शेखपुरा में मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, चार की मौत

0

नालंदा/शेखपुरा : शेखपुरा जिले के कोरमा थानांतर्गत कुरौनी मोड़ के समीप आज तड़के हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार मजदूरों की मौत हो गयी। इस हादसे में 35 अन्य मजदूरों के भी गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। हादसा तब हुआ जब टाल क्षेत्र में मसूर के फसल की कटनी करने जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अचानक पलट गया। हादसे में एक ही गांव के 4 मजदूर जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरूष शामिल हैं, मारे गए। घायलों में अधिसंख्य महिलाएं हैं। सभी घायलों का इलाज शेखपुरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है जिनमें 8 की हालत बेहद गंभीर बताई जाती है। कोरमा पुलिस के अनुसार कटारी गांव के किसान जनार्दन सिंह मजदूरों को मसूर की फसल काटने के लिए बेलौनी टाल ले जा रहे थे। इसी क्रम में ट्रैक्टर चालक विजय पंडित ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलट गया। दुुर्घटना में कटारी गांव के चंदराम का पुत्र बबलू राम, अर्जुन मांझी की विवाहिता लालपरी देवी, प्रसादी मांझी की पत्नी मुनिवती देवी एवं शिव शंकर पंडित की विवाहिता पार्वती देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे वहां के वार्ड सदस्य अर्जुन पासवान ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी फसल की कटनी करने गांव से मजदूर एकसाथ जा रहे थे। दुर्घटना में गुलेश्वर मांझी, रेखा देवी, रवि मांझी, राजू मांझी, प्रीतम देवी, विक्रम कुमार, सूरज कुमार समेत अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। अस्पताल में भी घायलों के पहुंचते ही अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। बेड के अभाव में मरीजों को जमीन पर भी लिटा कर इलाज किया गया। सिविल सर्जन डॉ मृगेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि घायलों की स्थिति ठीक है। आवश्यकता पड़ने पर पटना रेफर किया जा सकता है। जिला अधिकारी इनायत खां एवं अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने अस्पताल पहुंच कर हालात का जायजा लिया और समुचित इलाज के निर्देश दिये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here