नीतीश कुमार अकर्मण्य, सुशील भाड़े के प्रवक्ता : डा. अखिलेश सिंह

0

अरवल : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब से भाजपा के साथ आए हैं, तब से वे विकास छोड़कर भ्रष्टाचार की बात करने लगे हैं। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी नीतीश सरकार के भाड़े का प्रवक्ता बन गए हैं। वे गया में अपराधियों के सामने हाथ जोड़कर क्षमा याचना कर रहे हैं। उक्त बातें राज्य सभा सदस्य और बिहार प्रदेश कांग्रेस प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं। उन्होंने कहा कि अरवल मेरी जन्म भूमि है। 21 अक्टूबर को डॉ श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह में भाग लेने के लिए अपने चाचा, भाइयों एवं अभिभावकों से अपील करने आया हूं। आज यहां लोग सामाजिक न्याय की बातें कर रहे हैं। डॉ श्रीकृष्ण सिंह अपने मुख्यमंत्रीत्व काल में ही जात—पात से ऊपर उठकर इक्यावन (51) दलितों को देवघर मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करवाए थे। उन्होंने सरदार पटेल से मिलकर बिहारी के खिलाफ जमींदारी प्रथा को समाप्त कराया। डॉ श्रीकृष्ण सिंह ने बरौनी, बोकारो ,हटिया, डालमियानगर जैसी फैक्ट्री को चालू करवाकर हजारों लोगों को रोजगार दिया। आज सूबे के मुख्यमंत्री उद्योग लगाने की बात करते हैं। कहां उद्योग लगा और कहां बेरोजगारी दूर हुई। नैतिकता के आधार पर नीतीश कुमार को त्यागपत्र देना चाहिए। आप सभी लोग अरवल से चलकर पटना आकर डॉक्टर श्री कृष्ण जी की जयंती में शामिल होकर मेरा आत्मबल बढ़ाएं ताकि अरवल का नाम बिहार में ऊपर आए। डॉक्टर अखिलेश सिंह ने कहा कि गुजरात में बिहारियों को जिस तरह से भगाया जा रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए। भाजपाई कह रहे हैं कि कांग्रेसी नेताओं द्वारा इस तरह से किया जा रहा है। मैं वैसे नेता की निंदा करता हूं जो समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। सिर्फ मजदूरों को ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ इस तरह के कारनामे हो रहे हैं। लेकिन अमित शाह और नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं। बिहारी कभी अपमान नहीं चाहता है। यदि बिहारी जागेगा तो दोनों नेताओं को बिहार में नहीं घुसने दिया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर परिषद अध्यक्ष नित्यानंद सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष धनंजय शर्मा, राजद अध्यक्ष रामाशीष रंजन, हम अध्यक्ष सुनील शर्मा, मुन्ना शर्मा, निसार अख्तर अंसारी, कमलेश्वर सिंह, शंभू यादव, मोइनुद्दीन, नईम खां, कामेश्वर शर्मा, बूटन शर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।
(कृष्ण बल्लभ नारायण सिंह)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here