पटना : जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने आज अपने पार्टी पद से इस्तीफा दे दिया। रिजवान ने इस्तीफा देने के बाद हम के वरीय नेता और प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल पर पार्टी के पैसों का घालमेल करने का आरोप लगाया। इस मामले में कदम उठाने के बाद उन्होंने पार्टी के सर्वेसर्वा जीतनराम मांझी से बात करने की पहल भी की। लेकिन अभी तक उनकी बात नहीं हो पायी है। मालूम हो कि हाल ही में रिजवान ने राहुल गांधी की रैली को लेकर पार्टी के स्टैंड से अलग बयान दिया था। इसके बाद से ही महागठबंधन की गांठ पर सवाल उठने शुरू हो गए थे। मामले पर वृषिण पटेल ने अभी कुछ टिप्पणी नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि इस मामले को लेकर पार्टी एक बैठक करेगी जिसके बाद आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।