13 मार्च : नवादा की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया अनुमंडल अस्पताल के गेट पर धरना

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली प्रखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सात सूत्री मांगों को ले अनुमंडल मुख्यालय अस्पताल गेट के पास धरना दिया। रामरतन गिरी की अध्यक्षता में आयोजित धरना के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सौंपा।

धरनार्थियों की अनुमंडल अस्पताल में महिला व शिशु रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की अविलम्व नियुक्ति, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, पैथालॉजी जांच की सुविधा आदि की मांग कर रहे थे।

swatva

मौके पर बालकृष्ण प्रसाद यादव, डॉ अनवारूल हक, मोहन चौधरी, अर्जुन सिंह, नकुल कुमार, नरेश दास, मो इस्लाम, अरूण कुमार सिंह, राम प्रसाद राजवंशी, संतोष चन्द्रवंशी, रामाकांत पाण्डेय, विकास प्रसाद, उमाकांत प्रसाद आदि मौजूद थे।

सर्जन के अभाव में नहीं हो सका बंध्याकरण, बैरंग लौटी महिलाएं

नवादा : जिले के सिरदला पीएचसी में बंध्याकरण के लिये अस्पताल पहुची सभी महिलाओं को इंतजार के बाद बैरंग वापस लौटने पर मजबूर होना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार हर सप्ताह बंध्याकरण का दिन निर्धारित है। राज्य स्वास्थ्य समिति पटना बिहार का भी निर्देश प्राप्त है। चिकित्सा प्रभारी डॉ अर्जुन चौधरी व प्रधान लिपिक की मनमानी रवैये के कारण रजौली अनुमंडल अस्पताल के सर्जन डॉ बी एन चौधरी उपस्थित नही हो सके। जिसके कारण बंध्याकरण को लेकर प्रखण्ड के पड़िया,खरौंध,हथमरवां, ठेकाही,चंदा बिगहा गांव से कुल आठ महिला बंध्याकरण के लिए  सिरदला पीएचसी में अपने आशा कार्यकर्ता के साथ पहुची थी।

जहां ऑपरेशन से पहले आपरेशन के लिए सभी जांच की औपचारिकता पूरी कर ली गयी। लेकिन सर्जन चिकित्सक उपस्थित नहीं हो सके। जिसके कारण सभी महिलाओ को बैरंग घर वापस लौटना पड़ा।

मुखिया प्रत्याशी उषा देवी के पक्ष में पूर्व मुखिया ने चलाया जनसम्पर्क अभियान

नवादा : जिले के नारदीगंज में आगामी 20 मार्च को  त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव को लेकर होने वाले मतदान को ले प्रचार अभियान जोरों पर है | हर प्रत्याशी तरह-तरह से वोटरों को लुभाने में लगे हुए है ।इसी कड़ी में हंडिया पंचायत की मुखिया प्रत्याशी उषा देवी के पक्ष में समर्थकों ने प्रचार अभियान तेज करते हुए पंचायत के विभिन्न गांवो में घर-घर जाकर वोट देने की अपील की है। मुखिया प्रत्याशी उषा देवी के पति पूर्व पूर्व मुखिया प्रमोद कुमार अपने दर्ज़नो समर्थकों के साथ हंडिया पंचायत में जनसंपर्क अभियान चलाया। जनसंपर्क अभियान के तहत हंडिया पंचायत के भूतपूर्व मुखिया प्रमोद कुमार ने हंडिया, अकौना, राजापुर, सीतारामपुर, दरियापुर, पंडपा आदि गांवों में जाकर लोगों के बीच पिंपलेट बांधा प्रतीक मोतियों की माला पर वोट देने की अपील की।भूतपूर्व मुखिया ने लोगों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास के लिए वे कृतसंकल्प हैं जीत के बाद क्षेत्र के चहुँमुखी विकास के लिए सदैव काम करते रहेंगे | हम सबके अधिकार और सबके सम्मान की बात करेंगे जनपर्क अभियान के दौरान मुख्य रूप से विजय रविदास, सहदेव मांझी, कल्लू मांझी, किशन रविदास, योगेंद्र यादव, शिबू यादव, उपेंद्र रविदास, विमलेश कुमार, शंभू सहित अन्य लोंगों ने प्रत्याशी उषा देवी के पक्ष में लोगों से वोट मांगा |

