स्पर्श ध्यान, सारी मुश्किलें आसान! जानें, कैसे काम करती है आध्यात्मिक ऊर्जा?

0

स्पर्श में बहुत ताकत होती है। बच्चा मां के स्पर्श को तुरंत पहचान लेता है और उसकी गोद में समा जाता है। मां का स्पर्श उसे आनंद प्रदान करता है। इसी के सहारे वह चलना, बोलना, हाथ-पांव चलाना आदि सीखता है। इसी प्रकार बीमारी की हालत में अपने किसी खास व्यक्ति का स्पर्श अद्भुत शक्ति प्रदान करता है। उसमें जल्द ठीक होने की प्रबल इच्छा जागृत हो उठती है। यदि ऐसी स्थिति में ‘स्पर्श ध्यान’ का सहारा लिया जाए तो चमत्कारिक परिणाम देखने को मिलते हैं।

क्या है ध्यान

हमारा शरीर 5 तत्वों से मिलकर बना है- पृथ्वी, जल, अग्नि, आकाश, वायु। यदि इनमें से किसी एक तत्व में विकार आ जाता है तो शरीर पर उसका नकारात्मक प्रभाव पड़ने लगता है। कई तरह की बीमारियां मनुष्य को घेर लेती हैं। मन बेचैन और उद्विग्न होने लगता है। ध्यान योग इन सभी तत्वों को एकीकार करता है। ध्यान की मदद से इनमें आने वाले विकार को दूर किया जा सकता है। लेकिन यहां मन में विचार उठता है कि ध्यान आखिर है क्या? इसका सीधा सा उत्तर है कि किसी विचार या वस्तु पर अपना मन या चित्त को एकाग्र करना ही ध्यान लगाना होता है। वह किसी की बातें ध्यानपूर्वक सुनने के रूप में भी हो सकता है, या किसी को एकटक नजरों से देखना। या ध्यान से गाड़ी चलाना। आपका हाथ कहां हैं, पैर कहां है और आप देख कहां रहे हैं, इसे भी ध्यान की श्रेणी में रखा जा सकता है। लेकिन जब इसमें आध्यात्मिकता का पुट जुड़ जाता है तो यह अत्यधिक विस्तृत और गहन हो जाता है। मनुष्य की सामान्य चेतना उसके अवचेतन मन से जुड़ जाती है, जो उसको परम शक्ति की ओर आकर्षित करती है और उसे अविश्वनीय तौर पर नई शक्ति प्रदान करती है। यह शक्ति मनुष्य को मानव कल्याण के लिए प्रेरित करती हैं।

swatva

ध्यान की अवस्थाएं

ध्यान के कई चरण और अवस्थाएं होती हैं। इनसे गुजरता हुआ साधक समाधि तक पहुंच जाता है, जो ध्यान की सर्वोच्च अवस्था है। आपने सुना और देखा भी होगा कि कई योगी या महर्षि समाधि ग्रहण कर लेते हैं, यानी वे ध्यान की इस सर्वोच्च अवस्था को प्राप्त कर चुके होते हैं। ध्यान की अवस्था यौगिक क्रिया से शुरू होती है, जो धीरे-धीरे अग्रसर होते हुए कुंडलिनी जागरण और फिर समाधि तक पहुंचती है। शुरुआती स्तर पर तो साधक खुद से यौगिक ध्यान कर सकता है लेकिन कुंडलिनी जागरण के स्तर पर पहुंचने के साथ ही उसे गुरु की आवश्यकता होती है, जो उसका मार्गदर्शन कर सके, क्योंकि इस स्तर पर पहुंचने के बाद जो ऊर्जा शरीर से प्रस्फुटित होती है, उसे संभालना हर किसी के वश की बात नहीं होती। गुरु ही उसे इस ऊर्जा को संभालने और उसके संचालन के नियम से अवगत कराता है। गुरु ही ध्यान योग की मदद से साधक का मिलन परम शक्ति से कराता है।

क्या है स्पर्श ध्यान

भारतीय प्राचीन पद्धति में स्पर्श चिकित्सा को काफी अहम माना गया है। आपने ऐसे कई संतों के बारे में सुना या देखा होगा जो स्पर्श मात्र से आंतरिक और शारीरिक पीड़ा को दूर कर देते हैं। स्पर्श चिकित्सा मानसिक रोगों से लेकर साधारण बीमारी और अति घातक रोगों में लाभकारी मानी गई है। यह स्पर्श चिकित्सा की शक्ति स्पर्श ध्यान का ही एक रूप है, जो काफी काफी जप-तप से हासिल होती है। इसके जरिए साधक अपने समक्ष आने वाले पीड़ित को छू लेने भर से नई ऊर्जा का संचार करता है। यह वही ऊर्जा है, जो ब्रह्मांड में प्रत्येक जीव को सृष्टि प्रदान करती है लेकिन किन्हीं कारणों की वजह से यह ऊर्जा शरीर में धीरे-धीरे क्षीण होने लगती है। स्पर्श शक्ति से युक्त साधक इस ऊर्जा को फिर से पीड़ित के शरीर में संचारित करता है। इसका चमत्कारिक असर देखने को मिलता है। यह सिद्ध हो चुका है कि ध्यान-अभ्यास हमारे शरीर और मन दोनों को लाभ पहुंचाता है।

बिगड़ती जीवन शैली ने क्षीण की आंतरिक ऊर्जा

आजकल हर शख्स भाग-दौड़ भरी जिंदगी जी रहा है। इसी भाग दौड़ ने उसे तनावग्रस्त बना दिया है। तेज रफ्तार जिंदगी में ज्यादातर लोग दबाव से टूट जाते हैं और तनाव, चिंता, अवसाद आदि के शिकार हो जाते हैं। ध्यान-अभ्यास करने से हमारा शरीर पूरी तरह से शांत हो जाता है और हमारा समस्त तनाव दूर हो जाता है। परीक्षण बताते हैं कि ध्यान-अभ्यास के दौरान हमारी दिमाग़ी तरंगें धीमी होकर 4-10 हट्र्ज़ पर कार्य करने लगती हैं, जिससे कि हमें पूरी तरह से शांत होने का एहसास मिलता है। ऐसे में स्पर्श ध्यान को अपनाकर मस्तिष्क की शक्ति बढ़ाकर खुद को शक्तिशाली बनाए रखा जा सकता है।

कैसे काम करता है स्पर्श ध्यान…

नकारात्मक ऊर्जा को दिव्य शक्ति की मदद से नष्ट किया जा सकता है। यह काम स्पर्श ध्यान करता है। स्पर्श ध्यान से उत्पन्न ऊर्जा सहस्त्रार से प्रवेश करती हुई आज्ञाचक्र, विशुद्धि चक्र और फिर अनाहत चक्र जो कि हमारे हृदय कि पीछे स्थित है उसे चक्र के माध्यम से हथेलियों में उतरती है। स्पर्श ध्यान या यूं कहें की स्पर्श चिकित्सा एक आध्यात्मिक चिकित्सा पद्धति है। इसके साधक की आध्यात्मिक शक्ति तो बढ़ती है। साथ ही जिस पर प्रयोग किया जाता है, उसकी भी शक्ति बढ़ती है।
प्रारंभ में जब व्यक्ति पर इसका प्रयोग किया जाता है उसके अनेक मनोविकार दूर होना प्रारंभ होते हैं। वे निकलते ही दो ही दिन बाद व्यक्ति स्वयं को हल्का अनुभव करने लगता है। व्यक्ति को जितनी ऊर्जा की आवश्यकता है उतनी ही ऊर्जा साधक उसे प्रदान करता है।

स्पर्श ध्यान के लाभ

  • मस्तिष्क की शक्ति को इस ध्यान की सहायता से कई गुना बढ़ाया जा सकता है और जीवन के लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।
  • ध्यान से तनाव ही नहीं, पीठ का दर्द, लकवा, मांसपेशियों में खिंचाव, मधुमेह व अस्थमा जैसे रोगों का उपचार भी संभव है।
  • याददाश्त बढ़ाने, मन-मस्तिष्क को एकाग्र करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आज के प्रतिस्पर्धी वातावरण के दबावों का सामना करने के लिए इस ध्यान की शक्ति महत्वपूर्ण सिद्ध होती है।
  • मनुष्य का स्पर्श चिकित्सा से मानसिक संतुलन बना रहता है।
  •  मन शांत हो जाता है तथा नकारात्मक भावना से मुक्ति मिल जाती है।
  • स्पर्श चिकित्सा से आत्म संतुलन बढता है।
  • ध्यान के माध्यम से व्यक्ति को सही या गलत निर्णय लेने में सहायता मिलती है।
  •  स्पर्श चिकित्सा से किसी भी चीज की ऊर्जा को बढाया जा सकता है
  • कोई भी शुभ काम निर्विघ्न सम्पन्न किया जा सकता है
  •  कई बार शक्तिहीन वस्तुओं पर भी स्पर्श चिकित्सा काम करती है।
  •  अपनी नौकरी, पढाई, व्यवसाय अन्य किसी भी अच्छी भावनाओं को स्पर्श चिकित्सा कि माध्यम से और अधिक लाभान्वित किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here