पत्नी की हत्या कर साली से रचाई शादी, दहेज न मिला तो उसे भी मार डाला

0

नवादा : दहेज दानवों की एक अचंभित करने वाली करतूत नवादा जिलांतर्गत अकबरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में सामने आई है। यहां दहेज की खातिर एक परिवार ने अपनी दो बहुओं को जलाकर मार डाला। दोनों सगी बहनें थी और आठ साल के अंतराल पर एक ही पुरुष से दोनों की शादी हुई थी। आरोप है कि 2009 में बड़ी बहन प्रियंका की हत्या हुई और अब कंचन की। पिता चंद्रमणि सिंह ने प्रियंका-कंचन के सास-ससुर समेत सात के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। चंद्रमणि लखीसराय जिला में बड़हिया गांव के निवासी हैं।
प्राथमिकी के मुताबिक सन् 2003 में प्रियंका की शादी गोपालपुर में सकिद्र सिंह के पुत्र अमित कुमार के साथ हुई थी। प्रियंका को एक पुत्र हुआ। उसके बाद से मायके से दहेज लाने के लिए उस पर दबाव पड़ने लगा। 2009 में उसकी हत्या कर दी गई। ससुराल वालों ने बीमारी से मौत हो जाने की जानकारी दी।
बकौल चंद्रमणि, पारिवारिक व सामाजिक दबाव में वर्ष 2011 में उन्होंने अपनी दूसरी पुत्री कंचन कुमारी की शादी उसी लड़के यानी अमित से कर दी। कंचन को एक पुत्र और एक पुत्री हुई। शादी के आठ साल बाद ससुराल वाले दहेज के लिए कंचन को भी प्रताड़ित करने लगे। अंतत: उसकी हत्या कर शव को जला दिया। 17 जुलाई को बेटी की मौत की सूचना के बाद जब चंद्रमणि गोपालपुर पहुंचे तो अमित के सारे परिजन फरार मिले।
चंद्रमणि ने प्राथमिकी में कंचन के ससुर सकिद्र सिंह, सास सावित्री देवी, गोतनी शोभा देवी के अलावा सुदामा सिंह, प्रमोद सिंह, बब्लू सिंह और झूम सिंह को नामजद किया है। पति अमित आरोपितों में नहीं है। थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वरीय पदाधिकारियों के आदेश के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here