पटना : उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा से अलग हुए ललन गुट को अपनी पहचान मिल गई है। इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने ललन गुट को अलग मान्यता प्रदान करते हुए इसे राष्ट्रवादी लोक समता पार्टी के रूप में मान्यता दी है। यह एक राज्यस्तरीय राजनीतिक दल होगा और इसकी पहचान और सीमा भी फिलहाल प्रदेश स्तर तक ही रहेगी। पार्टी को जैसे ही एक अलग दल के रूप में मान्यता मिली, इसने 2019 के लोकसभा चुनाव में अपने 8 उम्मीदवारों को उतारने का फैसला कर लिया। इसकी जानकारी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मनोज लाल दास मनु ने दी। मनोज लाल मनु ने बताया कि 2019 के लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में होने वाले इलेक्शन में पार्टी पटना साहिब, पाटलिपुत्र, सासाराम, आरा, बक्सर, काराकाट, नालंदा, जहानाबाद और डेहरी विधानसभा क्षेत्र से अपने उम्मीदवार उतारेगी। 26 अप्रैल को पटना में पार्टी की होनेवाली राष्ट्रीय बैठक में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी। ये बैठक विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह की अध्यक्षता में की जाएगी। मनोज लाल दास मनु ने बताया कि इस बैठक में पार्टी के तमाम नेता मौजूद रहेंगे। इस बैठक में सांसद रामकुमार शर्मा के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन पासवान भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावे सुधांशु शेखर, शंभु कुशवाहा, विनोद कुशवाहा, नीलिमा सिन्हा, प्रदीप मिश्रा, रजनीश रंजन, नवीन और अजय कुमार भी मौजूद रहेंगे।
मधुकर योगेश