शिवराज चौहान ने बिहार में भाजपा सदस्यता अभियान को दिया धार

0

पटना : पार्टी सदस्यता अभियान को धार देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम व सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराज सिंह चौहान आज बिहार दौरे पर हैं। भाजपा ने इस अभियान को ‘संगठन महापर्व’ नाम दिया है। कार्यक्रम की शुरुआत सोनपुर (छपरा ) के पास स्थित गंगाजल गाँव से की गई। गंगाजल हाईस्कूल में समारोह की शुरुआत से पहले श्री चौहान ने पौधरोपण कर पर्यावरण सरंक्षण के प्रति अपने दायित्व को पूरा करने का सन्देश दिया और नागरिकों को पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प दिलाया।
सोनपुर में सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के बच्चे मुझे मामा कहते हैं, तो बिहार वालों का भी मामा हुआ। इतना कहते ही कार्यकर्ताओं ने शिवराज मामा जिंदाबाद के नारे लगाए। इसी बीच देश के गृह राज्यमंत्री व बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि हमको मामा मंजूर नहीं। यहाँ शिवराज भैया स्वीकार होगा। इसके बाद भाजपा को ज़बरदस्त जीत दिलाने के लिए धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व महागठबंधन वाले कहते थे कि भाजपा का इस बार सफाया हो जाएगा। लेकिन परिणाम आने के बाद उन्हीं का सूपड़ा साफ़ हो गया। राजद का तो खाता भी नहीं खुला। कॉग्रेस पर प्रहार करते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि उसका अध्यक्ष ही पार्टी छोड़कर भाग गया। अगर कोई जहाज डूबता है तो कप्तान अंत तक टिका रहता है। लेकिन कांग्रेस का तो कप्तान ही जहाज छोड़कर भाग गया। मौके पर चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी व अमित शाह की तारीफ़ में जमकर कसीदे पढ़े तथा लोगों से कहा कि भाजपा सभी वर्गों को जोड़ने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि अगर सारे देशवासी एक-एक कदम आगे बढ़ाते हैं तो देश 130 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा और सारे देशवासी मिलकर देश का निर्माण करेंगे।
इसके बाद शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंचे जहां कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा महज एक राजनैतिक दल नहीं है। भाजपा का विस्तार केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं हुआ है, बल्कि देश निर्माण के लिए हुआ है। बाकी अन्य दल केवल चुनाव जीतने और सत्ता सुख के लिए राजनीति करते हैं। जनकल्याण के लिए नहीं। उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में विकास, जनकल्याण, संपन्न भारत, समृद्ध भारत व एक शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी लोगों की पार्टी है। अन्य पार्टी सिर्फ परिवार की पार्टी है, चाहे वह कांग्रेस हो या बिहार में राजद। लेकिन भाजपा विचारों पर चलने वाली पार्टी है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सांसद राजीव प्रताप रूडी, बिहार सरकार में मंत्री नंदकिशोर यादव, डॉ प्रेम कुमार, मंगल पांडेय समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

राहुल कुमार

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here