कोरोना संदिग्ध मरीज को जांच के लिए भेजा गया
सारण : मशरक में कोरोना के सत्रह संदिग्ध मरीज में से चार व्यक्ति को गुरुवार को जांच के लिए सदर अस्पताल भेजे गए। प्रमंडल के पड़ोसी पंचायत में चार दिन पहले कोरोना के नए मरीज मिलने से प्रशासन सख्ती के साथ हरेक प्रखंड क्षेत्र में जांच करवा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर स्वास्थय जांच अभियान के तहत रिपोर्ट में सत्रह लोगों को कोरोना वायरस के लक्षणों से मिलते-जुलते मरीजों की सूची में शामिल लोगों के बेहतर स्वास्थ्य जांच के लिए भेजी गई दो एम्बुलेंस पीएचसी पहुंची।
मौके पर चिकित्सक डॉ चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि घर-घर स्वास्थ्य जांच अभियान में सर्दी, खांसी, बुखार जैसे लक्षणों को जिला स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया जिसमें मशरक प्रखंड में सत्रह लोगों को अभियान के दौरान चिंहित किया गया जिसे बेहतर जांच के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजने के लिए एम्बुलेंस आया है जिन्हें भेजा जा रहा है। वहीं एम्बुलेंस के गांवों में पहुंचने पर हड़कंप मच गया बहुत कोशिश के बाद अस्पताल प्रशासन ने चार लोगों को ही भेजने में सफल हुए। वही अस्पताल प्रशासन ने कहां कि बिना पुलिस प्रशासन के मदद के बिना मरीजों को भेजना मुश्किल है। मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक परवेज रजा, प्रखंड स्वास्थ्य मूल्यांकन पदाधिकारी प्रियाशु प्रकाश,लव कुश कुमार,अरूण सिंह मौजूद रहे।
डोर-टू-डोर सर्वे के लिए दिया गया प्रशिक्षण
सारण : पीएचसी पानापुर के प्रांगण में कोविड 19, का डोर-टू-डोर सर्वे करने हेतु आँगनबाड़ी सेविकाओं, एएनएम तथा स्वास्थ्यकर्मियो को प्रशिक्षण दिया गया। पोलियो माइक्रोप्लान के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को डोर टू डोर जाकर कोविड 19 के संक्रमण का सर्वे करना है। प्रपत्र में प्रत्येक व्यक्ति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करना है तथा गंभीर लक्षण वाले व्यक्ति को क्वारेंटाइन करना है तथा वैसे व्यक्ति जो क्वारेंटाइन सेन्टर से घर आयें हैं उन्हें कोई परेशानी तो नही है। उक्त बाते प्रशिक्षण के दौरान मैनेजर अमित कुमार तथा चिकित्सा पदाधिकारी जे ए गोस्वामी ने कही।
सेविकाओं ने चिकित्सा पदाधिकारी से प्रश्न किया कि हमलोग बिना किसी व्यवस्था के लोगों के घर घर जाकर सर्वे कैसे करेंगे? जिसके जवाब ने चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि आप सबो को सर्वे पूर्व मास्क, ग्लब्स, साबून तथा सर्वे प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान बैठने की प्रयाप्त व्यवस्था नहीं रहने के कारण कई सेविका घंटों खड़ी होकर प्रशिक्षण ली।
सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए किया गया रक्तदान
सारण : अंतराष्ट्रीय स्वयंसेवी संस्था लायंस इंटरनेशनल की स्थानीय युवा इकाई लियो क्लब छपरा सारण के बैनर तले कोरोना जैसे संकट काल में भी जरूरतमंद के लिए लियो के बैनर तले दो यूनिट ब्लड सोशल डिस्टेंस का ख्याल रखते हुए डोनर ऋषि कुमार और मो महमूद अंसारी ने रक्तदान किया। अध्यक्ष अमरनाथ ने बताया की एक जरूरतमंद के लिए एक यूनिट ब्लड मो अफजल हुसैन को दिया गया ।वही सचिव आलोक गुप्ता ने बताया बारिश के बीच इस महामारी मे भी सोशल डिस्टेंस का ख्याल रखते हुए। लियो क्लब के सभी सदस्य जरूरतमंद के लिए हमेशा तत्पर खड़े रहते है। इस मौके पर लियो क्लब के अध्यक्ष अमरनाथ, लियो सूरज आनंद, लियो सनी खान, धन जी, ब्लड बैंक के टेक्नीशियन धर्मवीर जी, मनोज कुमार मौजूद थे।
कोरोना वॉरियर्स को दिया गया सैनिटाइज़र
