05 जनवरी : अरवल की मुख्य खबरें

0

आम रास्ते पर सीढ़ी के निर्माण से आने-जाने में हो रही है परेशानी – सुहेला खातून

अरवल- जिला पदाधिकारी, अरवल वर्षा सिंह द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में लगभग 15 परिवादियों के फरियाद को सुना गया। परिवादियों द्वारा भूमि विवाद, आवास योजना, मुआवजा, अनियमितता, शस्त्र अनुज्ञप्ति, किसान सम्मान निधि, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य विभागों से संबंधित मामले थे। फरियादियों के आवेदन के शीघ्र निष्पादन हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये गये। करपी प्रखण्ड स्थित ग्राम पान बिगहा निवासी सुधीर कुमार द्वारा बताया गया कि मैं गरीब हूँ। मुझे रहने के लिए घर नहीं है।

मुझे आवास योजना की सख्त जरूरत है। मुझे आवास दिलवाने की कृपा प्रदान करें। इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखण्ड विकास पदाधिकारी करपी को नियमानुसार निष्पादन हेतु निदेश दिया गया।अरवल प्रखण्ड स्थित ग्राम शाही मुहल्ला निवासी सुहेला खातुन द्वारा बताया गया कि वार्ड नं० 14 शाही मुहल्ला के एजाज मिस्त्री द्वारा गली में सीढ़ी का निर्माण कर दिया गया है, जिससे आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। सीढ़ी हटवाने की कृपा की जाय।

swatva

इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अरवल को त्वरित निष्पादन हेतु निदेश दिया गया। सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखण्ड स्थित ग्राम बखोरी बिगहा निवासी मधेश्वर सिंह व अन्य लोगों द्वारा बताया गया कि प्राथमिक विद्यालय बखोरी बिगहा में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें काफी अनियमितता बरती जा रही है। कभी भी विद्यालय की छत क्षतिग्रस्त हो सकती है। विषय वस्तु की जाँचोपरांत कार्रवाई करने की कृपा की जाय। इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी अरवल को निष्पादन एवं प्रतिवेदन उपलब्ध कराने हेतु निदेश दिया गया। इसी प्रकार अन्य मामलों का निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

मृतक चौकीदार के आश्रितों को चौकीदार पद पर नियुक्ति के लिए किया गया अनुशंसा

अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल वर्षा सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर में जिला अनुकम्पा चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। अनुकम्पा चयन समिति के द्वारा मृत चौकीदारों के आश्रित,आश्रिता को चौकीदार के पद पर नियुक्ति हेतु अनुशंसा की गई। उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी के अलावा पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रभारी स्थापना उप समाहर्ता, जिला सामान्य शाखा पदाधिकारी मौजूद रहे।

अयोध्या में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अक्षत वितरण के साथ दिया जा रहा आमंत्रण पत्र

करपी,अरवल: अयोध्या में भगवान श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर इस क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। भाजपा नेता अयोध्या से आए पूजित अक्षत एवं श्री राम मंदिर का चित्र लेकर घर-घर पहुंच रहे हैं ।लोगों को अक्षत दिया जा रहा है साथ ही साथ आमंत्रण पत्र भी दिया जा रहा है। शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के खेदरू बीघा एवं रोहाई पंचायत में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रंजय कुमार चंद्रवंशी एवं मंडल उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता के द्वारा घूम-घूम कर लोगों को पूजित अक्षत एवं भगवान श्री राम मंदिर का चित्र देकर आमंत्रण दिया गया।

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पूर्व जिला पार्षद आनंद कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा है। इस दिन भगवान श्री राम का बाल रूप की मूर्ति अयोध्या श्री राम जन्मभूमि पर स्थापित किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा विद्वान संतो के द्वारा किया जाएगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे।

इन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि 22 जनवरी को अपने घरों में शाम के समय पांच दिया जरूर जलाएं तथा आसपास के मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना भजन कीर्तन करें। मंदिरों को सुंदर ढंग से सजाया जाए। श्री राम लला अयोध्या में करीब 500 वर्षों के बाद आ रहे हैं। इसका उत्सव मनाया जाए। दीपावली मनाई जाए। इस मौके पर दीपक चंद्रवंशी, भीम पंडित, सत्येंद्र कुमार, जानकी सिंह, अमरजीत पंडित, चंदन कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।

