पश्चाताप यात्रा निकाल ‘जंगलराज’ के कुकर्मों का प्रायश्चित करें तेजस्वी : भाजपा

0

छपरा : संविधान बचाओ यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत करने छपरा पहुंचे तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि तेजस्वी को सबसे पहले अपने माता— पिता के 15 साल के कुशासन में संविधान और न्याय व्यवस्था के साथ किए गए उपहास के लिए ‘पश्चाताप यात्रा’ निकालनी चाहिए। बिहार की जनता अभी भी वह कालखंड भूली नहीं है जब लूट, हत्या, बलात्कार इत्यादि सरेआम हो रहे थे और अपहरण तथा राहजनी तो बिहार में उद्योग का रूप ले चुका था। दिन में भी लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल था। न्यायव्यवस्था ने भी उस सरकार को ‘जंगल राज’ घोषित कर सुधार का आदेश दिया था। पूरी दुनिया में बिहार की बदनामी हो रही थी। बिहार में कोई भी व्यवसायी, कारोबारी उद्योग—धंधा लगाने की सोच भी नहीं सकता था। व्यापारी वर्ग बिहार छोड़कर दूसरे राज्यों में चला गया। इसलिए तेजस्वी को अगर बिहार में राजनीति करनी है तो पहले जिन्होंने पशुओं का चारा स्कूटर पर ढोया, उन्हें अपनी पार्टी के अध्यक्ष पद से मुक्त कर देना चाहिए।

उसके बाद जनता के बीच उन 15 वर्षों में हुए गलत काम के लिए क्षमा मांगते हुए पश्चाताप यात्रा निकालनी चाहिए। अगर 2005 में बिहार में नीतीश और सुशील मोदी की सरकार नहीं बनी होती तो आज सड़कों पर धान रोपे जा रहे होते। किंतु सुशील मोदी और नंदकिशोर यादव के प्रयास से बिहार की सभी सड़कें विकसित राज्यों के समतुल्य हो रही हैं तथा केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना तथा अन्य योजनाओं की बदौलत गांव में भी तेजी से सड़कों का निर्माण हो रहा है। लालू—राबड़ी शासन में छपरा से पटना जाने में 5 घंटा लगता था आज डेढ़ घंटे में छपरा से लोग पटना पहुंच रहे हैं और डेढ़ घंटे में ही मुजफ्फरपुर। यह सब नीतीश, सुशील, नंद किशोर, मंगल पांडे एवं राजीव प्रताप रूडी जैसे नेताओं के प्रयास का प्रतिफल है।

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here