नवादा डीएम कार्यालय के समीप हुए फायरिग में दो गिरफ्तार

0

नवादा : नवादा जिला मुख्यालय में मंगलवार को दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो को जख्मी कर हाथ में पिस्‍टल लहराते निकल भागने वालों में से दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फायरिंग की  घटना के पीछे आपसी दुश्‍मनी बतायी जा रही है।

बता दें नवादा कलेक्ट्रेट के ठीक सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के नीचे 11 बजे दिन में हुई इस घटना के बाद लोग गिरते-पड़ते भागे थे। सीसीटीवी में लोगों की दहशत के साथ ही अपराधी की पहचान पुलिस ने की थी। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

swatva

गंभीर रूप से घायल प्रिंस पटना रेफर :

बताया जाता है कि बेखौफ अपराधियों ने नगर के प्रसाद बिगहा मोहल्ला निवासी नवीन केशरी के पुत्र प्रिंस कुमार पर गोलियां बरसाईं। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे गया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के भुसुंडा निवासी सेवानिवृत प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सरोज कुमार पांडेय के दाहिने हाथ में भी गोली लग गई। वे भी जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद प्रिंस को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। वहीं सरोज अपना इलाज कराने गया लौट गए।

आधा दर्जन राउंड हुई फायरिंग :

घायल प्रिंस के परिजनों ने बताया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ पीएनबी की तरफ गया था। तभी उसी बैंक की गली में रहने वाले दिनेश सिंह के पुत्र कुंदन कुमार अपने अन्य साथियों के साथ वहां हथियार लेकर पहुंचा और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दी। आधा दर्जन राउंड फायरिंग की गई है। इसमें प्रिंस के हाथ व पेट में गोली लगी। इधर, दूसरे घायल सरोज ने बताया कि वे कोर्ट में अपने काम से नवादा आए थे। समाहरणालय में कुछ काम निबटाने के बाद कोर्ट जा रहे थे। तभी उन्हें भी गोली लगी।

दो को पुलिस ने किया गिरफ्तार :

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी मुख्यालय महेंद्र कुमार बसंत्री, नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार, डीआइयू की टीम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी वहां पहुंच गए। इस दौरान बैंक का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। जिसमें आरोपित सरेआम गोली चलाते दिख रहा था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित के घर पर छापेमारी की, लेकिन आरोपित नहीं मिला। पुलिस ने उसके मां-पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था। कुछ घंटे बाद पुलिस ने आरोपित कुंदन व एक अन्य साथी कुंदन उर्फ कारू को गिरफ्तार कर लिया है।

कहते हैं अधिकारी :

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश में गोली मारी गई है। जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच चल रही है। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य संलिप्ततों के बारे में पता लगाया जा रहा है, महेंद्र कुमार बसंत्री, एएसपी मुख्यालय, नवादा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here