रालोसपा कार्यकर्ताओं पर पटना में लाठीचार्ज

0

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा रालोसपा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किये जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे रालोसपा के कार्यकर्ताओं पर आज पुलिस ने पटना में जमकर लाठीचार्ज किया।
रालोसपा के कार्यकर्ताओं ने आज राजधानी पटना में बड़ी संख्या में उपेन्द्र कुशवाहा के खिलाफ नीतीश कुमार की कथित टिप्पणी के विरोध में मार्च निकाला। मार्च के डाकबंगला चौराहा पर पहुंचते ही वहां बड़ी संख्या में मुस्तैद पुलिस जवानों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोक-झोंक हुई।
पुलिस के रोकने के बावजूद कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर आमादा थे। पुलिस के समझाने के बावजूद वे नहीं माने। कार्यकर्ता राजभवन का घेराव करने के लिये जैसे ही आगे बढने लगे तभी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में कई कार्यकर्ता घायल हो गये।
पुलिस लाठी चार्ज में घायल हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राजधानी के गार्डिनर रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिये अलग-अलग निजी अस्पतालों में ले जाया गया है।
मार्च के दौरान रालोसपा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री श्री कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता श्री कुमार से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुशवाहा को नीच कहे जाने पर माफी मांगने की मांग कर रहे थे। जब तक श्री कुमार अपने बयान पर माफी नहीं मांग लेते तब तक कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा ।
इसबीच पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शंकर आजाद और प्रवक्ता फजल इमाम मल्लिक ने आरोप लगाया कि रालोसपा के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से मार्च कर रहे थे तभी पुलिस ने बेरहमी से लाठी चार्ज किया। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है। लाठी के बल पर इसे दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस लाठी चार्ज में सौ से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here