सारण : (कोर्ट) व्यवहार न्यायालय के जिला जज कृष्ण कांत त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के सचिव आशीष मिश्रा द्वारा श्री प्रकाश ऑर्नामेंट्स ग्रुप के सहयोग से नगर के सड़को पर प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मियों तथा नगर थानाध्यक्ष विमल कुमार थाने मे मौजूद पुलिस पदाधिकारी सिपाहियों और महिला थानाध्यक्ष तथा थाने में उपस्थित सभी पुलिस कर्मियों के बीच सैनिटाइजर और मास्क का वितरण किया गया। साथ ही सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा पुलिस कर्मियों को मानव सामाजिक दूरी का पालन करने का निर्देश भी दिया गया।
इस दौरान श्री प्रकाश ऑर्नामेंट्स ग्रुप के वरुण प्रकाश जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अरविन्द कुमार और पारा विधिक स्वयं सेवक राजू प्रसाद जायसवाल मुकेश कुमार श्रीवास्तव आनंद कुमार सिंह , आलोक कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
गुरूद्वारे में असहायों के लिए चलाया जा रहा लंगर
सारण : नंदन पथ स्थित गुरुद्वारा के द्वारा आज लगभग 38 दिनों से लगातार सैकड़ों लोगों के लिए लंगर चलाया जा रहा है। वैश्विक महामारी करोना से निपटने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लगाया गया है। ऐसी स्थिति में गरीब व दैनिक मजदूरी कर गुज़र बसर करनेवाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति व लॉकडाउन को देखते हुए प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को गुरुद्वारे में लंगर कराया जाता है।
लंगर में ख़ास तौर से गरीब व दैनिक मजदूरी करने वाले रिक्शा चालक तथा बेबस असहाय जिनका लॉकडाउन के कारण रोजगार छीन गया है उन्हें भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। गुरुद्वारे पहुँच रहे लोगों को दोपहर और रात का लंगर कराया जाता है। गुरुद्वारे के सचिव राजू सिंह ने बताया कि जब तक लॉकडाउन रहेगा गुरुद्वारा लगातार बेबसों की सेवा करता रहेगा।
अंतराष्ट्रीय श्रम दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
सारण : अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर स्थानीय कार्यालय बीएसएसआर यूनियन, साधनपुरी, छपरा में झंडोतोलन कर मई दिवस के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। कार्यक्रम में जिला सचिव मृत्युंजय ओझा तथा जिला अध्यक्ष रमण कुमार के साथ साथ प्रमोद कुमार, राकेश कुमार,सुभाषचंद्र मित्रा,विकाश कुमार, विजय कुमार,ललित नारायण,दिनेश कुमार,अजय कुमार,अमरनाथ मुखर्जी, बिश्वनाथ बनर्जी, मनोज कुमार सिंह, रविन्द्र सिंह आदि ने शारीरिक दूरी बनाते हुए भाग लिया। इस कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने शपथ लिया,जैसे:-(1) कोरोना महामारी से लड़ने,सुरक्षित रहने और अपनी स्वास्थ्य की रक्षा करने (2) आठ घंटे कार्यदिवस के अधिकार की रक्षा करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे (3) महामारी के कारण बढ़े हुए आर्थिक संकट के बोझ को पूंजीपतियों और उनका प्रतिनिधित्व करने वाली सरकारों द्वारा श्रमिक वर्ग पर पूरी तरह से थोपने की साज़िश के खिलाफ लड़ने (4)मेहनतकशों द्वारा पैदा किये गए बड़े बड़े कॉर्पोरेट्स के मुनाफे और धन की रक्षा करने की दिशा में श्रमिकों को और अधिक गरीब बनाने एवम उनके अधिकारों पर हमला करने की साज़िश के खिलाफ (5) मेहनतकशों के एकता को बाधित करने और उन्हें धर्म, क्षेत्र, नस्ल,जाति, लिंग के आधार पर विभाजित करने के सभी प्रयासों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने (6)दुनिया के मज़दूरों एवम आम जनता पर अपना आधिपत्य स्थापित करने के लिए हो रहे साम्राज्यवादी हमलों तथा अंतरराष्ट्रीय वित्त संस्थानों की फरमानों को थोपने के खिलाफ(7) शोषणवादी पूंजीवादी व्यवस्था के अंत तथा नए शोषणमुक्त समाजवादी व्यवस्था के स्थापना की दिशा में एकजुट होकर संघर्ष करने की शपथ ली।