19 फ़रवरी : अरवल की मुख्य खबरें

1

श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

कलेर,अरवल : स्थानीय प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मैनपुरा गांव में श्री सूर्यनारायण प्राण प्रतिष्ठा सह श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया है। जिसमें प्रतिदिन यज्ञ स्थल पर हजारों हजार की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही प्रतिदिन संध्या आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में स्वामी 1008 डॉक्टर सुदर्शन आचार्य जी महाराज के अमृत कथा का रसपान श्रोता कर रहे हैं।

कथा प्रवचन के द्वितीय दिवस स्वामी जी ने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ-साथ कर्म फल के सिद्धांत को ठुकराया नहीं जा सकता है जिन्होंने धर्म की रक्षा की है उन्हीं को धर्म रक्षा करता है। जो लोग धर्म की रक्षा में रुचि नहीं लेते हैं उन्हें कभी भी धर्म रक्षा नहीं करता है। इस अवसर पर स्वामी जी के करकामलों द्वारा नवनिर्मित धर्मशाला का उद्घाटन किया गया। यज्ञ के मुख्य जजमान डॉक्टर मारुति नंदन, उनकी धर्मपत्नी डॉक्टर सीमा रानी, रामायण गोष्टी के मुख्य जजमान उपेंद्र प्रसाद सिंह,अंबुज शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव कुमार सहित पूजा समिति के कई लोग उपस्थित थे।

swatva

कथा प्रवचन के द्वितीय दिवस पूर्व सांसद जगदीश शर्मा कथा मंच पर उपस्थित होकर स्वामी जी का आशीर्वाद लिया। वही महायज्ञ के आयोजन कर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया। रात्रि में आयोजित रासलीला मंचन को देखकर श्रोता भाव विभोर हो रहे हैं। वृंदावन से चलकर आए रासलीला मंचन को देखने के लिए दूर दराज से काफी संख्या में लोग यज्ञ स्थल पर पहुंच रहे हैं। यज्ञ समिति के लोगों ने बताया कि आगामी 22 फरवरी को नवनिर्मित मंदिर में श्री सूर्य नारायण भगवान को स्थापित किया जाएगा।

वीर शिवाजी महाराज भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया- जितेंद्र पटेल

अरवल -जनता दल यू के जिला उपाध्यक्ष साकेत कुमार उर्फ टुटु शर्मा की अध्यक्षता में मराठा साम्राज्य के संस्थापक शूरवीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाई गई इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनता दल यू के प्रदेश महासचिव जितेंद्र पटेल ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारतीय गणराज्य के महानायक थे इसी प्रकार उन्हें एक अग्र गण्य वीर एवं अमर स्वतंत्रता सेनानी स्वीकार किया जाता है।

महाराणा प्रताप की तरह वीर शिवाजी राष्ट्रीयता के जीवंत प्रतीक एवं परिचायक थे छत्रपति शिवाजी महाराज भारत के एक महान योद्धा रणनीतिकार और शासक थे मुगलो और अन्य विदेशी शक्तियों के खिलाफ कई युद्ध लड़े और भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया उन्होंने मराठा साम्राज्य की स्थापना की जिसने पश्चिम भारत में कई वर्षों तक शासन किया इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जदयू नेता गुड्डू पटेल धर्मेंद्र सिंह नीतीश पटेल राजेश कुमार पिंटू कुमार सुधीर कुमार नीतीश कुमार सहित अनेकों लोग शामिल थे।

शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर महायज्ञ शुरू

करपी,अरवल: प्रखंड क्षेत्र के खलीलपुरा गांव में निर्मित भव्य शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित महायज्ञ की शुरुआत सोमवार को पवित्र जल यात्रा के साथ हो गई। गांव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक रंजन के साथ अरवल सोन नदी के लिए प्रस्थान किए। गाजे बाजे एवं भव्य शोभा यात्रा के साथ कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु अरवल सोन नदी पहुंचे जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल भर गया। वहां से 8 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर श्रद्धालु वापस यज्ञ स्थल पर पहुंचे। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना करवाई गई।

इसी के साथ महायज्ञ की शुरुआत हो गई। काशी से पहुंचे प्रसिद्ध संत स्वामी श्री प्रेमानंद जी महाराज के द्वारा राम कथा की भी शुरुआत हो गई। आयोजन समिति के प्रमुख उमेश प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि इस महायज्ञ को लेकर बड़ी तैयारी की गई है ।आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसका पूरा ख्याल रखा गया है। यज्ञ समिति के अध्यक्ष दुलारचंद यादव तथा सचिव वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेवकों की टीम पूरी तरह से सक्रिय है।

अनुमंडल पदाधिकारी ने करपी प्रखंड कार्यालय का लिया जायजा

करपी,अरवल: अनुमंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश करपी प्रखंड कार्यालय पहुंचकर विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। इन्होंने बताया कि आय ,जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने के संबंध में कई प्रकार की शिकायतें यहां से प्राप्त हो रही थी। इन शिकायतों के निष्पादन के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंचकर इसकी समीक्षा की गई।

