16 मार्च : नवादा की मुख्य ख़बरें

0
swatva samachar

बिच्छू दंश से बालक की मौत

नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड क्षेत्र के कोशला निवासी अरविन्द यादव का दो वर्षीय पुत्र जिगर कुमार की मौत बिच्छू दंश से हो गयी। घटना सोमवार दोपहर के बाद में घटी।

बताया जाता है कि अरविन्द यादव का पुत्र जिगर अपने घर के समीप खेल रहा था,तभी उसे बिच्छू ने डंक मार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारदीगंज लाया गया। जहां कार्यरत चिकित्सक ने उसे गंभीरावस्था में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया।

swatva

एम्बुलेंस से सदर अस्पताल नवादा ले जाने के क्रम में बालक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों व शुभ चिंतकों में मातम छा गया। परिजनों की शिकायत है कि सीएचसी में बिच्छू डंक की दवा नहीं रहने के कारण बच्चे की मौत हो गयी।

मां मथुरासिनी पूजा 17 को, पर नहीं निकलेगा जुलूस

नवादा : जिले के अकबरपुर बीच बाजार स्थित माहुरी वैश्य सेवा सदन में सोमवार को माहुरी समाज की  बैठक सुरेश प्रसाद की अध्यक्षता में की गई।

बैठक में आगामी 17 मार्च को होने वाले कुलदेवी मां मथुरासिनी पूजा पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार के द्वारा 31 मार्च तक कोरोना वाइरस को लेकर सभा या फिर किसी भी प्रकार का समाजिक कार्य पर प्रतिबंध रहेगा। इसी को लेकर समाज के लोगों ने यह निर्णय लिया है कि 17 मार्च को जुलूस न निकालकर सिर्फ कुलदेवी मां मथुरासिनी की पूजा की जायेगी।

मौके पर महेश प्रसाद, भरत प्रसाद, ललन प्रसाद, पिन्टू कुमार, शंभु प्रसाद, राकेश कुमार , धीरज कुमार समेत समाज से जुड़े सैकड़ों लोग मौजूद थे।

मगही पूजा में उमड़ा आस्था का सैलाब

नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र में कौमी एकता और श्रद्धा की मिसाल के तौर पर मनाई जाने वाली दो दिवसीय मड़ही पूजा प्रखंड के कुहिला में सोमवार से शुरू हो गई.।

मड़ही पूजा में वारिस पिया के यहां हाजिरी लगाने के लिए हजारों श्रद्धालु कुहिला पहुंचे हैं। यह आयोजन दो दिनों तक चलेगा। सोमवार को राज्य के कई जिलों के अलावे अन्य कई राज्यों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने संत शिरोमणि बाबा अब्दुल्लाह शाह की समाधि पर श्रद्धा के साथ चादरपोशी की। इस दौरान कौमी एकता की रसधार बहती रही। हिन्दू और मुसलमान एक साथ वारिस पिया की अराधना करते दिखे। दूर-दराज से आए लोगों के अलावे इलाके से भी काफी संख्या में लोग पूजा-अर्चना और चादरपोशी करने पहुंचे।

आयोजन समिति से जुड़े अशोक सिंह ने बताया कि दो दिनों तक मजार पर चादरपोशी की जाती हैं। बता दें कि सूफी सम्प्रदाय के वारिस पिया पर हिन्दू एवं मुसलमान दोनों सम्प्रदाय के लोग श्रद्धा-भक्ति एवं विश्वास के साथ चादरपोशी करते हैं। कुहिला स्थित वारिस पिया की गद्दी का ही यह दूसरा रूप हैं। मान्यता के अनुसार कोई भी इंसान अगर सच्चे मन से मन्नते मांगता हैं तो उनकी मुरादें अवश्य पूरी होती है।  इसी का प्रभाव है कि प्रत्येक वर्ष होलिका दहन के बाद चैत के सातवां दिन को यहां पूजा-अर्चना एवं चादरपोशी करने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंच वारिस पिया की गद्दी पर माथा टेकते हैं। भक्ति में लोग सराबोर होकर लोग पूजा-अर्चना करने में लीन हो जाते हैं।

गीत-संगीत और कव्वाली की धुन पर झुमे लोग :

कुहिला में मड़ही पूजा के दौरान गीत-संगीत और कव्वाली की धुन पर लोग झुमते नजर आए। पूजा को लेकर रात भर चहल-पहल रही। दूर- दराज से आए साधु-संतों और अनुयायियों का जमावड़ा कुहिला में लगा हुआ है और उनके रहने से लेकर भोजन व मनोरंजन  का इंतजाम किया गया है। पूजा- स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-विरंगे बिजली बल्ब की रोशनी से पूजा स्थल जगमग होने लगा है।

