हेमंत पर बरसे नीतीश, उठाना होगा बड़ा नुकसान, झारखंड में भोजपुरी और मैथिली बोलने वालों की लंबी तादाद

0

पटना : भोजपुरी और मगही भाषा को क्षेत्रीय भाषा की सूची से अलग करने के बाद झारखंड के साथ-साथ बिहार के राजनीति में भी गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हेमंत सरकार के फैसले पर सख्त ऐतराज जताया है।

बिहार और झारखंड एक परिवार की तरह

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार और झारखंड एक परिवार की तरह है। भले ही दोनों राज्यों बंटवारा हो गया और एक अलग राज्य झारखंड का गठन हुआ लेकिन इसके बावजूद झारखंड के अंदर भोजपुरी और मगही बोलने वालों की लंबी तादाद है। बिहार में भी यही बात लागू होती है लेकिन पता नहीं झारखंड सरकार क्यों इस तरह का फैसला कर रही है।

swatva

इस फैसले से झारखंड की सरकार को खुद नुकसान

सीएम नीतीश ने कहा कि बिहार और झारखंड की सीमा से सटे अलग-अलग इलाकों में मगही और भोजपुरी बोली जाती है। भोजपुरी बोलने वाले लोगों की तादाद कहीं ज्यादा है। मगही भी झारखंड में बोली जाती है और यूपी से लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में भोजपुरी बोलने वाले लोग हैं। फिर भी पता नहीं हेमंत सरकार किस तरह का फैसला कर रही है नीतीश कुमार ने कहा कि इस फैसले से झारखंड की सरकार को खुद नुकसान होगा।

बता दें कि, इससे पहले झारखंड सरकार ने अधिसूचना जारी करते हुए भोजपुरी और मगही को अपने क्षेत्रीय भाषा की सूची से हटा दिया है। झारखंड की सरकार ने राज्य कर्मचारी आयोग की तरफ से ली जाने वाली मैट्रिक और इंटर स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षाओं में इन दोनों भाषाओं को क्षेत्रीय भाषा की लिस्ट से बाहर कर दिया है। हालंकि, इससे पहले पहले धनबाद और बोकारो में भोजपुरी और मगही को क्षेत्रीय भाषा की सूची में रखा गया था।

वहीं, इस फैसले के बाद झारखंड में भी स्थानीय नेताओं का विरोध शुरू हो गया है। उनका कहना है कि रांची और जमशेदपुर में भोजपुरी और मगही बोलने वाले लोग हैं लेकिन यहां क्षेत्रीय भाषाओं की लिस्ट में भोजपुरी और मगही को नहीं रखा गया है। इसपर तत्काल रोक लगनी चाहिए।

बहरहाल,अब यह देखना है कि भोजपुरी और मगही को लेकर झारखंड में नए सिरे से जो विवाद गहरा होता नजर आ रहा है उस पर झारखंड की हेमंत सरकार किस तरह से लगाम लगाती है क्योंकि अगर विवाद नहीं थमा तो इसका नुकसान कहीं ना कहीं हेमंत सरकार को ही उठाना पड़ेगा और इशारों ही इशारों में नीतीश कुमार ने भी यह कह दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here