अब गुजरात भाजपा का संगठन संभालेंगे रत्नाकर, जायसवाल ने बताया श्रेष्ठ संगठनकर्ता

0

पटना : बिहार भाजपा के सह संगठन महामंत्री रत्नाकर को गुजरात भाजपा का संगठन महामंत्री बनाया गया है। यानी रत्नाकर को प्रोमोशन मिला है। सबसे पहले रत्नाकर उत्तरप्रदेश भाजपा में काशी प्रान्त के सह संगठन महामंत्री थे। इसके बाद बिहार चुनाव 2020 के बाद उन्हें बिहार भाजपा में सह संगठन महामंत्री का पद दिया गया था और उनका केंद्र मुजफ्फरपुर था। यानी मिथिलांचल व सीमांचल या यूं कहें उत्तर बिहार में भाजपा को मजबूत करने का दायित्व सौंपा गया था।

हालांकि, कुछ महीने बाद ही उनका कार्यक्षेत्र बदलकर बिहार से गुजरात भेजा गया। चर्चाओं की मानें तो वे जब बिहार के सह संगठन महामंत्री नियुक्त हुए थे, तो उस समय यह बातें कही जा रही थी कि कुछ समय बाद उन्हें बिहार का संगठन महामंत्री बनाया जा सकता है। लेकिन, बिहार तो नहीं उन्हें गुजरात का संगठन महामंत्री बनाया गया। इससे पहले भीखूभाई दलसाणिया गुजरात भाजपा के संगठन का काम देखते थे।

swatva

रत्नाकर को गुजरात भाजपा का संगठन महामंत्री बनाये जाने पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने रत्नाकर को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इतने कम समय में जिस प्रकार की छाप उन्होंने बिहार प्रदेश के सह संगठन मंत्री के रूप में बनाई है वह अमिट है। हर कार्य को एक समय सीमा में करना और सभी को लिखित रूप से सूचीबद्ध करने की पद्धति जो उनकी थी वह किसी भी संगठन को एक श्रेष्ठ संगठन में बदलने के लिए काफी है।

इतने कम समय में उत्तर बिहार के सभी जिलों में उनका प्रवास हो चुका था और सभी की अच्छाइयों को बताना एवं जिले संगठन में जो कमियां रह गई हैं, उनको शांति से दूर करके उन कार्यों को एक निश्चित समय में करवा लेने की उनकी क्षमता बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के भविष्य के लिए सदैव काम आएगी ।

इतना शीघ्र उनके बिहार से जाने का दुख भी है पर गुजरात का संगठन मंत्री बनने पर हमे गर्व भी है कि बिहार के सह संगठन मंत्री अब गुजरात संभालेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर उन्होंने जो कार्य जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय प्रभारियों को दिया है वह कार्य हम सब मिलकर एक समय सीमा में निश्चित तौर पर पूर्ण करेंगे। उनकी कमी बिहार प्रदेश को बहुत खलेगी पर जीवन का सिद्धांत है चरैवेति चरैवेति।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here