श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी थी कि लोगों को अपने परिजनों तक को खोजने में काफी देर हो रही थी। आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि पहले दिन वारिस पिया के मजार पर चादरपोशी के साथ ही बच्चों का मुंडन संस्कार होता है और श्रद्धालु मथा टेकते हैं। दूसरे दिन पाठे की बलि दी जाती है। रात में लौंडा नाच के साथ झूमर आकर्षण का केंद्र रहता है।मडही पूजा को ले स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा की मुक्कमल व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है।

दो पक्षों के बीच पथराव व फायरिंग

  • ईंट भट्ठा पर मुंशी के कमरे में लगाई आग
  • मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति को संभाला

nawada newsनवादा : नगर के बुंदेलखंड सहायक थाना क्षेत्र के तकियापर स्थित खुरी नदी के समीप रविवार की देर रात दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी हो गई। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई। एक ईंट भट्ठा के मुंशी के रहने के लिए बनाई गई झोपड़ी में आग लगा दी गई। सूचना मिलते ही एएसपी अभियान कुमार आलोक, सदर एसडीएम अनु कुमार, एसडीपीओ विजय कुमार झा, बुंदेलखंड थानाध्यक्ष शहरयार खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थिति को संभाला।

बताया जाता है कि एक पक्ष के कुछ युवक नदी किनारे जाकर गांजा पी रहे थे और टिकटॉक बना रहे थे। उन युवकों को गांजा पीते देख दूसरे पक्ष के लोगों ने मना किया। जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

बात बढ़ते-बढ़ते नौबत पत्थरबाजी और गोलीबारी तक पहुंच गई। काफी देर तक घटनास्थल रणक्षेत्र में तब्दील रहा। दोनों पक्षों के लोग वहां पर जुट गए।

सूचना मिलते ही अधिकारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। सदर एसडीएम ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। घटना के बाबत प्राथिमिकी दर्ज कराई जाएगी। विधि व्यवस्था भंग करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रित है।

कागजों पर अलर्ट, आइसोलेशन वार्ड में ताला

नवादा : कोरोना वायरस महामारी को लेकर प्रदेश में हाई अलर्ट है। स्वास्थ्य महकमे के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। सरकार के जारी दिशा-निर्देश के बावजूद जिले का स्वास्थ्य महकमा गंभीर नहीं दिख रहा है।

सदर अस्पताल में 13 बेडों वाला आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। वहां 24 घंटे काम करने के लिए चिकित्सकों व कर्मियों की तीन शिफ्टो में ड्यूटी लगाई गई है। पर, आलम यह है कि आइसोलेशन वार्ड में ताला लटका रहता है। ऐसे में सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल का यह हाल है तो ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में कितनी गंभीरता से इस बीमारी को लिया जा रहा है।

हालांकि जिले में अब तक कोरोना वायरस से संबंधित कोई मामला सामने नहीं आया है, जो राहत की बात है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 24 घंटे के लिए तीन शिफ्टों में चिकित्सकों और जीएनएम, एएनएम की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त कर्मियों को कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के लिए एक अलग रजिस्टर रखने और दवा भंडार से आवश्यक दवाईयां प्राप्त कर वार्ड में रखने का निर्देश दिया गया है। बावजूद, आइसोलेशन वार्ड में ताला लटका हुआ मिला और कोई स्वास्थ्यकर्मी नहीं दिखे। इससे स्वास्थ्य महकमे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

नशामुक्ति वार्ड में बनाया गया आइसोलेशन वार्ड

  • शराबबंदी के बाद सदर अस्पताल में नशामुक्ति वार्ड बनाया गया था। उसी वार्ड को फिलहाल आइसोलेशन वार्ड में तब्दील कर दिया गया है। जिसमें 13 बेड लगाए गए हैं। एक दिन पूर्व जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने भी सदर अस्पताल पहुंच कर वार्ड का जायजा लिया था।

दवा दुकानों में मास्क और सैनिटाइजर की नहीं हो रही आपूर्ति

जिले के निजी दवा दुकानों में मास्क और सैनिटाइजर की आपूर्ति नहीं हो रही है। जिला दवा विक्रेता संघ ने सरकारी व्यवस्था के तहत मास्क और सैनिटाइजर की आपूर्ति कराने की मांग की है।

