पटना : भाजपा नेता मंगल पांडेय ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस अब गुजरे जमाने की पार्टी हो गई है। इसलिए देश और प्रदेश में उसकी वापसी दूर-दूर तक संभव नहीं है। चिंतन शिविरों में आत्ममंथन कर रही कांग्रेस वापसी का जो दिवास्वप्न देख रही है। वह कभी पूरा नहीं होने वाला है। कांग्रेस पहले अपनी बैशाखी को मजबूत करे, तब मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखे।
मंगल पांडेय ने कहा राजगीर में चली दो दिवसीय नवसंकल्प चिंतन शिविर में कांग्रेस का यह कहना कि बीजेपी-जेडीयू की दोस्ती जल्द टूटेगी, कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है। पहले वह अपने गठबंधन की गांठ को मजबूत करे, उसके बाद एनडीए को नसीहत दे। महागठबंधन में खटपट जगजाहिर है और एनडीए की दोस्ती अटूट है। महागठबंधन में जिस कदर कांग्रेस को नजरअंदाज किया जा रहा है, वह किसी से छुपा नहीं है। लक्षणों से ऐसा प्रतीत होता है कि यदि कांग्रेस नहीं संभली तो आगामी लोस और विस चुनावों में कांग्रेस की हालत खस्ता रहेगी।
बिहार के कांग्रेसी हमेशा कहते हैं कि कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलेगा और उनकी भावनाओं को आलाकमान तक पहुंचाया जायेगा, लेकिन कार्यकर्ताओं का सपना दिल्ली नहीं पहुंच आधे रास्ते में ही टूट जाता है। कांग्रेस नेता कहते हैं कि संगठन की मजबूती से कांग्रेस पुराने गौरव को पाएगी, लेकिन क्या परिवारवाद, वंशवाद एवं तुष्टीकरण कांग्रेस का पुराना गौरव है या फिर आकंठ भ्रष्टाचार और घोटाला को बढ़ावा देना ही कांग्रेस की परंपरा है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस का हाल यह है कि बिहार और झारखंड में अपमानित होने के बाद भी अपनी नीति और नीयत में कोई बदलाव नहीं कर पा रही है। कांग्रेस में नीति का अभाव हो गया है। केवल एक परिवार अपनी साख बचाने के लिए केंद्र की सरकार पर बेवजह आरोप लगाती है। उसका मकसद केवल सत्ता सुख भोगना रहा है।
देश में लंबे समय तक राज करने के बावजूद आज भी कई मामले में देश और प्रदेश पीछे रह गया है। कांग्रेस ने न केवल तुष्टीकरण, बल्कि घोटालों की राजनीति की है। इसका परिणाम है कि कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ कांग्रेस आलाकमान भी अदालत का चक्कर लगा रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर अग्रसर है और सभी को उचित सम्मान के साथ न्याय भी मिल रहा है।