आयुष ईश्वर, ब्रजकिशोर मेहता, मनीष चौधरी एवं सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थे।

तनवीर हसन का तूफानी जनसम्पर्क

बेगूसराय : महागठबंधन के राजद प्रत्याशी डॉ तनवीर हसन का तुफानी जनसम्पर्क अभियान जारी है। गुरुवार को मटिहानी एवं बेगूसराय सहित बेगूसराय विधानसभा के हर्रख, पोखरिया, हर-हर महादेवचौक, नागदह, सिंहौल, बाघा, बाघी, पचम्बा, फुलकारी, मैदाबभनगामा, सहुरी, नींगा, खम्हार, सथुआ, रजौड़ा, चिलमिल, छपकी, बगबाडा, निंगा, कारीचक, बलुआरा, मिर्जापुर, सहुरी, बभनगामा, रजौड़ा, बगबाडा आदि पंचायतों में मतदाताओं से जनसम्पर्क करते हुए अपील किया कि मैं 40 वर्षो से आपके सेवा में हूं बिना कोई भेदभाव के मैंने जनसरोकारों के कार्य से जुड़कर राजनीतिक आदर्शों पर खड़ा उतरा हूँ, मैं किसी भी तरह के अनैतिक, उन्माद, अलगाव, जाति धर्म, भ्रष्टाचार से समझौता नहीं किया हूँ। मुझे पिछले चुनाव में भी आप सबों ने अपार जन-समर्थन दिया था लेकिन कुछ छदम सेक्युलरवादी ताकत ने वोटों का ध्रुवीकरण करके मुझे हराने का काम किया था। इसबार भी महागठबंधन के पांच दल (राजद,कांग्रेस,रालोसपा,हम,वीआईपी) ने मिलकर मुझे बेगूसराय लोकसभा से प्रत्याशी बनाया है। लेकिन सीपीआई ने भी पुनः विगत लोकसभा जैसी हरकत करके गरीब, दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक के वोटों को तितर बितर करके एनडीए को जीताने का अपरोक्ष रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने मतदाताओं को बताया कि देश में अगर दोबारा मोदी की सरकार होती है तो संविधान खतरे में पड़ जायेगा, लोगों से वोटों के अधिकार भी छीनने की तैयारी है। आम चुनाव बंद हो जायेंगे। उन्होंने मोदी के प्रिय पात्र गिरिराज सिंह पर भी हमला करते हुए बताया कि खुद राष्ट्र एवं संविधान विरोधी कार्य करते हैं दूसरे को पाकिस्तान भेजने का वीजा बांटते हैं। जनसम्पर्क अभियान के दौरान जगह-जगह लोगों की जबरदस्त भीड़ देखी गयी तथा उनके साथ, बुजुर्ग, युवा, नौजवान, महिलाओं की भी अपार जन-समर्थन देखने को मिला है। इस जनसम्पर्क अभियान में बाल्मिकी महतो, अरूण यादव, मो ईरफान, गौशुल, सुधीर यादव, त्रिभूवन महतो, कौशल किशोर ठाकुर, मो जहांगीर, रामकृष्ण पटेल, राजाराम पासवान, अमरजीत पासवान, सहित सैंकड़ों नेता कार्यकर्ता शामिल थे।