संघ के जिलाध्यक्ष ब्रजेश राय और सचिव अनिल कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकारी स्तर पर आपूर्ति होने पर सही दाम पर दवा विक्रेता मरीजों को मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध करा सकेंगे।

संघ के नेताओं ने मास्क और सैनिटाइजर की कालाबाजारी को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दवा व्यवसाय व्यापार के साथ ही जनसेवा है। बाजार में अभी कहीं से मास्क या सैनिटाइजर नहीं आ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकारी नुमाइंदे कालाबाजारी की अफवाह फैला रहे हैं। ऐसे में दवा विक्रेता अब इसकी बिक्री करने से डरने लगे हैं कि कहीं कोई आदमी झूठा आरोप लगाकर कार्रवाई करा दे।

आइसोलेशन वार्ड में ताला लटके होने को दूसरे अर्थो में नहीं लिया जाना चाहिए। कोरोना से संभावित मरीजों के लिए अलग से वार्ड तैयार है। स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। मरीज के आने पर वार्ड का ताला खुल जाएगा। आइसोलेशन वार्ड में हर समय स्वास्थ्यकर्मी बैठे नहीं रह सकते हैं।

डॉ. विमल प्रसाद सिंह, सिविल सर्जन, नवादा

भाजपा की 105 सदस्यों की कमिटी का हुआ गठन

नवादा : भारतीय जनता पार्टी की जिला कमेटी का गठन कर लिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने नई कमेटी की सूची जारी कर दी है। जिसके मुताबिक, आठ उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री, आठ जिला मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, तीन प्रवक्ता, तीन मीडिया प्रभारी और एक कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। कुल 105 लोगों को जिला कमेटी में जगह दी गई है। वहीं हिसुआ विधायक अनिल सिंह, वारिसलीगंज विधायक अरुणा देवी समेत 17 लोगों को स्थाई आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। जिलाध्यक्ष ने सूची जारी करते हुए कहा कि सभी वर्ग के कार्यकर्ताओं का ख्याल रखा गया है। पदाधिकारियों की टीम में तीन महिलाओं को भी जगह दी गई है।

पार्टी पदाधिकारियों की सूची

जिलाध्यक्ष – संजय कुमार मुन्ना।

जिला उपाध्यक्ष – सतीश कुमार सिन्हा, प्रियरंजन श्रीनिवास, मोहन कुमार गुप्ता, विजय कुमार पांडेय, रामदेव प्रसाद यादव, नीतिनंदन कुमार सिंह, अरविद कुमार गुप्ता व प्रताप रंजन।

जिला महामंत्री – रामानुज कुमार, नरेश कुमार वर्मा व शैलेंद्र कुमार सिंह। जिला मंत्री – सुनील कुमार सिंह, उपेंद्र चंद्रवंशी, विश्वास विश्वकर्मा, अशोक कुमार चौहान, निरंजन कुमार सिंह, वर्षा रानी, कुंती देवी व सरिता देवी।

जिला कोषाध्यक्ष – जितेंद्र पासवान।

जिला प्रवक्ता – प्रेमचंद पटियाला, रंजय कुमार व विश्वास सिंह उर्फ विशु।

मीडिया प्रभारी – नंदकिशोर चौरसिया, विकास कुमार सिंह व मनोज कुमार सिंह।

कार्यालय प्रभारी – प्रमोद कुमार सिंह।

स्थायी आमंत्रित सदस्य

  •  हिसुआ विधायक अनिल सिंह, वारिसलीगंज विधायक अरुणा देवी, पूर्व विधायक कन्हैया कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष केदार सिंह, प्रो. विजय कुमार सिन्हा, राजेंद्र प्रसाद सिंह, वीरेंद्र प्रसाद सिंह, विनय कुमार, शशिभूषण कुमार बबलू, नवीन केशरी, डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, रंजीत प्रसाद यादव, अर्जुन राम, अनिल मेहता, संतोष आनंद, रंजीत कुमार व पंकज कुमार सिंह मुन्ना।

जलजमाव से निजात के लिए बनेगा मास्टर प्लान, नालों से हटेगा अतिक्रमण

नवादा : पिछले दो दिनों की झमाझम बारिश के चलते शहर में जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके कारणों की पड़ताल करने डीएम यशपाल मीणा रविवार को खुद सड़कों पर उतर गए। उन्होंने सड़क जाम के कारणों के बारे में भी पूरी जानकारी ली। सबसे पहले समाहरणालय में डीएम ने नगर परिषद के अभियंता से शहर के नक्शे की जानकारी ली। उन्होंने नगर क्षेत्र के नक्शे का बारीकी से मुआयना किया और नालों के संदर्भ में जानकारी ली।