इन्होंने बताया कि अंचल अधिकारी की ड्यूटी मैट्रिक परीक्षा में लगी हुई है तथा अंचल अधिकारी के स्तर से जानकारी दी गई है कि रात्रि के समय भी आय जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनाया जा रहा है। इन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया की अति शीघ्र सभी प्रमाण पत्रों को अद्यतन किया जाए। जिससे कि छात्र-छात्राओं एवं अन्य लोगों को आय जाति आवासीय एवं अन्य प्रमाण पत्र बनाने में परेशानी नहीं हो। इन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों का भी जायजा लिया तथा निर्वाचन कार्यो में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।

महारैली को सफल बनाने के लिए किया गया समीक्षा बैठक

करपी,अरवल : प्रखंड मुख्यालय में राष्ट्रीय लोक मोर्चा की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में 23 फरवरी को जहानाबाद के गांधी मैदान में आयोजित महारैली की तैयारी की समीक्षा की गई। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणविजय शर्मा ने इस बैठक में करपी एवं बंसी प्रखंडों के सभी पंचायत के नेताओं के साथ बैठक कर महारैली की तैयारी की समीक्षा की गई।

इन्होंने सभी पंचायत अध्यक्षों से आने वाले संभावित समर्थकों की डाटा एकत्रित की। इन्होंने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनकी नीतियों से लोग काफी प्रभावित हैं। उपेंद्र कुशवाहा एक सक्षम राजनेता है जिनके पीछे बड़ी संख्या में जनमानस लामबंद है। 23 फरवरी को जहानाबाद में आयोजित महा रैली ऐतिहासिक होगी।

इस महारैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इन्होंने कहा कि जहानाबाद संसदीय क्षेत्र पर हमारी दावेदारी बनती है क्योंकि पहले भी पार्टी का सांसद यहां रह चुका है। इस महारैली में उम्मीद से कहीं ज्यादा लोग शामिल होंगे। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता पप्पू वर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र से काफी संख्या में लोग महारैली में भाग लेंगे। इस बैठक में पार्टी के प्रभारी अजय कुशवाहा, राम पुकार सिंह, बृजेंद्र पप्पू, सुदर्शन कुमार, सुजीत कुशवाहा समेत कई लोगों ने अपनी बातें रखी।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मध्य विद्यालय धमौल के चार रसोइया को किया वेतन बंद, मांगी स्पष्टीकरण

कुर्था,अरवल। जिला शिक्षा पदाधिकारी इंदु कुमारी ने कुर्था प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय धमौल सहित सात विद्यालय में एमडीएम बंद होने की सूचना पर तत्काल मध्य विद्यालय धमौल में कार्यरत रसोइया आयशा खातुन,जाहदा खातुन,प्रमीला देवी,सरीता देवी रसोईया-सह-सहायक पर कारवाई करते हुए सभी का तत्काल वेतन बंद करते हुए 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया है।

निर्देश देते हुए उन्होंने उल्लेख किया है कि उपर्युक्त विषयक कहना है कि प्रधानाध्यापक म० वि० धमौल के द्वारा सूचित किया गया है कि रसोईया के द्वारा हड़ताल में जाने के कारण मध्याह्न भोजन योजना बन्द है साथ ही प्रखण्ड साधन सेवी (MDM) कुर्था के द्वारा भी सूचित किया गया है कि म० वि० धमौल के सभी रसोईया के द्वारा लगभग कुर्था प्रखण्ड क्षेत्र के सात विद्यालय मे हड़ताल के नाम पर मध्याह्न भोजन योजना बन्द करवा दिया गया है।

उक्त स्थिति को देखते हुए सभी रसोईया को निदेश दिया जाता है कि किसी भी परिस्थिति में मध्याह्न भोजन योजना बन्द नहीं होगा, अविलंब मध्याह्न भोजन योजना संचालित करना सुनिश्चित करें। साथ ही म० वि० धमौल के सभी रसोईया को तत्काल वेतन स्थगित किया जाता है तथा निदेश दिया जाता है कि 24 घंटा के अन्दर स्पष्टीकरण समर्पित करें। क्यों नहीं मध्याह्न भोजन योजना बन्द करने तथा दूसरे विद्यालय में जाकर मध्याह्न भोजन योजना बन्द करवाने के आरोप में आप सभी को कार्य मुक्त कर दिया जाये।

नेहरू युवा केंद्र के महिला मंडल कुर्था ने चलाया मतदाता जागरूकता अभियान

कुर्था,अरवल। युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में नेहरू युवा केंद्र अरवल के महिला मंडल कुर्था द्वारा प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत कुर्था में सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस संबंध में शहीद भगत सिंह युवा क्लब मुबारकपुर के अध्यक्ष सुनील चंद्रवंशी, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नीतीश कुमार सामाजिक कार्यकर्ता वीरेंद्र प्रसाद चंद्रवंशी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची में नामांकन एवं मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों को अपने मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक करना है वहीं नागरिकों को मतदान के महत्व एवं चुनाव प्रक्रिया के बारे में शिक्षित करना है। नगर पंचायत कुर्था में इस कार्यक्रम में करीब दर्जनों युवाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कुर्था से चांदनी कुमारी की रिपोर्ट 

अरवल ब्यूरो देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here