वाहनों की छत पर बेरोक टोक यात्रा कर रहे यात्री

नवादा : जिले में नियमों को ताक पर रखकर यात्री बसों का संचालन हो रहा है। यात्री बसों में उपर से लेकर अंदर तक सवारियों को भरकर ओवरलोडिग चलाया जा रहा है। ऐसे में अगर घटना होती है तो बड़े पैमाने पर जान माल का नुकसान होगा लेकिन प्रशासन इस पर खामोश है। समेकित जांच चौकी पर भी तैनात अधिकारी ओवरलोडिग बसों की परिचालन पर रोक नहीं लगा रहे हैं। नियमों को ताख पर रखकर संचालक ओवरलोड वाहन का संचालन करा रहे हैं। जबकि ऐसी यात्रा जोखिम भरी है। यात्रा मौत को बुलावा देने जैसा होता है।

पटना-रांची राजमार्ग 31 पर रोजाना सैंकड़ों वाहन क्षमता से अधिक सवारियों को ढोते दिख जाती है।होली पर्व को लेकर यात्रियों के आवागमन में बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसे में वाहन की छत पर सामान की तरह यात्रियों को बैठाया जा रहा है। सड़क पर पुलिस भी तैनात रहती है, लेकिन वह वाहन संचालकों को ऐसा करने से रोकती नहीं है। यात्रियों का कहना है सीट नहीं मिल रही है। हर वाहन में यही हालात है, जैसे-तैसे यात्रा करना मजबूरी है।जबकि परिवहन नियमों के अनुसार किसी भी यात्री बस को परमिट एक तय मानक के तहत दिया जाता है। परमिट पर ही सिटिग क्षमता तय होती है।

उसके अनुसार ही यात्री बसों का संचालन करना होता है। अगर कोई यात्री बस अपने परमिट के अनुसार क्षमता से अधिक यात्रियों को बसों में बैठाता है तो वह नियम के विरूद्ध है। वहीं बस के ऊपर बैठाना तो बिल्कुल अपराध है। क्षमता से अधिक ओवरलोडिग एमवी एक्ट के तहत कानूनन अपराध है। अगर कोई यात्री बस मालिक इसका उल्लंघन करता है तो उसे आर्थिक जुर्माने के साथ परमिट रद्द तक की कार्रवाई हो सकती है। उसके बाद भी यात्री बसों पर ओवरलोडिग साफ देख सकते हैं। यहीं नहीं बस की छतों पर यात्रियों को सामान के तरह लादकर गाड़ियों का चलना आम बात हो गई है। रजौली से झारखंड की ओर जाने के दौरान पड़ने वाली घाटी में बस की छत पर यात्रा करना काफी जोखिम भरा होता है।रजौली चेक पोस्ट पर में इएसआइ, एडीटीओ, एमबीआइ रहते हैं। जो नियमित वाहनों की जांच करते हैं। इस मामले की जांच कराई जाएगी। रजौली में तैनात सभी अधिकारियों को ओवरलोडिग यात्री वाहनों की जांच कर कार्रवाई करने को कहा जाएगा।

