21 अगस्त : आरा की मुख्य खबरें

0

नाराज शिक्षकों ने नई सेवा शर्त नियमावली की जलायी प्रतियां

आरा : सरकार ने शिक्षकों को वेतन वृद्धि की सौगात दी है। लेकिन बिहार के शिक्षक इसे मानने को तैयार नहीं है तथा सरकार से नाराज चल रहे हैं।

बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ की प्रदेश इकाई के आह्वान पर बिहिया, सन्देश प्रखंड इकाई के शिक्षकों ने बीआरसी परिसर में शुक्रवार को सरकार की नई सेवा शर्त नियमावली की आलोचना करते हुए सरकार के संबंधित आदेश की प्रतियों को जलाया।

swatva

इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की शिक्षकों ने नई सेवा शर्त नियमावली को चाइनीज सेवा शर्त नियमावली बताते हुए कहा कि नियोजित शिक्षकों को सहायक शिक्षकों की भांति वेतनमान, राज्यकर्मी का दर्जा, पुराने शिक्षकों की तरह सेवा शर्त, पुरानी पेंशन, अनुकंपा, स्थानांतरण आदि मांगों की पूर्ति का भरोसा था परन्तु सरकार ने बिना शिक्षक संगठनों से वार्ता किये हीं नई सेवा शर्त नियमावली 2020 को अप्रैल 2021 से लागू करने का आदेश जारी कर दिया जो कि सरकार की तानाशाही है।

आक्रोशित शिक्षकों ने सरकार से नई सेवा शर्त नियमावली 2020 को तत्काल वापस लेने और नियमित शिक्षकों से संबंधित सेवा शर्त लागू करने की मांग की। कहा कि अगर सरकार ऐसा नहीं करती है आगामी विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

इस अवसर पर शिक्षक विजय कुमार सिंह, राजेश सिंह, जितेन्द्र भगत, श्याम सुंदर सिन्हा, राजीव रंजन उर्फ महेश कुमार, अरविंद कुमार, सुदामा गोंड़, पवन मिश्र, सचिता सिन्हा, कादिर अहमद, मुकेश प्रसाद, मनोज राम, त्रिलोकी प्रसाद, शशि कुमार, अनिल पाण्डेय, अजित राम समेत कई शिक्षक मौजूद थे।

दो बाईक की टक्कर में युवक गंभीर रूप से जख्मी

आरा : जरा सी चूक दुर्घटना का कारण बन जाती है। तियर थाना क्षेत्र के कमरियांव गांव के समीप नहर के पास दो बाईक सवारों के आमने-सामने की टक्कर में बाईक सवार एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक का नाम विकास कुमार है जो कि तियर थाना क्षेत्र के मनियारा गांव निवासी कन्हैया सिंह का पुत्र है। जख्मी युवक का बिहिया स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बाईक सवार युवक बिहिया से सामान की खरीदारी कर अपने गांव जा रहा था, इसी दौरान तियर से बिहिया की तरफ तेज गति से जा रहे अनियंत्रित बाईक सवार युवक ने सामने से आ रहे बाईक में तेज टक्कर मार दी जिससे युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक को स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से बिहिया स्थित निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। घटना को लेकर कुछ देर तक अफरा-तफरी मची रही।

अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना की पुलिस ने गुरुवार को अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार भी किया है। उनके पास से चोरी की पांच बाइक भी जब्त की गयी है।

गिरफ्तार सदस्यों में चौरी थाना क्षेत्र के डिलियां गांव निवासी सोनू कुमार उर्फ छक्का, गड़हनी थाना क्षेत्र के एकौना गांव निवासी मनीष कुमार, गड़हनी गांव निवासी शुभम कुमार, डुमरियां गांव के सुमन कुमार, दारोगा उर्फ राहुल और पवना थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी आदर्श कुमार शामिल हैं। इनमें सोनू कुमार उर्फ छक्का व आदर्श कुमार गिरोह के मास्टर माइंड बताये जा रहे हैं। सभी ने बाइक चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

पीरो एसडीपीओ अशोक कुमार आजाद ने प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नारायणपुर थाना क्षेत्र में लगातार दो बाइक की चोरी हो गयी। उसे देखते हुये उनके नेतृत्व में टीम बनाकर चोर गिरोह का खुलासा करने के लिये छापेमारी शुरू की गयी। इसी क्रम में सूचना व संदेह के आधार सोनू उर्फ छक्का, मनीष व आदर्श को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चोरी की हीरो एचिभर बाइक बरामद की गयी।

पूछताछ में तीनों ने गिरोह के बाइक चोरी की कई घटनाओं और गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी बताये। उस आधार पर शुभम कुमार, दारोगा उर्फ राहुल व सुमन कुमार को उनके घर से दबोच लिया गया। इन तीनों की निशानदेही पर चोरी की दो अपाची, एक स्पेलंडर और एक पैशन प्रो बाइक बरामद की गयी।

उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्यों का तार दूसरे जिलों से भी जुड़े है। गैंग के सदस्य पीरो अनुमंडल के नारायणपुर, गड़हनी, चरपोखरी, पवना व चौरी सहित अन्य इलाकों में बाइक चोरी की घटना को अंजाम देते थे। उसके बाद आरा और दूसरे जिलों में बेच देते थे। उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है। टीम में नारायणपुर थाना इंचार्ज निकूंज भूषण, एएसआई शैलेश कुमार, गुरु प्रसाद व अन्य जवान थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना चौरी थाना क्षेत्र के डिलिया गांव का सोनू कुमार उर्फ छक्का है। उसका पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

थानाध्यक्ष निकूंज भूषण के अनुसार सोनू उर्फ छक्का पर पहले से दो मामले हैं। एक मामला चरपोखरी थाना में लूट का और दूसरा चौरी थाने में चोरी व छिनतई का है। वह दोनों मामले में चार्जशिटेड है और जेल जा चुका है।

उन्होंने बताया कि अन्य सभी के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी ली जा रही है। इन सभी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं की भी जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। बरामद बाइक के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।

सोन नदी में डूबे युवक का शव बरामद

आरा : भोजपुर के कोईलवर थाना क्षेत्र के बिंदगावां गांव में  सोन नदी में डूबे युवक का शव बरामद हो गया। शुक्रवार की सुबह उसका शव बरामद हुआ। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया।

जानकारी के अनुसार मृतक बिंदगावां गांव निवासी रामानुज महतो का 35 वर्षीय पुत्र रामजी महतो है। मृतक के परिजनों ने बताया कि बुधवार की दोपहर वह मवेशी को चराने के लिए गया था। शाम में सभी मवेशी आ गए। लेकिन वह वापस घर नहीं लौटा।

तब परिजनों ने खोजबीन शुरू की। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था।आज सुबह उसका शव सोन नदी में तैरता दिखा। जिसके बाद वहां का स्थानीय लोगों ने सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके पश्चात बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद ग्रामीणों के अथक प्रयास से शव को पानी से बाहर निकाला गया।

बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाई व चार बहन में चौथे स्थान पर था। मृतक के परिवार में मां सुभला देवी, पत्नी लीलावती देवी, चार पुत्री अंशु कुमारी, संजू कुमारी, सुगंधा कुमारी व मंजू कुमारी एवं एक पुत्र संजय कुमार है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। वही इस हादसे के बाद मृतक की मां सुभला देवी, पत्नी लीलावती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here