इसके बाद गूगल मैप के माध्यम से शहर के प्रमुख नालों तक पहुंचे और जलजमाव के कारणों को परखा। बरहगैनिया पईन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर नाला जाम देख नाराजगी जताई और उसकी समुचित सफाई कराने का निर्देश दिया। कई जगहों पर नाले का अतिक्रमण देखकर चिता जताई। जिलाधिकारी ने नगर परिषद के अधिकारियों को जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए मास्टर प्लान बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर हालत में जलजमाव की समस्या से लोगों को निजात दिलाएं। उन्होंने नालों के अतिक्रमण को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम सड़क पर पैदल चलते हुए शहर के हर कोने से गुजरने वाले बड़े नालों का निरीक्षण किया।

नगर परिषद के अभियंता पर बिफरे डीएम

  • शहर का नक्शा देखने के दौरान नगर परिषद के अभियंता सही जानकारी नहीं दे पा रहे थे। इस पर डीएम उन अभियंताओं से पूछ बैठे कि आप कितने सालों से यहां कार्यरत हैं।

इंजीनियरों ने बताया कि कोई 16 साल तो कोई इससे अधिक समय से यहां काम देख रहे हैं। यह सुन डीएम बिफर पड़े और कहा कि इतने सालों से रहने के बावजूद शहर की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं है। जलजमाव से निजात नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि जलनिकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ करें। जलजमाव से निजात दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएं।

सड़क जाम से निपटने के लिए दिए आवश्यक निर्देश

  • जिलाधिकारी ने सड़क जाम की समस्या से निबटने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। शहर भ्रमण के बाद डीएम ने मुफस्सिल थाने के बगल से कादिरगंज तक बनने वाले मिनी बाइपास का भी जायजा लिया। मिनी बाइपास को चालू कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। मौके पर सदर एसडीएम अनु कुमार, डीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार, नगर परिषद के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता आदि उपस्थित थे।

सीसीटीवी से लैस हुआ सिरदला थाना

नवादा : आधुनिक सीसीटीवी कैमरा से सिरदला थाना कैंपस के साथ-साथ सिरिस्ता कार्यालय, थानाध्यक्ष कार्यालय, मालखाना, समेत पूरे कैंपस पर निगरानी रखने के लिए 18 सी सी कैमरा को लगाया गया है। काफी दिनों बाद सिरदला थाना में सी सी टी वी कैमरा को पुलिस महानिदेशक कार्यालय पटना के निर्देश पर लगाया गया है।

कैमरा लगने के बाद थाना में हो रहे हर कार्य पदाधिकारी की गतिविधि, पब्लिक के साथ व्यवहार, थानेदार व अन्य अधिकारी की कार्यशैली की कन्ट्रोलिंग अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला पुलिस कप्तान के साथ साथ पुलिस महानिदेशक पटना के हाथों में होगा।

चन्दा नहीं देने पर मुखिया पुत्र समेत एक दर्जन लोगों ने व्यापारी को पीटा

नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र अंतर्गत बडगांव गांव में रविवार की रात्रि चन्दा वसूली को लेकर व्यापारी के साथ मारपीट की घटना सूचना के बाद एस आई गोविंद सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए  घटना स्थल पर पहुँच व्यापारी को बचाने में सफल रहे।

इसकी शिकायत सिरदला पुलिस से जबरन रंगदारी मांगने व मारपीट करने का आरोप मुखिया पुत्र समेत दर्जन भर लोगो के विरुद्ध लगाया है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार को लौंद बाजार महमा नगर गांव निवासी कपड़ा फेरी कर लौट रहा था, इसी बीच बडगांव में चल रहे यज्ञ को लेकर चन्दा की मांग किया गया। चन्दा रकम अधिक होने के कारण देने से मुकर गया गया तो व्यापारी कुमार माथुर व शम्भू कुमार को मारपीट कर घायल कर दिया।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने बीच बचाव किया। शम्भू कुमार ने सिरदला थाना में बडगांव के राजो महतो, सतेंद्र कुमार समेत बारह लोगो के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराया है।

दूसरी ओर सुबह में बडगांव पंचायत मुखिया आशा देवी के पति गया चन्द्र भूषण प्रसाद ने भी पत्नी के साथ मारपीट करने व  जेवरात लूटने का मामला दर्ज करने को ले आवेदन दिया है। आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here