सीतामढ़ी/पटना : कोरोना के खौफ वाले माहौल में भी अपराधी नहीं मान रहे। बीती देर रात को बदमाशों ने सीतामढ़ी में बाजपट्टी की जदयू विधायक रंजू गीता के देवर को घर में घुसकर गोली मार दी। गोलीबारी में एक पत्रकार को भी गोली लगी है। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां दोनों की हालत बेहद गंभीर बताई जाती है। घटना को सीतामढ़ी शहर से सटे चकमहिला गांव में अंजाम दिया गया।
घटना के बाद सीतामढ़ी शहर में अफरा—तफरी का माहौल कायम हो गया। जानकारी के अनुसार बाजपट्टी की विधायक के सबसे छोटे देवर ललितेश्वर यादव पेशे से शिक्षक हैं। वे परिवार के साथ शहर से सटे चकमहिला गांव में एक विद्यालय के समीप अपना मकान बनाकर रहते हैं। बताया जाता है कि शनिवार की देर रात ललितेश्वर अपने एक पत्रकार मित्र के साथ घर में भोजन कर रहे थे। तभी अचानक कुछ हमलावर घर में घुस आए और उन्होंने आते ही गोलीबारी शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस विधायक परिवार से पुराने विवादों के आधार पर छानबीन कर रही है।