18 अक्टूबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

दो पूजा समितियों पर प्राथमिकी, तीन वर्ष तक मूर्ति उठाने पर रोक

आरा : माता दुर्गा के विसर्जन जुलूस में नियम का उल्लंघन करने के आरोप में आरा की दो पूजा समितियों आरा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इसमें पूजा समिति के अध्यक्ष और 20-20 सदस्य को नामजद एवं 10-10 अज्ञात को आरोपित बनाया गया है।

आरा नगर थानाधय्क्ष शंभू कुमार भगत ने बताया कि शनिवार को शहर में मां दुर्गे की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस निकाला गया था। जुलुस में शिवगंज सपना सिनेमा रोड एवं जेल रोड पूजा कमेटी ने प्रतिबन्ध के बावजूद वाहन पर डीजे साउंड लगाया था। इसके अलावे निर्धारित संख्या से काफी अधिक लोग विसर्जन जुलूस में शामिल थे।

swatva

इसको लेकर दोनों पूजा कमेटी के अध्यक्ष, 20-20 सदस्य को नामजद तथा अन्य 10-10 अज्ञात को आरोपित बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में 188,3 ईपिडेमिक डिजीज एक्ट तथा 9 लाउडस्पीकर एक्ट की धारा लगाई गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पूजा समितियों पर 3-3 साल तक मूर्ति नहीं उठाने का प्रतिबंध लगा दिया गया है।

होमगार्ड जवान जख्मी

आरा : बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थानान्तर्गत कांट गांव के समीप रविवार की देर शाम एक होमगार्ड को गोली लग गयी। उसे आरा शहर के जज कोठी स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा है। जख्मी जवान ब्रह्मपुर थानान्तर्गत रघुनाथपुर गांव निवासी कमल सिंह का 28 वर्षीय पुत्र गोलू सिंह है।

वह वर्तमान में बक्सर उत्पाद विभाग में तैनात है। हालांकि गोली लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।रविवार की शाम वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से वापस घर लौट रहा था तभी कांट गांव के समीप उसे गोली लग गई। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की ह्त्या

आरा : भोजपुर जिले के धोबहां ओपी क्षेत्र के बाघाकोल और मनी राय के टोला गांव के बीच पानी भरे गड्ढे से एक युवक की लाश बरामद की गयी है| उसकी पहचान बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थानान्तर्गत उमेदपुर गांव निवासी पूर्णवासी पासवान के 30 वर्षीय पुत्र विनोद पासवान के रूप में की गयी है| फिलहाल वह अपने ससुराल मुफस्सिल थानान्तर्गत इजरी सलेमपुर गांव में रहता था।

वह पिछले 14 अक्टूबर से घर से लापता था। पत्नी के अवैध संबंध का विरोध करने पर घर से बुला कर ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गयी। हत्या का आरोप पत्नी और उसके प्रेमी पर लगा है। इस संबंध में मृत युवक के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। उसमें विनोद पासवान की पत्नी और उसके प्रेमी को आरोपित किया गया है। पुलिस ने आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

धोबहां ओपी इंचार्ज जयंत प्रकाश ने बताया कि शनिवार दोपहर मनी राय के टोला और बाघाकोल गांव के बीच पानी भरे एक गड्ढे से युवक का शव मिला था। उसकी नाक कटी हुयी थी तथा उसकी गर्दन, बांह और प्राइवेट पार्ट्स पर जख्म के निशान भी थे। उस कारण उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही थी। शव मिलने के बाद से पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गयी थी। आज शव की पहचान की गयी।

एसपी विनय तिवारी ने बताया कि युवक की पत्‌नी और उसके प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। युवक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके प्रेमी की धरपकड़ को छापेमारी की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की शादी 10 वर्ष पूर्व सलेमपुर गांव निवासी रीता देवी से हुई थी। शादी के बाद से ही वह ससुराल में ही रहता था। उसकी पत्नी का बगल के गांव के एक युवक से प्रेम चल रहा था। वह युवक 14 अक्टूबर को विनोद पासवान को घर से बुलाकर ले गया था। उसके बाद उसकी हत्या कर शव को गांव से दूर पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। बताया जा रहा कि मृत युवक को सिर्फ एक बेटी है।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here