प्रधानाध्यापक पद के लिए अड़े दो शिक्षक निलंबित

नवादा : जिले के इंटर विद्यालय अकबरपुर में दो प्रभारी प्राधानाध्यापकों के वर्चस्व की लड़ाई में दोनों को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रभारी प्राधानाध्यापक पद के लिए विनोद कुमार चौधरी और प्रमोद कुमार घोष के बीच कई वर्षों से मतभेद चला आ रहा था। मतभेद को सुलझाने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों द्वारा आदेश निर्गत किया गया था लेकिन दोनों शिक्षक प्रभारी पद प्राप्त करने के लिए सरकारी आदेश-निर्देश का उल्लंघन करते रहे। इसकी विभागीय स्तर पर जांच कराई गई। जांच में कई प्रकार की त्रुटियां पाई गई। जांच प्रतिवेदन के अलोक में कई महत्वपूर्ण आदेश निर्गत किए गए थे लेकिन विनोद कुमार चौधरी और प्रमोद कुमार घोष अधिकारियों के आदेश का उल्लंघन करते रहे। इसका प्रतिकूल असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ने लगा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के आदेश की अवहेलना और छात्रों को प्रताड़ित करने के आरोप में डीडीसी ने प्रपत्र क गठित कर दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

जिले में लगाए जाएंगे 21.5 लाख पौधे

नवाद : अपर समाहर्ता ओम प्रकाश की अध्यक्षता में जल-जीवन-हरियाली से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से जल- जीवन-हरियाली कार्यक्रम को धरातल पर उतारने के कार्य की प्रगति पर चर्चा की गई। बताया गया कि वन विभाग के द्वारा पौधारोपण किया गया है। वन विभाग के द्वारा पौधशाला में फलदार एवं काष्टकार पौधे तैयार किए जा रहे हैं। जिले में लगभग 21.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वन क्षेत्र में जल संचय के लिए चेक डैम का निर्माण कराया गया है। भूमि संरक्षण विभाग के द्वारा आहर, तालाब, कुंआ को संरक्षित किया जा रहा है। कृषि विभाग के द्वारा कम पानी में वैकल्पिक खेती विकसित किया जा रहा है।उन्होंने सभी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि जल-जीवन-हरियाली को सुदृढ़ बनाने के लिए सार्वजनिक एवं निजी स्थलों पर तालाब, आहर, पईन, कुंआ को अतिक्रमणमुक्त कराएं। स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण करने वालों पर नोटिस करें। उन्होंने कहा कि सरकार के इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। इसे गंभीरता से लें। सभी अंचलाधिकारी अतिक्रमण स्थल की स्वयं भौतिक जांच करने एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त वैभव चौधरी, लघु सिचाई, वन विभाग, कृषि विभाग के पदाधिकारी के साथ-साथ सभी अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे।

जिले में शुरू हुआ पोषण पखवाड़ा, जागरुकता रथ गांवों के लिए रवाना

नवादा : समेकित बाल विकास परियोजना के तत्वावधान में जिले में पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया है। अभियान का समापन 22 मार्च को होगा। इसके प्रचार-प्रसार व आम लोगों को जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी यशपाल मीणा द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर आंगनबाड़ी सेविका व महिला पर्यवेक्षिका उपस्थित थी। आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों ने जिलाधिकारी को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान पोषण पखवाड़ा अभियान के महत्व को समझाया गया। साफ-सफाई पर बल दिया गया। विशेष पोषण पखवाड़े में हाथ धोने की क्रिया एवं इसके महत्व को बताया गया। ताकि कुपोषण से आमजन को बचाया जा सके। अधिकाधिक लोगों को प्रेरित करने के लिए विशेष पोषण पखवाड़ा का हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसकी शुरूआत जिलाधिकारी के द्वारा की गई। उन्होंने बाल विकास परियोजना से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिका एवं सेविका को निर्देश दिया कि वे इस कार्यक्रम को 15 दिन ही न चलाकर अनवरत चलाते रहें। जिससे लोगों में साफ-सफाई रखने के प्रति जागरूकता पैदा हो। पोषण पखवाड़ा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाल विकास परियोजनाओं द्वारा संयुक्त रूप से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत पुरूषों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल की जाएगी। जन जागरूकता के माध्यम से कुपोषण को दूर किया जाएगा। इस अवसर पर अपर समाहर्ता ओम प्रकाश, उप विकास आयुक्त वैभव चौधरी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रश्मि रंजन, डीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार, सभी सीडीपीओ, सभी महिला पर्यवेक्षिका एवं सेविका आदि उपस्थित थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here