पटना : बेखौफ अपराधियों ने राजधानी पटना में रविवार की सुबह अपने घर के बाहर खड़े एक पूर्व वार्ड पार्षद को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर भून डाला। वारदात पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर में हुई। सरेआम संजीवनी अस्पताल के निकट हत्याकांड को अंजाम दिये जाने से सारे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व वार्ड पार्षद नागेश्वर राय संजीवनी अस्पताल के पास स्थित अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी अचानक बाइक पर सवार कुछ हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से हथियार लहराते हुए फरार हो गए। मृतक पटना नगर निगम के पूर्व पार्षद थे। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है कि हत्या की इस घटना को किन कारणों से अंजाम दिया गया।