रजौली में ट्रकों से अवैध वसूली करता जवान गिरफ्तार

0

नवादा : नवादा के उग्रवाद प्रभावित रजौली थाना क्षेत्र के पटना-रांची राजमार्ग 31 पर चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर अवैध वसूली करते होमगार्ड जवान को थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुजय विद्यार्थी ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। जवान की गिरफ्तारी के बाद चेकपोस्ट पर कार्यरत अन्य जवानों में अफरा-तफरी मच गई।
थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर चेक पोस्ट पर छापेमारी की गई। इस दौरान होमगार्ड जवान आदित्य सिंह को ट्रक से अवैध वसूली करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार होमगार्ड जवान के पास से 650 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार जवान नरहट का रहने वाला है। इस बाबत थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बताते चलें कि दो दिनों पूर्व रजौली चेक पोस्ट पर होमगार्ड जवानों के द्वारा अवैध वसूली करने का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसकी जांच का जिम्मा थानाध्यक्ष को दिया गया था। जांच के दौरान उन्होंने रंगेहाथ होमगार्ड जवान को गिरफ्तार कर लिया और इसकी सूचना पुलिस के वरीय पदाधिकारी को रात में ही दे दी। गौरतलब हो कि रजौली चेक पोस्ट पर तैनात होमगार्ड जवान झारखंड की ओर से आने वाले ओवरलोड गिट्टी लदे ट्रकों से 10 और 20 रुपये अवैध रूप से वसूली करते हैं।
बता दें पूर्व में भी एएसपी अमृतेन्दु शेखर ठाकुर ने चेक पोस्ट पर छापेमारी कर दो होमगार्ड जवान को अवैध वसूली के रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। उसके बाद भी होमगार्ड जवान अपने आदतों में सुधार लाने को तैयार नहीं थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here