समस्तीपुर : बिहार के समस्तीपुर जिलांतर्गत हलई ओपी क्षेत्र से आज एक ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ सामने आई। इसमें लड़की अपने घर से भागी तो प्रेमी के साथ, लेकिन उसने ब्याह प्रेमी के बाप से कर लिया। घर से पढ़ाई करने निकली लड़की जिस युवक के साथ भागी, उसपर लड़की के परिजनों ने अपहरण की प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। उधर फरारी के बाद जब लड़की शादी करने विद्यापतिधाम मंदिर पहुंची तो पता चला कि उसका प्रेमी नाबालिग है। ऐसे में लड़के की सहमति से लड़की ने उसके विधुर बाप से शादी कर ली।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने लड़की को उसके पति के साथ राविवार की शाम शाहपुर पटोरी स्टेशन से बरामद किया। जानकारी के अनुसार हलई ओपी क्षेत्र के लड़ुआ गांव से लड़की करीब छह माह पूर्व अपने प्रेमी के साथ भागी थी। तब लड़की के पिता ने गांव के ही सत्यनारायण सिंह के पुत्र हरिओम कुमार सहित परिवार के लोगों पर साजिश के तहत अपहरण का मामला दर्ज कराया था। लड़की ने बताया कि पटोरी में पढ़ाई के दौरान हसनपुर के एक युवक से प्रेम हो गया। छह माह पूर्व वह प्रेमी के साथ भाग कर विद्यापतिधाम में शादी करने पहुंची, लेकिन उसके प्रेमी की उम्र 17 साल थी तो प्रेमी की रजामंदी पर उसके विधुर पिता से ही शादी कर ली। लड़की को एएसपी विजय कुमार के नेतृत्व में हलई पुलिस ने पटोरी स्टेशन से बरामद किया। आज सोमवार को न्यायालय में लड़की का धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा।