‘सींग में तेल’ से ‘खौल’ उठी राबड़ी, विधान परिषद में किसी को नहीं बख्शा!

0

पटना : चारा घोटाले में जानवरों के सींग में तेल लगाने के लिए जनता के पैसों का दुरुपयोग किये जाने के खुलासे से पूर्व सीएम और विधान परिषद में नेता विपक्ष राबड़ी देवी आज सदन में ‘खौल’ उठीं। उन्होंने विधान परिषद में गुरुवार को भारी हंगामा मचाते हुए डिप्टी सीएम सुशील मोदी और सीएम नीतीश कुमार को खूब कोसा। आज जैसे ही बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू हुई, राबड़ी अपने विधायकों संग हंगामा करने लगीं। उन्होंने सीबीआई से सुशील मोदी और सीएम नीतीश कुमार की संपत्ति की जांच करवाने की मांग की। एक—एक कर राबड़ी ने जदयू, भाजपा, कांग्रेस और लोजपा, किसी को भी नहीं बख्शा। सभी पर ताबड़तोड़ हमले किये।

राबड़ी देवी ने उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर सृजन घोटाले में संलिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार को भी नहीं बख्शा और कहा कि बीते 15 वर्षों में इन दोनों की संपत्ति बहुत बढ़ चुकी है। देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी इनकी संपत्ति है। भाजपा, नीतीश कुमार के बाद राबड़े के निशाने पर कांग्रेस भी आ गई। राबड़ी ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस भी चारा घोटाला में शामिल हैं, अब इन सबकी जांच भी होनी चाहिए।

swatva

राबड़ी ने कहा कि सुशील मोदी जब तक लालू प्रसाद यादव का नाम नहीं लेते, उनका खाना हज़म नही होता। दूसरी तरफ नीतीश कुमार की भी संपत्ति की जांच होनी चाहिए। इनकी सरकार में 36 घोटाले हुए, इनकी विदेशों में भी संपत्ति है।

विपक्ष के हंगामे की वजह से सदन का प्रश्नकाल 10 मिनट तक बाधित रहा। इसी दौरान आरजेडी के नेता सुबोध राय ने कार्य स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उधर राबड़ी देवी को कार्यकारी सभापति हारूण रशीद समझाते-बुझाते रहे, शांत रहने को कहते रहे। लेकिन राबड़ी पर उसका कोई असर नहीं पड़ा और वो लगातार सदन में सत्तापक्ष पर हमलावर रहीं।

विदित हो कि बुधवार को चारा घोटाले को लेकर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने सदन में लालू परिवार पर तंज कसा था जिसकी वजह से आज राजद के सदस्यगण काफी नाराज नजर आए। राबड़ी ने रामविलास पासवान पर भी काफी तंज कसा और कहा कि वे तो हमेशा ही इधर-उधर करते रहते हैं। जिनकी सत्ता रहती है उनके पास ही जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here