शादी में ‘दंगल’ के लिए क्यों मशहूर हो रहा सारण?

0

सारण : इस बार का लगन सारण में शादी के लिए शुभ साबित नहीं हो रहा। विवाह के दौरान यहां जो ‘दंगल’ वाले सीन सामने आ रहे हैं, वे तो कुछ इसी तरफ इशारा कर रहे हैं। बीते दिन जहां तरैया में ठीक सिंदुरदान के समय एक दूल्हे द्वारा अनाप—शनाप हरकत के बाद भड़के लड़की वालों ने पूरी बारात को बंधक बना लिया और शादी टूट गई तो दरियापुर में जयमाल के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मुफस्सिल के नैनी में एक अन्य बारात में लड़का और लड़की पक्ष के बीच जमकर मारपीट होने की खबर है। आइए जानते हैं सारण में शादी की बर्बादी का क्या है आलम।

पहली शादी : बराती बने बंधक, टूटा रिश्ता

कल यानी गुरुवार को तरैया थाना क्षेत्र के सरैया रत्नाकर गांव में आई बारात में द्वार पूजा व मंगल कार्यों के बीच सिंदूरदान के समय दूल्हे द्वारा अनाप—शनाप बकना महंगा पड़ा। दुल्हन पक्ष के लोगों का कहना था कि लड़का मंदबुद्धि का है। सिंदूर दान करने से इनकार कर रहा है। पूछे जाने पर लड़के ने बताया कि अगर हम सिंदूर लगाएंगे तो अनहोनी हो सकती है। लड़का या लड़की में से कोई मर सकता है। इसलिए सिंदूर नहीं लगाएंगे। काफी मान—मनौव्वल के बाद बात नहीं बनी तो लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे सहित परिजनों को बंधक बना लिया। कुछ बाराती भागने में सफल रहे। मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों का लेनदेन वापस करने के बाद दूल्हे सहित परिजनों को छोड़ा गया।

swatva

दूसरी शादी : लड़का—लड़की पक्ष में मारपीट

छपरा जिलांतर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में आई बारात में बैठने को लेकर बरातियों और सरातियों के बीच जमकर मारपीट हो गयी। इसमें 4 लोग घायल हो गए। घायलों में शामिल धर्मेंद्र कुमार यादव, पंकज कुमार राय तथा अवधेश कुमार राय एवं सुनील राय का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने मे प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें लाठी डंडे तथा फरसे से वार कर जानलेवा हमले का दोनों पक्षों ने एकदूसरे पर आरोप लगाया है।

तीसरी शादी : फायरिंग में युवक जख्मी

छपरा जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के रामपुर चौकी गांव निवासी गुजेश्वर प्रसाद यादव के पुत्र सौरभ कुमार की बारात में जयमाला के समय मस्ती और डांस के बीच की गयी हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवक को गोली लग गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को बरातियों ने घटनास्थल से अन्यत्र इलाज कराया। बरातियों ने दबाव देकर लड़की की भी विदाई करा ली। लेकिन किसी ने सूचना पुलिस को दे दी जिसने घटनास्थल का दौरा जांच शुरू की है। बारात वैशाली जिला के राजापाकर गांव निवासी लालदेव राय के यहां से आयी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here