ज्ञानवापी मस्जिद में कौन-कौन से हिंदू प्रतीक? सर्वे टीम के वीडियोग्राफर से जानें
लखनऊ/वाराणसी : काशी के विवादित ज्ञानवापी मस्जिद में कई हिंदू प्रतीक मौजूद हैं। यह कहना है हाल ही में मस्जिद का सर्वे करने गई टीम के वीडियोग्राफर का। उसने एक निजी चैनल को बताया कि उसे मस्जिद की दीवार पर एक तराशा हुआ प्राचीन घंटा और गूंथे हुए फूलों की आकृतियां उकेरी दिखाई दी थी। इतना ही नहीं, वहां बहुचर्चित श्रृंगार गौरी के नीचे झांकने पर उसे भगवान श्री विष्णु के नाग और भगवान ब्रह्मा जी का कमल प्रतीक भी दिखाई दिया।
श्री विष्णु का नाग, ब्रह्म कमल, स्वास्तिक, नक्काशीदार घंटा
वीडियोग्राफर ने बताया कि उसे ज्ञानवापी मस्जिद और काशी विश्वनाथ मंदिर के सर्वे के दौरान यह काम दिया गया था। उसने वहां मस्जिद में उत्तर और पश्चिम दिशा से अपना काम शुरू किया। सर्वे टीम भी साथ ही थी। वहां तथ्यों को रिकार्ड करने के लिए दीवारों व अन्य जगहों से धूल हटानी पड़ी। लेकिन खरोंच कर कुछ भी नहीं किया गया। सर्वे के दौरान दो समानांतर कैमरे लगातार आन थे। श्रृंगार गौरी के शिलाभाग में नीचे की तरफ हमें कमल दिखा था।
सर्वे टीम में शामिल था वीडियोग्राफर, श्रृंगार गौरी पर भी दावा
उसके अनुसार मस्जिद की पश्चिम वाली दीवार पर उसे तराशा हुआ प्राचीन घंटा दिखा। घंटे पर प्राचीन काल की नक्काशी की हुई दिखी। इसके बाद मस्जिद की दक्षिण की दीवार पर हिंदू धार्मिक प्रतीक स्वास्तिक और श्रृंगार गौरी की दीवार पर फन निकाले विष्णु जी के नाग को देखा। इसी दौरान वहां कुछ लोग आकर हल्ला मचाने लगे। इसके बाद सर्वे का काम रोक दिया गया।