पुरस्कार से बच्चों में होता है नई ऊर्जा का संचार – शैलेन्द्र कुमार

अरवल – सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हसनपुरा अरवल में वर्ष 23 के माह दिसंबर का मासिक मूल्यांकन किया गया।इस मूल्यांकन में विद्यालय के बच्चों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया।विद्यालय की ओर से मूल्यांकन में शामिल बच्चों को पुरस्कृत किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि मूल्यांकन से बच्चों ने कितना सीखा इसका पैमाना है।बच्चो के कमियों को जानकर उनके शैक्षिक स्थिति को सुधारा जा सकता है।साथही पुरस्कार बच्चो में नई ऊर्जा का संचार करता है।बच्चे उत्साहित होकर सीखने के लिए प्रेरित होते है।

इसी विद्यालय के शिक्षक हरेराम ने बच्चो से कहा कि पुरस्कार से प्रेरणा लीजिए और आगे भी जब मौका मिले तो लगन से मेहनत कर पुरस्कार प्राप्त करने की चेष्टा करें। विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिवाकर भारती ने बच्चों से कहा कि आप सब मेहनत कर आगे बढ़े हम सबों का सहयोग हमेशा मिलता रहेगा। बच्चों में प्रतियोगिता भावना लाने के लिए विद्यालय के द्वारा हमेशा इस प्रकार का अन्य कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाता रहेगा ताकि छात्र-छात्राओं में ऊर्जा का संचार होता रहे

भाषण प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले विजेताओं को किया गया सम्मानित

अरवल -कार्यालय नेहरू युवा केन्द्र, अरवल युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देश के युवाओं को भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने और विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को साकार करने एवं अपने विचारों को साझा करने का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत विकसित भारत विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन यूनिक कोचिंग सेंटर, अरवल में किया गया। जिसकी अध्यक्षता लेखा एवं कार्यक्रम सहायक राजेश कुमार सिन्हा के द्वारा किया गया एवं कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो० नंद कुमार सिंह एवं प्रो० लाल बहादुर सिंह के कर कमलों के द्वारा किया गया।

इस कार्यक्रम में 15-29 आयुवर्ग के युवा भाग लिए। अपने स्वागत भाषण में राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते है। यदि आज के युवा सशक्त होंगे तभी भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा किया जा सकता है। अतः विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए युवाओं में तरह-तरह के कार्यक्रम के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है एवं युवाओं को भारत को वर्ष 47 तक विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

इसके उपरांत सभी प्रतिभागी कार्यक्रम के अंतर्गत विषय मेरा युवा भारत- विकसित भारत विषय पर अपने भाषण के माध्यम से अपने विचार रखा कि कैसे वर्ष 47 तक भारत विकसित राष्ट्र बन सकेगा। कार्यक्रम के जजों के निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम पुरस्कार रिया कुमारी ग्राम बैदराबाद, द्वितीय पुरस्कार सूरज कुमार, ग्राम बस्ती बिगहा, एवं तृतीय पुरस्कार रिषि कुमार, ग्राम फत्तेहपुर संडा का चयन किया गया तथा मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने दिया आवश्यक दिशा निर्देश

अरवल -जिला पदाधिकारी अरवल वर्षा सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय में नीलाम पत्र वादों से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सभी नीलम पदाधिकारी को नीलम पत्र वादों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने हेतु निदेशित किया गया।

इसके साथ ही सुनवाई के क्रम में अगर कोई व्यक्ति ऋण जमा नहीं करता है तो नियमानुसार वारंट निर्गत करने हेतु निदेशित किया गया। साथ ही पंजी 9 एवं पंजी 10 का मिलान सभी बैंकों के साथ करने हेतु निदेश दिया गया जिससे वास्तविक स्थिति का पता चल पाए।बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता एवं सभी अंचल अधिकारी मौजूद थे।

