04 मार्च : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्त जख्मी

आरा : भोजपुर के जगदीशपुर थानान्तर्गत राजा के पोखरा गांव के समीप बुधवार की देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्त जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर अनुमंडलीय रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया।

जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद चंदन कुमार एवं बाबूधन कुमार को गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया है। जख्मियों में राजा के पोखरा गांव निवासी रामनगीना प्रसाद का 18 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार, जवाहर चौधरी का 20 वर्षीय पुत्र बाबूधन कुमार एवं स्व.दिनेश प्रसाद का 20 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार है।

swatva

छोटू कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर वाला धक्का मार कर भाग रहा था। उसके पीछे गांव के कुछ लोग भी भाग रहे थे, जिसे देखकर वह भी बाइक से उस ट्रैक्टर का पीछा करने लगा। इसी बीच राजा के पोखरा गांव के समीप अचानक एक बुजुर्ग व्यक्ति उसकी बाइक के सामने आ गए। जिनको बचने के क्रम में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे तीनों बाइक से गिर पड़े और जख्मी हो गए|

शादी से लौट रही दो लड़कियों को गोली मारकर किया ज़ख़्मी

आरा : भोजपुर मुख्यालय आरा के आरा नगर थानान्तर्गत वलीगंज-धरहरा चौकी के नजदीक बुधवार की आधी रात हथियारबंद अपराधियों ने रिसेप्शन से लौट रही दो मौसेरी बहनों को गोली मार दी। इस वारदात में जख्मी युवतियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है|

जख्मी लड़कियों में उत्तरप्रदेश के बनारस थाना क्षेत्र की 17 साल की लड़की और उसकी मौसेरी बहन बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र की 16 साल की लड़की है। जख्मियों के मामा चांद ने बताया कि दोनों टाउन थाना क्षेत्र के रोजा मोहल्ला अपनी नानी घर आयीं थी। यहां से बुधवार की शाम वो लोग वलीगंज स्थित अपने रिश्तेदार एहसान खान के बेटे सोनू के रिसेप्शन में शामिल होने गए थे।

रिसेप्शन के बाद जब दोनो बहनें उसके साथ बाइक से घर लौट रहीं थी। इसी बीच वलीगंज धरहरा चौकी के समीप नशे में धुत तीन की संख्या में हथियारबंद अपराधी आ धमके। उन्होंने पहले बाइक रोकने को कहा लेकिन जब चांद ने बाइक नहीं रोकी, तो उन्होंने फायरिंग कर दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है|

भारी मात्रा में अंग्रेजी व देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार

आरा : भोजपुर पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर से भारी मात्रा में अंग्रेजी व देसी शराब बरामद की है। दो धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया गया है और एक बाइक भी जब्त की गयी है। भलूहीपुर से 20 लीटर देसी शराब और 14 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया धंधेबाज ओझा के सेमरियां निवासी लालधन पासवान है। उसके पास से एक बाइक भी जब्त की गयी है।

दूसरी तरफ बाबू बाजार अनार गली से विभिन्न ब्रांड की 71 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गयी है। इस मामले में धंधेबाज निर्मल साह को गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। वही नवादा थाना क्षेत्र के पकड़ी चौक से पुलिस ने एक शराबी को गिरफ्तार किया है। वह नशे में हंगामा कर रहा था। जांच में उसके द्वारा शराब पीने की पुष्टि हुई है।

डाक्टर पूनम त्रिपाठी रिसर्च साइंटिस्ट के रूप में नियुक्त

आरा : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा के रसायन विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर पूनम त्रिपाठी को विज्ञान के क्षेत्र में कार्य करने की तत्परता को देखते हुए इन्नोवेशन एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (IRO) ने रिसर्च साइंटिस्ट के रूप में नियुक्त किया है।

बताया जाता हैं कि IRO विज्ञान प्रसार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत संस्था है जो पूरे भारत में विज्ञान को आम जनता तक पहुंचाने के लिए रिसर्च पर काम करती है। IRO के संस्थापक मनोहर कुमार ने बताया कि डॉक्टर पूनम त्रिपाठी रसायन विज्ञान के क्षेत्र में अच्छा काम कर रही हैं। आने वाले समय में विज्ञान को आम जनता तक पहुंचाने में इस संस्था का भरपूर सहयोग करेंगी।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here