नरेंद्र मोदी का विपक्ष पर ‘बजट स्ट्राइक’

0

मध्य व निम्न आय वर्ग, किसान—मजदूरों के आ गए ‘अच्छे दिन’

नई दिल्ली/पटना : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने शुक्रवार को अपने मौजूदा कार्यकाल के आखिरी बजट में मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग, किसान, मजदूर सभी को एकसाथ चहकने का मौका दिया। अरुण जेटली की अनुपस्थिति में पीयूष गोयल ने बतौर वित्त मंत्री अंतरिम बजट पेश किया। इसमें आयकर छूट की सीमा पांच लाख कर दी गई यानी 5 लाख तक की करयोग्य आय को टैक्स फ्री करने का ऐलान किया गया। कर मुक्त ग्रैच्युटी की सीमा भी 20 लाख से बढ़ाकर 30 लाख कर दी गई। साथ ही छोटे किसानों की मदद के लिए सरकार अब सालाना 6 हजार उनके खातों में डालेगी। असंगठित क्षेत्रों के कर्मचारियों के लिए 3 हजार मासिक पेंशन योजना का भी ऐलान सरकार ने किया।

आयकर छूट 5 लाख करने से वेतनभोगी खुश

मोदी सरकार ने चुनावी साल में अपने आखिरी बजट में किसान, मजदूर, कारोबारी और वेतनभोगी, सभी वर्गों का खास ध्यान रखा। सबसे अहम रहा 5 लाख रुपये तक के इनकम पर छूट। अब 5 लाख रुपए तक की इनकम टैक्स फ्री होगी।

swatva

किसानों—मजदूरों के चेहरे पर आई चमक

सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि स्कीम को मंजूरी दी। इसके तहत छोटे किसानों के खाते में हर साल 6000 रुपये आएंगे। यह स्कीम 1 दिसंबर 2018 से लागू होगी और करीब 12 करोड़ किसान परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। इस योजना का लाभ किसानों को तीन किस्तों में मिलेगा। इस योजना के तहत 2 हेक्टेयर तक की जमीन रखने वाले किसानों को डायरेक्ट इनकम सपोर्ट देने के लिए 6 हजार रुपये प्रति वर्ष सीधे खाते में भेजा जाएगा। यही नहीं, आपदा पीड़ित किसानों को ब्याज दर में 5 फीसदी की छूट मिलेगी और समय पर कर्ज चुकाने वाले किसानों को 3 परसेंट अतिरिक्त छूट मिलेगी। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए भी महज 100 रुपए अंशदान लेकर 3000 रुपए पेंशन की व्यवस्था इस अंतरिम बजट में की गई है।

विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक वाला बजट : सुशील मोदी

केंद्र सरकार द्वारा पेश अंतरिम बजट समाज के सभी वर्गों को स्पर्श करता है। खासकर मध्य वर्ग, किसान, असंगठित मजदूर एवं युवाओं के लिए यह बहुत ही लाभकारी है। केसीसी अब डेयरी फर्म के लिए भी दिया जाएगा। असंगठित मजदूरों के लिए पेंशन योजना की बात कही गई है। यह बजट विपक्ष पर एक सर्जिकल स्ट्राइक है विपक्ष की बोलती बंद हो गई है। आयकर छूट की सीमा 5 लाख करना और किसानों के लिए नई योजना के तहत प्रतिवर्ष 6000 उनके खाते में देना ऐतिहासिक कदम है। इसके लिए हमारे प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री धन्यवाद के पात्र हैं।

सबके सपनों को पूरा करनेवाला बजट : नित्यानंद

केंद्र सरकार के अंतरिम बजट पर प्रतिक्रियाएं भी मिलने लगी हैं। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने बजट को सर्वहितकारक बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी और कार्यवाहक वित्तमंत्री पीयूष गोयल को धन्यवाद दिया। बजट को ऐतिहासिक बताते हुए नित्यानंद राय ने संतोष व्यक्त किया कि सरकार ने किसानों, मजदूरों और मध्यवर्गीय वेतनभोगियों का काफी ध्यान रखा है। किसान और खेती इस सरकार की सोच के केंद्र में रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजना किसानों के लिए बेहद लाभप्रद है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘आयकर की सीमा 2.5 लाख रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए करना ऐतिहासिक और स्वागतयोग्य कदम है। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए महज 100 रुपए अंशदान लेकर 3000 रुपए पेंशन की व्यवस्था सोचना काफी प्रगतिशील और कल्याणकारी कदम है। असंगठित क्षेत्र के करोड़ों मजदूरों के लिए यह चिर-प्रतीक्षित सपने के साकार होने जैसा है।

बजट देख विपक्ष की सिट्टी—पिट्टी गुम : सच्चिदानंद राय

नरेंद्र मोदी सरकार का अंतरिम बजट मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग व गरीबों को खुशहाल बनाने के साथ ही जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान के नारे को व्यावहारिक धरातल पर उतारने का एक सार्थक प्रयास है। साथ ही इस बजट में समाज के सभी वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है। आज जैसे ही वित्त मंत्री श्री पियुष गोयल ने बजट पेश किया, विपक्षी दलों की सिट्टी—पिट्टी गुम हो गई। बजट के केंद्र में भारत के किसान और मजदूर हैं। दो हेक्टेयर से कम जमीन वाले किसानों के खाते में सरकार ने वर्ष में 6000 रूपए देने का प्रावधान किया है। इससे किसान को राहत मिलेगी। अनुदान के माध्यम से किसानों को राहत देने की योजनाएं भ्रष्टाचार की बलि चढ़ती रही हैं। प्रधानमंत्री की सोच है कि किसानों को पैसा सीधे उनके खाते में जाएगा तो उसमें भ्रष्टाचार की कहीं गुजाइश नहीं रहेगी। बजट की घोषणा से 12 करोड़ किसान परिवारों में खुशी का माहौल है। वहीं आयकर की सीमा ढाई लाख से बढ़ाकर पांच लाख करके मोदीजी ने कामकाजी लोगों को बहुत बड़ी राहत दी है। वहीं असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए 100 रूपए अंशदान के बदले 3000 रूपए पेंशन की व्यवस्था भी सराहनीय है। कुल मिलाकर यह बजट सभी के चेहरे पर चमक बिखेरेगा। कल्याणकारी बजट के लिए सबका साथ सबका विकास की नीति पर दृढ़ रहने वाले हमारे प्रधानमंत्री व कार्यकारी वित्तमंत्री का अभिनंदन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here