विदाई समारोह का किया गया आयोजन

अरवल – जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह, अरवल की अध्यक्षता में सुभाष चन्द्र लाल, अनुबंध लिपिक, जिला आपदा प्रबंधन शाखा, अरवल के सेवानिवृत्ति के अवसर पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, अरवल के द्वारा उन्हें सेवानिवृति के उपरांत भी पुनः सेवा देने के कार्य की सराहना की गयी तथा स्वस्थ्य एवं दीर्घायु रहने की कामना की गयी। जिला स्तरीय पदाधिकारियों के द्वारा उनके कार्यावधि में कुशल नेतृत्व एवं अनुशासन को प्रेरणा योग्य बताया गया।

घना कोहरा एवं बूंदाबांदी से मौसम ने बदला मिजाज,बढ़ाई कनकनी

कुर्था,अरवल। शुक्रवार का दिन कुर्था प्रखंड क्षेत्र में दिनभर घना कोहरा और बादल छाए रहे तथा दोपहर से हल्की बूंदाबांदी होती रही इस दौरान ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते रहे वहीं धूप की एक झलक निकलने का लोग इंतजार करते रहे।

वहीं कोहरा छाए रहने से सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती रही। कोहरा अधिक होने से कुछ दूर के वाहन भी नजर नही आ रहे थे सर्द हवा चलने से सुबह से ही तेज ठंड के कारण लोग गर्म कपड़ों में ही घर से बाहर निकलें। सर्द हवाओं के कारण तेज ठंड में जरूरी काम से जाने वाले लोग गर्म कपड़ों में ढंक कर बाहर निकले।

पूजित अक्षत कलश का किया गया वितरण

कुर्था,अरवल। कुर्था प्रखंड क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुधीर शर्मा के नेतृत्व में अयोध्या से आए पूजित कलश अक्षत वितरण का कार्य किया गया। जिसमें कुर्था मंडल कार्यालय में राम मंदिर अयोध्या दर्शन हेतु सभी शक्ति केंद्र अध्यक्षों की एक बैठक बुलाई गई सभी शक्ति केंद्र अध्यक्ष को कलश एवं अक्षत पत्रक देकर मंडल अध्यक्ष कुर्था के द्वारा कुर्था मंडल के सभी शक्ति केंद्र पर भेजा गया।

इस मौके पर जिला महामंत्री रामाशीष दास,जिला कार्यसमिति सदस्य लाला शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुधीर शर्मा, आरएसएस अरवल जिला के सह संयोजक राजेश कुमार, खालिक अंसारी, मोहम्मद मेराजुद्दीन,सुमन रजक,संजीत कुमार,रामप्रवेश शर्मा, आशुतोष कुमार,किशोर कुमार,रंजन शर्मा, संजय कुमार सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। गौरतलब हो कि अयोध्या से पूजित अक्षत का वितरण कर लोगों को अयोध्या पहुँचने का निमंत्रण दिया जाएगा। शनिवार से हीं भाजपा कार्यकर्ता घर घर पहुंच कर राम मंदिर के चित्र और अक्षत देकर लोगो को अयोध्या राम मंदिर के दर्शन करने का निमंत्रण देंगे।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने बताया कि पांच सौ वर्षों के बाद यह अवसर आया है कि जब राम लला अपने घर में विराजेंगे। जीवन में ऐसा अवसर दोबारा नहीं मिलेगा। अयोध्या में राम मंदिर में प्रभु श्रीराम के दर्शन हर सनातनी की वर्षों पुरानी यह अभिलाषा 22 जनवरी को पूरी होने जा रही है, जिसको लेकर सिर्फ अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरे देश में उत्साह का माहौल है। हर कोई इस अविस्मरणीय पल का साक्षी बनने को उत्सुक दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर जब अयोध्या लौटे थे तब अयोध्या के नगरवासियों ने दीपावली मनाकर उनकी वापसी पर खुशी दिखाई थी। वैसे ही 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में हमलोग दीपावली मनाएंगे। उन्होंने बताया कि संपर्क अभियान में लोगों से अपील करेंगे कि 22 जनवरी की शाम वह घरों के बाहर दीपक जलाएं। इस अवसर पर अयोध्या ही नहीं संपूर्ण भारतवर्ष में अभूतपूर्व आनंद का वातावरण होगा।

कुर्था से चांदनी कुमारी की रिपोर्ट 

अरवल ब्यूरो देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here