15 वर्षों में बिहार में आया जबर्दस्त बदलाव: नन्द किशोर यादव

0

पटना : बिहार के पथ निर्माण मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने कहा है कि पिछले 15 वर्षों के भीतर बिहार में जबर्दस्त बदलाव आया है। विकास की ऐसी बयार बही कि विपक्ष की एक न चली। विकास की बहती धारा को कुंठित करने वाले ऐसे लोगों और दलों का सफाया इस बार विधानसभा चुनाव में होना तय है। सरकार की आलोचना करने वालों को बताना चाहिए कि 2005 से पहले बिहार की क्या दषा थी।

गांव अब एलइडी की रोशनी से जगमगा रहा है लालटेन की कोई जरूरत नहीं

यादव गुरुवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये पूर्वी चम्पारण के हरसिद्धि विधान सभा क्षेत्र की वर्चुअल रैली (जनसंवाद) को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों के भीतर राज्य के हर क्षेत्र में विकास के अत्यधिक कार्य हुए चाहे वह विद्युत उत्पादन का हो, सड़क व पुल-पुलियों के निर्माण का या गांव, गरीब, किसान, मजदूरों की रोजी-रोटी का। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जरा याद कीजिये 15 साल पहले मोतिहारी जाने में कितना समय लगता था और आज कितना समय लगता है। सड़कों के विकास और विस्तार का यह एक छोटा सा उदाहरण है। गांव अब एलइडी की रोशनी से जगमगा रहा है जहां लालटेन की अब कोई जरूरत नहीं। राजद को बताना चाहिए कि उसने 1990 से 2005 के बीच अपने शासन में बिहार के विकास के लिए क्या किया।

swatva

अच्छा काम का विरोध कांग्रेस की शुरू से प्रवृति

वहीं कांग्रेस पर हमला करते हुए यादव ने कहा कि अच्छा काम का विरोध कांग्रेस की शुरू से प्रवृति रही है। चाहे तीन तलाक का मुद्दा हो अथवा अयोध्या में राम मंदिर का या धारा 370 हटाने का। यशस्वी प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने सारी बाधाओं को दूर कर देश के समक्ष एक आदर्श प्रस्तुत किया। जरा याद कीजिये पाकिस्तान पर हुए सर्जिकल स्ट्राइक की। उस समय कांग्रेस के सुर-ताल पाकिस्तान के सुर-ताल से कितने मिलते जुलते थे। आज भारत-चीन सीमा पर हुए झड़प के बाद कांग्रेस की सिट्टी-पिट्टी गुम है क्योंकि कांग्रेस शासन में ही हजारों वर्ग किमी जमीन चीन के कब्जे में चली गई। अभी तो चीन पर डिजीटल स्ट्राइक हुआ है अब देश में जितनी सडकें बनेंगी, चीनी कम्पनियों को निर्माण का ठेका नहीं मिलेगा। भारत शांति का पुजारी रहा है लेकिन कोई उंगली उठायेगा उसे तोड़ना भी हमारी सेना जानती है।

कोरोना से प्रभावितों क्षेत्रों के लिए 20 लाख करोड़ रूपये का पैकेज

इसके आलवा कोरोना से उत्पन्न संकट की चर्चा करते हुए यादव ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाज के हर क्षेत्र के प्रभावितों के लिए 20 लाख करोड़ रूपये का पैकेज घोषित किया और सभी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित कर उनके आर्थिक उन्नयन की दिशा में सार्थक भूमिका अदा की। अगला 5 माह पर्व त्योहारों से भरा है।

प्रधान मंत्री मोदी ने नवंबर तक गरीबों के लिए प्रति परिवार प्रति माह अर्थात् नवंबर तक 5-5 किलो चावल और एक-एक किलो चना देने की घोषणा की जिससे बिहार के पौने 9 करोड़ गरीबों को इसका लाभ मिलेगा। रैली को संबोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री और मोतिहारी के सांसद राधा मोहन सिंह ने न केवल हरसिद्धि बल्कि सम्पूर्ण चम्पारण में सड़कों का जाल बिछाने के लिए पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव के प्रति आभार प्रकट किया। रैली को पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, महामंत्री लाल बाबू प्रसाद, हरसिद्धि के पूर्व विधायक कृष्ण नंदन पासवान, राजेन्द्र प्रसाद गुप्त, अनिरूद्ध सहनी आदि ने संबोधित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here