​बक्सर की तर्ज पर दिल्ली में भी सनातन संस्कृति समागम

0

बक्सर/नयी दिल्ली : बक्सर की तर्ज पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में भी सनातन संस्कृति समागम और धर्म संसद का आयोजन किया जाएगा। यह पांच दिवसीय आयोजन 6 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच दिल्ली के छतरपुर मंदिर में किया जाएगा। इसमें धर्मसंसद के अलावा विश्वगुरु भारत तथा​ पूरे विश्व की शांति के लिए महायज्ञ का भी कार्यक्रम है। केंद्रीय मंत्री एवं बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस सनातन संस्कृति समागम में देश के विभिन्न राज्यों से अनेकों प्रतिष्ठित संत-महात्मा पधारेंगे।

छतरपुर मंदिर में 5 दिवसीय कार्यक्रम : अश्विनी चौबे

दिल्ली में एक प्रेस वार्ता में श्री चौबे ने बताया कि सनातन संस्कृति समागम का आयोजन श्रीराम कर्मभूमि न्यास सिद्धाश्रम बक्सर एवं नमो सद्भावना समिति हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। इस पांच दिवसीय सनातन संस्कृति समागम में पहले दिन धर्म संसद लगेगा और अगले 4 दिनों तक पांच तत्वों पर आधारित हवन कुंड में यज्ञ एवं पूजन होगा। जबकि 6 अप्रैल को भव्य हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के पूर्व 11 सौ महिलाएं इस सनातन समागम के निमित शोभायात्रा निकालेंगी।

swatva

6 अप्रैल से धर्म संसद व विश्वगुरु भारत के लिए महायज्ञ

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रकृति व संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए भी एक लोक मंथन का आयोजन किया गया है। इस दौरान श्री अन्न के प्रति लोगों में जागरूकता आए, इसे ध्यान में रखकर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। नमो सद्भावना समिति के महासचिव मुरली कृष्ण ने बताया कि कोरोना महामारी से विश्व की रक्षा के लिए 2 साल से विश्व शांति महायज्ञम का आयोजन किया जा रहा है। भारत ने कोरोना काल में आगे बढ़कर पूरे विश्व की मदद की। इस बार विश्व में शांति समृद्धि के साथ-साथ भारत विश्व गुरु बने, इसके लिए यह महायज्ञ हो रहा है। इसमें दक्षिण और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में प्रकांड विद्वान यज्ञ कराएंगे और धर्म संसद का आयोजन होगा। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। पत्रकार वार्ता के दौरान विश्व हिंदू परिषद के दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष कपिल खन्ना, बाबा नंद मिश्रा जी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here