Swatva Samachar

Information, Intellect & Integrity

Featured बिहार अपडेट राजपाट

राजद विधायक ने प्रेम कुमार को बताया भावी सीएम

पटना : बिहार विधानसभा बजट सत्र में कृषि पर चर्चा के दौरान राजद विधायक सीताराम यादव ने भाजपा नेता और बिहार के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार को भावी मुख्यमंत्री बताया। राजद विधायक ने कहा कि जो कृषि और किसानों की बात करेगा वही बिहार की गद्दी पर बैठेगा। और यही काम कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार भी कर रहे हैं। वे किसानों के हित की बात कर रहे हैं। ऐसे में ये भी बिहार के भावी मुख्यमंत्री हैं। राजद विधायक की बात सुनकर कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार मंद-मंद मुस्कुरा रहे थे।

राजद विधायक ने चर्चा के दौरान कहा कि सरकार किसानों के हित में काम करे। किसानों की आमदनी कैसे बढ़े इस पर ध्यान देने की जरूरत है। इसके बाद उन्होंने कहा हमारे नेता तेजस्वी यादव भी किसानों के मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। किसानों की भलाई कैसे हो इस पर विचार कर रहे हैं।

वहीँ बजट सत्र में शून्यकाल के दौरान भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव ने कहा कि नियोजित शिक्षकों को सरकार की तरफ से लगातार धमकियां दी जा रही हैं। सरकार के अधिकारी नियोजित शिक्षकों को हड़ताल खत्म करने के लिए डरा और धमका रहे हैं।