नमाज़ के समय विवाह गीत बंद नहीं करने पर किया हमला, महिला व बच्चों को भी नहीं बख्शा

1

मधुबनी : जयनगर अनुमण्डल अंतर्गत देवधा थाना के देवधा कुम्हार टोली में दो समुदायों के बीच भीषण हिंसक झड़प हुई है। घटना देवधा मध्य पंचायत के वार्ड संख्या-5 में बड़ी मस्जिद के पास का है। एक समुदाय के यहाँ विवाह होने के कारण गीत बज रहा था। लड़के के यहाँ से बारात निकलने की तैयारी शुरू थी कि अचानक उस परिवार की प्रसन्नता पर मजहबी उन्मादी भीड़ टूट पड़ी।

गीत सुबह से ही बज रहा था और दोपहर 01 बजे विवाह वाले घर के नजदीक स्थित मस्जिद से दूसरे समुदाय के कुछ लोग आए और अचानक रौबदार आवाज में गीत बन्द करने का दवाब बनाने लगे और कहने लगे कि आज शुक्रवार है और जुम्मा का नमाज है इसीलिए गीत बन्द करो। गीत बन्द करने का दवाब बनाने पर एक समुदाय के उस व्यक्ति ने आवाज कम कर दिया, फिर भी दूसरे समुदाय की मजहबी भीड़ ने एकाएक उस परिवार के लोगों पर हमला कर दिया और घर में घुसकर महिलाओं के साथ बदतमीजी और मारपीट किया। इतना ही नहीं विवाह की तैयारी के लिए बाजार से खरीददारी कर लाये सामान को बिखेड़ दिया और कुछ सामान लूट भी लिये।

swatva

घर में विवाह का माहौल होने के कारण महिलाएं ही थी और बच्चे खेल रहे थे। एकाध लोग बाहर में थे तो अधिकतर पुरूष सदस्य विभिन्न कार्यों, बारात जाने की व्यवस्था के कारण बाहर थे। पुरुषों की गैरमौजूदगी में समुदाय विशेष की मजहबी भीड़ ने एक समुदाय के घर पर धावा बोल दिया और महिलाओं तथा बच्चों को पीटा और गालियां दी, बदसलूकी की। घर के एक पुरूष सदस्य को बेरहमी से पीटा और साउंड सिस्टम को तहस-नहस कर दिया। पूजा-पाठ के लिए रखे पूजन सामग्री को लात मारकर अपवित्र किया और इधर-उधर बिखेड़ दिया। जब तक उस व्यक्ति के अन्य पुरुष आने लगे तो समुदाय विशेष की मजहबी भीड़ मस्जिद में चली गई और मस्जिद के ऊपर छत पर से पत्थरबाजी-रोड़ेबाजी करने लगे।

अचानक मस्जिद के छत पर से समुदाय विशेष के मजहबी लोगों द्वारा किये जा रहे ईंट-पत्थर की भीषण रोड़ेबाजी से लग रहा था कि यह सब योजनाबद्ध तरीके से पत्थर इकट्ठा किया गया है। इस घटना में दो लोग घायल हुआ है। दोनों घायल एक ही समुदाय की एक महिला और एक पुरुष है, हालांकि स्थानीय थानाध्यक्ष ने दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति के घायल होने की बात कही है। घायलों में 21 वर्षीय रमेश कुमार और उसी समुदाय की महिला है। सभी घायलों को जयनगर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल से नजदीकी देवधा थाना लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है। घटना की जानकारी मिलने पर देवधा थाना पुलिस पहुँची और आवश्यक बल प्रयोग, घेराबंदी इत्यादि द्वारा स्थिति पर नियंत्रण किया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल हो गया और स्थानीय नेताओं ने पीड़ित परिवार पर समझौता करने का दवाब बनाया और कहा कि बर्दाश्त कर लो, हमलोग बातचीत कर रहे हैं।

वहीं घटना की जानकारी होने पर जयनगर के आरक्षी उपाधीक्षक वहाँ पहुँचे और पीड़ित परिवार के लोगों और गाँव के दोनों समुदायों के अन्य स्थानीय नेताओं को बुलाकर शांति समझौता करवाया। फिलहाल माहौल तनावपूर्ण हो जाने की आशंका को देखते हुए वहाँ दंडाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है।

क्या कहते हैं प्रशासनिक अधिकारी :

इस घटना के सम्बन्ध में देवधा के थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा से पूछने पर बताया कि एक समुदाय के एक परिवार में लड़के का विवाह होने के कारण विवाह गीत बज रहा था और आज बारात निकलने की तैयारी शुरू थी। उसी दौरान अचानक से दूसरे समुदाय की मजहबी भीड़ आकर गीत बन्द करने का दवाब बनाने लगी, और आवाज कम करने पर भी विशेष समुदाय नहीं माना। शुक्रवार का दिन था और जुम्मा होने के कारण वहाँ मस्जिद में नमाज के लिए इकट्ठी हुई। विशेष समुदाय की भीड़ ने उस परिवार पर हमला कर दिया। हमें ज्योंही घटना की जानकारी हुई हम सदल-बल पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और हमलोग गश्ती कर रहे हैं।

वहीं जयनगर के डीएसपी(आरक्षी उपाधीक्षक) सुमित कुमार से बात करने पर उन्होंने कहा कि हाँ, दो सम्प्रदाय के बीच का मामला है, झड़प हुई है लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है तथा हम उपद्रवियों की पहचान कर रहे हैं, और विभिन्न उपलब्ध स्रोतों, वीडियो इत्यादि के आधार पर भी उपद्रवियों को चिह्नित कर आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।

इस मामले पर जयनगर के अपर अनुमण्डल पदाधिकारी गोविंद कुमार ने बताया कि दो समुदायों का विवाद है। एक समुदाय के एक परिवार के ऊपर विवाह में बज रहे गीत को बन्द करने को कहा गया, जिसमें पूरी तरह बन्द नहीं करने पर दूसरे समुदाय(मजहब विशेष) की भीड़ ने परिवार पर हमला कर दिया और साउंड सिस्टम और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया है और महिलाओं से मारपीट-दुर्व्यवहार किया है। लेकिन दोनों पक्ष के लोगों को बुलाकर समझाया गया है और फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और वहाँ पर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है।

सुमित राउत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here