सिकटी—पलासी पुल क्षतिग्रस्त, सरफराज से इसबार हिसाब लेंगे लोग

0

अररिया : सिकटी को पलासी से जोड़ने वाला लोहे का पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। घोड़ा चौक के पास बने इस पुल पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। पुल के क्षतिग्रस्त होने की दशा में इस पथ पर कभी भी आवागमन थम सकता है। स्थानीय लोग पुल के गड्ढे में ईंट-मिट्टी आदि डालकर आवागमन कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सिकटी प्रखंड को पलासी से जोड़ने वाले सिकटी विलायती बाड़ी पथ पर स्थित पुल का ऊपरी भाग ढलाई टूट जाने के कारण गड्ढे में तब्दील हो चुका है। इस स्थान पर कई बार लोग दुर्घटना के शिकार होकर घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में इस होकर बहने वाली नदी पर वर्ष 2006-07 में लोहे के पुल का निर्माण कराया गया था। अनुरक्षण के अभाव में पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। जिसके चलते अनाज लदे भारी वाहनों के आवागमन में व्यवधान पैदा हो रहा है। चालक मजबूरन जोखिम उठाकर पुल से आवागमन कर रहे हैं। पुल का अधिकांश भाग क्षतिग्रस्त रहने के चलते कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक जी ने चुनाव से पूर्व वादा किया था कि पुल निर्माण तो महज मामूली बात है, इतना विकास होगा कि लोग देखते रह जायेंगे पर सब बकवास निकला।
सबसे ज्यादा नाराजगी अररिया सांसद सरफराज आलम से है। लोगों का कहना है कि पिता के देहांत के बाद पब्लिक सिमपैथी पर राजद से सांसद तो बन गये सरफराज साहब पर काम कुछ नहीं किया। उनके सारे वादों—इरादों की फुलझड़ियां फुस्स होती दिख रही है। लोगों का कहना है कि सिकटी विधानसभा ही नहीं, सम्पूर्ण अररिया लोकसभा क्षेत्र भगवान भरोसे चल रहा है। सबकुछ कागजों में ही दिखाई देता है। बाद बाकी विकास नाम की चिड़िया अररिया वासियों को आजतक दिखाई नहीं दी कि वह कैसी होती है।
संजीव कुमार झा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here