 बेगूसराय में बनाए गए 16 सखी मतदान केंद्र

बेगूसराय : बेगूसराय लोकसभा का चुनाव चौथे चरण में यानी 29 अप्रैल को है। इस बार कुल 1944 मतदान केंद्र जिले के सात विधानसभा में बनाए गए हैं। इसके अलावे जिले के कुल 7 विधानसभा क्षेत्र में कुल 16  (सखी) महिला मतदान केंद्र बनाया गया है। जिसे सखी बूथ कहते है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 141 चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र में दो महिला मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें बूथ संख्या 209, मध्य विद्यालय मंझौल उत्तर भाग और दूसरा बूथ 210 मध्य विद्यालय मंझौल, दक्षिणी भाग है। 141 बछवाड़ा विधान सभा क्षेत्र में भी दो महिला मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें बूथ संख्या 290 मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी भगवानपुर पूर्वी भाग और दूसरा 291 मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी भगवानपुर पश्चिमी भाग है। 143 तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में महिलाएं बूथ संख्या 34 ओमर उच्च विद्यालय तेघड़ा पश्चिमी भाग दूसरा 35 ओमर उच्च विद्यालय तेघड़ा मध्य भाग और तीसरा 36 ओमर उच्च विद्यालय तेघड़ा पूर्वी भाग को बनाया गया है। मटिहानी 144 विधानसभा क्षेत्र में 2 महिला बूथ डीएवी स्कूल टाउनशिप के अंदर बनाया गया है। जिसमें बूथ संख्या 106 डीएवी रिफाइनरी टाउनशिप पूर्वी भाग और दूसरा बूथ 107 डीएवी पश्चिमी भाग है। साहेबपुर कमाल 145 विधानसभा क्षेत्र में भी दो महिला बूथ बनाए गए हैं। जिसमें बूथ संख्या 44 मध्य विद्यालय बलिया पूर्वी भाग और दूसरा 45 मध्य विद्यालय पश्चिमी भाग को बनाया गया है। बेगूसराय 146 विधानसभा क्षेत्र में  आयुर्वेदिक महाविद्यालय में 4 महिला बूथ बनाए गए हैं। जिसमें महिला बूथ संख्या 235 आयुर्वेदिक महाविद्यालय बेगूसराय दक्षिणी भवन, दूसरा 236 आयुर्वेदिक महाविद्यालय बेगूसराय दक्षिणी भवन मध्य भाग, तीसरा 237 आयुर्वेदिक महाविद्यालय मध्य भाग बेगूसराय दक्षिणी भवन पूर्वी भाग को बनाया गया है। इसके अलावे बखड़ी 145 विधानसभा क्षेत्र में भी एक महिला बूथ केंद्र बनाया गया है। जिसमें महिला बूथ केंद्र संख्या 157 कन्या मध्य विद्यालय बखड़ी बाजार को बनाया गया है। इस संबंध में पूछने पर एआरो व सदर एसडीएम संजीव कुमार चौधरी व मंझौल अनुमंडल क्षेत्र के एआरो व एसडीएम मंझौल दुर्गेश कुमार ने मीडिया को बताया  कि सभी महिला मतदान केंद्रो पर महिलाएं ही कर्मी तैनात रहेंगी। इसके अलावा महिला बूथ पर पुलिसकर्मी भी महिलाएं ही रहेंगी। उन्होंने बताया कि हम लोगों ने सभी लोकसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से यह मांग किया है कि जहां पर महिला मतदान केंद्र बनाया गया है। उस मतदान केंद्र पर आप लोग भी अपना पोलिंग एजेंट महिला को ही दें। इसके अलावा जहां पर महिला बूथ बनाये गये है। उस बूथ को आकर्षक ढंग से उसे सजाकर मतदान  केंद्र के प्रवेश द्वार से लेकर  मतदान  बूथ तक  कारपेट को लगाया जाएगा। इसके अलावे मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार पर बैलून का सुंदर बना गेट भी रहेगा।  महिला बूथ केंद्र पर पेयजल की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेगी। मतदान केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहेंगे। बिजली, शौचालय के अलावे बूथ पर धूप से बचने के लिए मतदान केंद्र तक शेड की  व्यवस्था रहेगी। महिलाओं के साथ आने वाले मतदान केंद्र पर उनके बच्चों के मनोरंजन के लिए बिग एयर बैलून जंपिंग करने वाला भी बूथ पर लगवाया जाएगा। जिस पर बच्चे चढ़कर, उछलेगे, खेलेगें।

मालूम हो कि इस बार जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रो को मिलाकर कुल 19 लाख 54 हजार 484 मतदाता मतदान में भाग लेगें। जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 39 हजार 818 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 9 लाख 14 हजार 604 है। इसके अलावे थर्ड जनरल मतदाताओं की संख्या 62 है।

पंखे से फंदा लगा की आत्महत्या

बेगूसराय : लोहिया नगर ओपी थाना क्षेत्र निवासी संजीव कुमार के पुत्र रवि कुमार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शाम पांच बजे की है जब रवि ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोग आत्महत्या का कारण प्रेमप्रसंग मानते है जबकि घर वाले इससे इंकार कर रहे है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया है।

 

 

 

निरंजन सिन्हा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here